MP: दुर्दांत आरोपी शिकारियों का दिग्विजय से संबंध- VD, दिग्गी बोले- जांच कराएं

author-image
Shivasheesh Tiwari
एडिट
New Update
MP: दुर्दांत आरोपी शिकारियों का दिग्विजय से संबंध- VD, दिग्गी बोले- जांच कराएं

Bhopal. गुना में पुलिस टीम (Guna Police) पर गोलियां बरसाकर एक एसआई सहित तीन पुलिस कर्मियों की हत्या करने वाले दुर्दांत शिकारियों का संबंध राघौगढ़ (Raghogarh) किले से जोड़ते हुए बीजेपी (BJP) के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा (VD Sharma) ने पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह (Digvijay Singh) पर सीधा और बड़ा हमला किया है। शर्मा ने आरोप लगाया है कि शहीद हुए तीनों पुलिसकर्मियों की हत्या में शामिल आरोपियों के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के राघौगढ़ किले से नजदीकी संबंध हैं। उन्होंने इस मामले की जांच कराने की मांग की है। वहीं, जयवर्धन सिंह ने कहा कि वीडी शर्मा अब युवा मोर्चा नहीं, बल्कि भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष हैं। इसलिए उन्हें बोलने से पहले अपना सूचना तंत्र मजबूत करना चाहिए और प्रमाणित तथ्यों को ही मीडिया के सामने रखना चाहिए।   





पन्ना में आदिवासियों की जमीन और अवैध रेत खनन को लेकर कई बार एक-दूसरे के सामने आ चुके बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष शर्मा और पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह की राजनीतिक अदावत एक बार ​फिर सामने आई है। गुना में शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात को शिकारियों और पुलिस की मुठभेड़ की घटना को वीडी शर्मा ने कहा कि घटनास्थल विदोरिया गांव राघौगढ़ किले से लगा हुआ है। वहां से  बड़ी संख्या में हथियार भी मिले हैं। शर्मा ने पूछा है कि वहां ये हथियार कहां से आए? इसकी उच्चस्तरीय जांच होना चाहिए। उन्होंने कांग्रेस के पूर्व सीएम की ओर इशारा करते हुए सवाल भी उठाया है कि पुलिस पर गोलियां बरसाने वाले इन दुर्दांत अपराधियों को किसका संरक्षण हासिल है ? 





ये भी लगाए आरोप 





वीडी शर्मा ने पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह से जवाब मांगा है कि उन्हें आरोपी शिकारियों से अपना संबंध स्पष्ट करना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया है कि इन आपराधिक तत्वों को हमेशा दिग्विजय सिंह का संरक्षण मिलता रहा है। ये लोग क्षेत्र में लंबे समय से शिकार करते रहे हैं। सर्चिंग में विदोरिया गांव में बड़ी संख्या में हथियार मिले हैं। गांव वाले इनके राघौगढ़ किले से भी नजदीकी संबंध बता रहे हैं। शर्मा ने मांग की है कि जांच में यह बिंदु भी शामिल होना चाहिए कि आरोपियों के दिग्विजय सिंह से क्या संबंध हैं। 







— Dr. Abhilash Pandey (@abhilashBJPmp) May 14, 2022





हमेशा वीडी के निशाने पर रहते हैं दिग्विजय  





दिग्विजय सिंह और वीडी शर्मा हमेशा से ही एक- दूसरे पर गंभीर आरोप लगाते रहे हैं। गुना में पुलिस की शिकारियों की मुठभेड़ की घटना से पहले इन दोनों नेताओं में पन्ना में आदिवासियों की जमीनों पर कब्जे को लेकर खींचतान सामने आ चुकी है। दिग्विजय ने पन्ना (Panna) में आदिवासियों की जमीन पर कब्जा करने वाले युवा नेता को वीडी शर्मा का करीबी बताया था। उनके इस आरोप के बाद वीडी ने भी आदिवासियों की जमीन पर पूर्व सीएम के दामाद का कब्जा बताते हुए पलटवार किया था। वहीं हाल ही में खरगोन में दंगा-फसाद की घटना के बाद एक विवादित वीडियो ट्वीट कर भावनाएं भड़काने के आरोप लगाते हुए वीडी शर्मा ने दिग्विजय सिंह के खिलाफ बड़ा हमला बोला था। इसके बाद भोपाल में जिला बीजेपी अध्यक्ष सुमित पचौरी (BJP President Sumit Pachauri) ने एफआईआर (FIR) भी दर्ज कराई थी।





