बुरहानपुर. जिले के नेपानगर इलाके में बीती रात को चांदनी-बोरसल मार्ग पर फिल्मी अंदाज में बदमाशों ने लूट की वारदात को अंजाम दिया। 8-10 नकाबपोश बदमाशों ने पेड़ों की टहनी से रास्ता ब्लॉक करके 4 गाड़ियों को लूट का शिकार बनाया। लूट के दौरान बदमाशों के हौंसले इतने बुलंद थे कि उन्होंने एक पुलिस वाले को न सिर्फ लूटा बल्कि बंधक भी बनाया।
डकैतों ने 4 वारदात को अंजाम दिया
बुरहानपुर SP राहुल कुमार लोढा ने बताया कि नकाबपोश बदमाशों ने 4 लोगों को अपनी लूट का शिकार बनाया। आरोपियों ने चाकू की नोंक पर 60 हजार रूपए की नकदी और सोने चांदी के जेवरों पर अपना हाथ साफ किया। लूट के शिकार नेपानगर के व्यापारी मयूर ने बताया कि उन्होंने एक के बाद 4 लोगों से लूट की। लुटेरों ने वहां से गुजर रहे एक पुलिसकर्मी को भी लूटा।
मारपीट कर गाड़ियों के शीशे तोड़े
बदमाशों ने लूट के दौरान लोगों से जमकर मारपीट की। इसके अलावा उन्होंने गाड़ियों के शीशे भी तोड़े। घटना के बाद से ही व्यापारी खौफजदा है। पुलिस ने घटनास्थल पर जांच के बाद 8-10 अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।