/sootr/media/post_banners/d07a075900d8d20d7db2cb76c4926b3473166a29cc4ca5f9d165b75583fcf670.jpeg)
रुचि वर्मा, BHOPAL. भारत में अफ्रीकी चीतों के नए बसेरे मध्य प्रदेश के श्योपुर जिले स्थित कूनो राष्ट्रीय उद्यान से पिछले दिनों ऐसे खबरे आ रहीं थी कि नेशनल पार्क में आई आशा नाम की मादा चीता गर्भवती है। देश और राज्य के कई प्रमुख समाचार पत्रों और न्यूज़ चैनल्स ने इस खबर को जोर-शोर से दिखाया था। हालाँकि, मध्य प्रदेश के प्रधान मुख्य वन संरक्षक जे एस चौहान ने द सूत्र से हुई बातचीत में इस दावे को सिरे से खारिज करते हुए इसे फेक न्यूज़ और अफवाह करार दिया है।
17 सितंबर को लाए गए 8 चीते, 2 हफ़्तों बाद ही फ़ैल गई मादा चीते के गर्भवती होने की खबर
बता दें, कि नामीबिया से आठ चीतों को - जिनमें से पांच मादा और तीन नर हैं - को लाकर भारत में मध्य प्रदेश के श्योपुर जिले स्थित कूनो राष्ट्रीय उद्यान (KUNO NATIONAL PARK) में बसाया गया है। इन्हें पीएम नरेंद्र मोदी ने कूनो राष्ट्रीय उद्यान में 17 सितंबर को छोड़ा था। इसके करीब दो हफ्ते बाद ही कई मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि एक मादा चीता गर्भवती है
ऐसा मुमकिन नहीं, सभी खबरें फेक न्यूज़: जे एस चौहान, प्रधान मुख्य वन संरक्षक
प्रधान मुख्य वन संरक्षक जे एस चौहान ने कहा: "ऐसा मुमकिन नहीं है क्योंकि सभी चीते अभी अलग-अलग बाड़ो में रह रहे हैं और अभी तक इनको एक साथ रखा नहीं गया है। ऐसा भी नहीं है कि मादा चीता नामीबिया से ही गर्भवती हो क्योंकि ऐसा होता तो कम-से-कम वन विभाग को तो इस बात की जानकारी होती ही। न ही चीता का ऐसा कोई मेडिकल टेस्ट किया गया है जिससे ये पता चले कि वो गर्भवती है। जिन भी समाचार-पत्रों या न्यूज़ चैनल्स ने ऐसा दिखाया है..तो वो फेक न्यूज़ ही है।"
चीता कंजरवेशन फंड की डॉक्टर लॉरी मार्कर ने भी कहा कि यह बात पुख्ता नहीं
मादा चीते के गर्भवती होने की इन तथाकथित खबरों के बाद चीता कंजरवेशन फंड (Cheetah Conservation Fund) की डॉक्टर लॉरी मार्कर ने कहा था कि: "हो सकता है कि चीता गर्भवती हो लेकिन हम यह बात पुख्ता तौर पर नहीं कह सकते।"
अब मादा चीते के गर्भवती होने की खबर भले ही फेक न्यूज़ निकली...पर यह खबर लोगों के बीच चर्चा का विषय जरूर बन गई थी। देशवासियों और वन विभाग के अधिकारियों को भी चीतों के कुबने के बढ़ने का बेसब्री से इंतजार है, पर अब लगता है कि अभी उन्हें इंतज़ार करना होगा।