दिग्विजय ने कहा, घटना हमारे गुना के लिए शर्म की बात 





प्रदेश बीजेपी के मुखिया ने गुना के आरोन में घटित शिकारियों की वारदात को लेकर दिग्विजय सिंह को घेरने की कोशिश कर रही है। लेकिन पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के राज्यसभा सदस्य दिग्विजय सिंह ने शिकारियों की हमले में मारे गए पुलिसकर्मियों की घटना को गुना जिले के लिए शर्मनाक करार दिया है। उन्होंने इस घटना के बारे में ट्वीट कर लिखा है- हमारे गुना के लिए शर्म की बात है। इसके साथ ही उन्होंने पुलिस से अनुरोध किया है कि आरोपी अपराधियों की जांच कर इन्हें कठोर से कठोर सजा दिलाई जाए। उन्होंने सरकार से भी शहीद पुलिस कर्मियों के परिवार को उचित मुआवजा, अनुकंपा नियुक्ति औऱ बच्चों की उचित शिक्षा की व्यवस्था करने की भी मांग की है।







— digvijaya singh (@digvijaya_28) May 14, 2022





केंद्र-राज्य दोनों में बीजेपी सरकार, जरूर जांच कराएंः दिग्विजय 





दिग्विजय सिंह ने गुना की घटना के बारे में वीडी शर्मा के आरोप औऱ जांच की मांग पर ट्विटर के माध्यम से प्रतिक्रिया देते हुए लिखा है कि मैं सहमत हूँ। केंद्र में सरकार भाजपा की है। मप्र में भी सरकार भाजपा की है। भाजपा सरकार जरूर जाँच करवाए। इस घटना के लिए जो भी दोषी हों, उन्हें इस जघन्य अपराध करने की सख़्त से सख़्त सज़ा दें। मेरी पूरी सहानुभूति उन तीन निर्दोष कर्तव्यनिष्ठ पुलिस कर्मियों के परिवार के साथ है जिन्होंने शहादत दी है।





आरोन घटना पर जयवर्धन का बयान





मध्यप्रदेश के पूर्व मंत्री और राघौगढ़ विधायक जयवर्धन सिंह ने आरोन क्षेत्र में शिकारियों द्वारा की गई पुलिसकर्मियों की हत्या पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा है कि घटना बेहद दुखद है और निंदनीय है। यह वारदात सरकार और खुफिया तंत्र की नाकामी है। साथ ही जयवर्धन सिंह ने बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा के बयान पर भी नाराजगी जताई है। जयवर्धन सिंह ने कहा कि वीडी शर्मा अब युवा मोर्चा नहीं, बल्कि भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष हैं। इसलिए उन्हें बोलने से पहले अपना सूचना तंत्र मजबूत करना चाहिए और प्रमाणित तथ्यों को ही मीडिया के सामने रखना चाहिए। 







— Jaivardhan Singh (@JVSinghINC) May 14, 2022




कांग्रेस का बड़ा आरोप






कांग्रेस ने बीजेपी पर बड़ा आरोप लगाया है। मध्यप्रदेश कांग्रेस ने ऑफिशियली ट्विटर हैंडल से एक ट्वीट किया गया है। ट्वीट बीजेपी को घेरने के उद्देश्य से किया गया है, जिसमें कहा गया कि आरोपियों को बीजेपी के लोगों का संरक्षण है। इससे संबंधित कुछ फोटो भी शेयर किए हैं।







— Jaivardhan Singh (@JVSinghINC) May 14, 2022



BJP President Sumit Pachauri BJP FIR वीडी शर्मा बीजेपी Panna VD Sharma Digvijay Singh राघौगढ़ गुना पुलिस Guna Police दिग्विजय सिंह बीजेपी अध्यक्ष सुमित पचौरी एफआईआर Raghogarh पन्ना