धरने में दिग्गजों में तल्खी: दिग्विजय ने कमलनाथ से कहा- आपके थ्रू CM से मिलूंगा?

author-image
एडिट
New Update
धरने में दिग्गजों में तल्खी: दिग्विजय ने कमलनाथ से कहा- आपके थ्रू CM से मिलूंगा?

भोपाल. मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से मुलाकात के लिए राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह 21 जनवरी को धरने पर बैठे। श्यामला हिल्स (जहां मुख्यमंत्री आवास है) की सड़क पर करीब ढाई घंटे तक किसानों के साथ दिग्विजय सिंह का धरना चला। इस बीच पूर्व मुख्यमंत्री और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष (PCC Chief) कमलनाथ भी धरनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने दिग्विजय और उनके साथ मौजूद टेम-सुठालिया सिंचाई परियोजना से प्रभावित किसानों से चर्चा की। थोड़ी देर रुकने के बाद वे रवाना हो गए। लेकिन, इस बीच जो घटनाक्रम हुआ वो चौंकाने वाला है।





डेढ़ महीने से समय मांग रहा हूं: धरने पर बैठे कमलनाथ किसानों की बात सुन रहे थे। दिग्विजय उन्हें बता रहे थे कि कैसे और कब-कब उन्होंने मुख्यमंत्री को पत्र लिखे और मिलने का समय मांगा। दिग्विजय ने बताया कि वे बीते डेढ़ महीने से मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से मिलने का समय मांग रहे हैं। उन्होंने बताया कि 18 जनवरी को सीएम हाउस से उनके पास फोन आया था। सीएम से मुलाकात के लिए 21 जनवरी को सुबह 11.15 का समय निर्धारित किया गया था। 20 जनवरी को अचानक सीएम हाउस से दूसरा फोन आया और बताया गया कि मुख्यमंत्री के पास मिलने का समय नहीं हैं।   





दिग्विजय को That’s Good बोला और उठकर चल दिए कमलनाथ: जब दिग्विजय सिंह बता रहे थे कि कैसे मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान उन्हें मिलने का समय नहीं दे रहे। उसी दौरान कमलनाथ ने कह दिया कि वे (कमलनाथ) तो कभी मुख्यमंत्री शिवराज सिंह से मिलने के लिए समय नहीं मांगते। बात आगे बढ़ी तो कमलनाथ ने कहा कि 4 दिन पहले ही वे दिग्विजय सिंह से मिले थे, लेकिन उन्होंने इस बात का जिक्र भी नहीं किया कि वे मुख्यमंत्री से मिलना चाहते हैं। इस पर दिग्विजय बोल पड़े कि क्या अब आपके थ्रू (यानी कमलनाथ के जरिए) मुख्यमंत्री से मुलाकात करेंगे। जवाब में कमलनाथ ने दो बार That’s Good ( अच्छी बात है) कहा और धरनास्थल से उठकर चले दिए। इस पर दिग्विजय ने भी कह दिया आप जाइए, हम तो यहीं बैठेंगे। दोनों पूर्व मुख्यमंत्रियों के बीच ये तल्खी बता रही हैं कि कांग्रेस में सबकुछ ठीक नहीं चल रहा।





मीडिया पर झल्लाए कमलनाथ: जिस वक्त दिग्विजय सिंह श्यामला हिल्स की सड़क पर धरने पर बैठे थे, उसी दौरान सीएम शिवराज सिंह चौहान और कमलनाथ एक दूसरे से चर्चा कर रहे थे। एयरपोर्ट (स्टेट हैंगर) पर दोनों के बीच करीब 15 मिनट तक चर्चा हुई। कमलनाथ का कहना है कि सीएम शिवराज देवास के लिए रवाना होने वाले थे। इसी दौरान उनका (कमलनाथ का) हेलिकॉप्टर भी छिंदवाड़ा से भोपाल एयरपोर्ट पर लैंड हुआ, लिहाजा शिवराज से अचानक ही मुलाकात हो गई। इस मुलाकात को अलग नजरिए से देखा जा रहा हैं। पत्रकारों ने जब पूछा कि सीएम के पास दिग्विजय सिंह से मुलाकात का टाइम नहीं है और लेकिन आपकी मुलाकात आसानी से हो रही है। इस सवाल के जवाब पर कमलनाथ झल्ला गए, उन्होंने फिर एक बार कहा कि अचानक ही मुलाकात हो गई थी। 





फॉर्म में दिखे दिग्विजय: पूरे धरने के दौरान दिग्विजय जबर्दस्त एग्रेशन में नजर आए। एक पुलिस अफसर से कहा कि आप मुझे कानून मत समझाइए, जब मैं मुख्यमंत्री था, तब आप पुलिस सेवा में भी नहीं आए थे। दिग्विजय ने मोबाइल स्पीकर पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह के प्रमुख सचिव (IAS) मनीष रस्तोगी को भी फोन लगाया, लेकिन उन्होंने उठाया नहीं। इस पर दिग्विजय ने कहा कि आप बता दीजिए, उन्हीं को फोन लगा लूंगा।



कमलनाथ दिग्विजय धरना सीएम हाउस प्रदर्शन कांग्रेस Digvijay Dharna Digvijay Singh Bhopal CONGRESS Kamal Nath दिग्विजय सिंह भोपाल Cm house Protest