SATNA: रामपुर बघेलान में पूर्व विधायक के बेटे तो नागौद में बहू मैदान में, अन्य में कई माननीयों के करीबी भी लड़ा रहे चुनावी किला

author-image
Sachin Tripathi
एडिट
New Update
SATNA: रामपुर बघेलान में पूर्व विधायक के बेटे तो नागौद में बहू मैदान में, अन्य में कई माननीयों के करीबी भी लड़ा रहे चुनावी किला

SATNA. नगरीय निकाय के दूसरे और अंतिम चरण के लिए मतदान 13 जुलाई को होगा। दूसरे चरण में जिले की इकलौती नगर पालिका मैहर समेत नगर पंचायत रामपुर बाघेलान, कोटर, नागौद, अमरपाटन और रामनगर में पार्षद पद के लिए वोट डाले जाएंगे। नगरीय निकाय के दूसरे चरण के चुनाव में कई राजनैतिक घरानों की प्रतिष्ठा दांव पर लगी हुई है। रामपुर बाघेलान और नागौद में जहां क्रमश: पूर्व विधायक के बेटे और बहू चुनावी समर में हैं, वहीं दोनों जगह पर मौजूदा विधायक से करीबी भी चुनावी किला लड़ा रहे हैं। नागौद नगर पंचायत महिला के लिए अनारक्षित है। इसलिए अध्यक्ष बनने के लिए क्षेत्र के वर्तमान और पूर्व विधायक के परिवार की महिलाएं चुनावी मैदान में हैं। नगर पंचायत के वार्ड क्र. 8 से पूर्व विधायक यादवेन्द्र सिंह की बहू प्रतिभा सिंह चुनाव लड़ रही हैं। प्रतिभा पूर्व जिला पंचायत सदस्य यातेन्द्र सिंह की पत्नी एवं जबलपुर (पाटन) के पूर्व विधायक शोभरण सिंह की बेटी हेैं। वार्ड क्र. 6 से भाजपा की कामांक्षा चुनाव मैदान में हैं। कामांक्षा 2009 में नगर पंचायत नागौद की अध्यक्ष भी रह चुकी हैं और 2004 में इसी वार्ड से निर्विरोध पार्षद भी चुनी गई थीं। कामांक्षा के पति हाल ही में उचेहरा जनपद की तुषगवां ग्राम पंचायत के निर्विरोध सरपंच चुने गए हैं।



वैसे तो नगर पंचायत अध्यक्ष के अघोषित उम्मीदवार वार्ड क्र. ....6 एवं .8... से चुनावी मैदान में हैं लेकिन ज्यादातर लोगों की नजरें नगर पंचायत के वार्ड क्र. चार पर टिकी हुई हैं। इस वार्ड से भाजपा की टिकट की दावेदारी कर रहीं प्रतीक्षा सिह पत्नी दीपेन्द्र सिंह निर्दलीय चुनाव लड़ रही हैं। इस वार्ड में भाजपा और कांग्रेस को उम्मीदवार नहीं मिले लिहाजा दोनो ही दलों दूसरे वार्डों में निवासरत लोगों को मैदान में उतारा है। अनारक्षित वार्ड से भाजपा ने जहां वार्ड क्र. 6 के निवासी व नगर पंचायत के पूर्व उपाध्यक्ष ओम प्रकाश पांडेय को टिकट दी है तो कांग्रेस ने वार्ड क्र. 3 की निवासी सीमा सिंह को टिकट दी है। सीमा के पति भी नगर पंचायत के पूर्व उपाध्यक्ष रह चुके हैं। इतना ही नहीं वार्ड क्र. 9 से कांग्रेस के युवा नेता चन्द्र प्रभा मिश्रा भी चुनाव मैदान में हैं। पन्द्रह वार्डों वाली नागौद नगर पंचायत में चार वार्ड 4, 5, 8 और 13 अनारक्षित हैं, लेकिन कांग्रेस ने इन चार वार्डों में से भी वार्ड में सामान्य पुरुष को टिकट नहीं दी है। कांग्रेस ने इन चारों वार्डों में उन्हें उम्मीदवार बनाया गया है उनमें वार्ड क्र. चार से सीमा सिंह, पांच से मधुमिता सिंह (ये नगर पंचायत की पूर्व उपाध्यक्ष रह चुकी हैं) वार्ड 8 में प्रतिभा सिंह एवं 13 में पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष मो. हामिद के भाई मो. नफीस को टिकट दी है।



रामपुर बाघेलान नगर परिषद: यहां अध्यक्ष से ज्यादा उपाध्यक्ष के लिए मारा-मारी नजर आ रही है। 15 वार्डों वाली रामपुर नगर पंचायत में उपाध्यक्ष बनने के लिए कई दिग्गज चुनावी समर में हैं, इनमें वार्ड क्र. 14 से भाजपा उम्मीदवार के रूप में भाजयुमो के पूर्व जिला अध्यक्ष अमित सिंह चुनावी समर में हैं। अमित क्षेत्र के पूर्व विधायक प्रभाकर सिंह के बेटे हैं, तो वार्ड क्र. 15 से नगर पंचायत के पूर्व अध्यक्ष शत्रुंजय प्रताप सिंह कांग्रेस से चुनाव लड़ रहे हैं। इनके अलावा नगर पंचायत के दो पूर्व उपाध्यक्षों के परिजन जहां चुनावी मैदान में हैं वहीं रामपुर नगर पंचायत में जिस वार्ड पर सबकी निगाहे हैं वह वार्ड क्र. सात है। यहां से रामपुर विधायक विक्रम सिंह के निज सचिव शिवमोहन सिंह पटेल की पत्नी दीपिका सिंह चुनावी समर में हैं। माना जा रहा है कि ओबीसी के लिए आरक्षित नगर पंचायत के लिए भाजपा की तरफ से वार्ड क्र. 7 से उम्मीदवार दीपिका, 2 से पार्टी की प्रत्याशी रामसखी कचेर एवं 8 से प्रत्याशी नीतू दिलीप सोनी चुनाव जीतने पर भाजपा उम्मीदवार हो सकती हैं। तो कांग्रेस की तरफ से वार्ड क्र. 8 से चुनाव लड़ रही रानी कचेर को अध्यक्ष का दावेदार माना जा रहा है।



रामनगर नगर परिषद: दूसरे चरण में रामनगर नगर पंचायत में भी वोट डाले जाने हैं। महिला के लिए आरक्षित सीट में नगर पंचायत के पूर्व अध्यक्ष राम सुशील पटेल वार्ड क्र. 11 और उनकी पत्नी सुशीला वार्ड क्र. 2 से चुनाव मैदान में हैं जबकि भाजपा मंडल अध्यक्ष सूरज गुप्ता की मां सुधा गुप्ता वार्ड क्र. 12 से चुनाव मैदान में हैं।



कोटर नगर परिषद:  ओबीसी मुक्त इस नगर पंचायत में वार्ड क्र. पांच से कांग्रेस के प्रदेश सचिव अजीत सिंह कोटर चुनाव मैदान में तो वार्ड क्र. 13 से पूर्व नगर पंचायत उपाध्यक्ष प्रभाकर तिवारी वार्ड क्र. 13 एवं राजेन्द्र गौतम वार्ड 6 से चुनाव लड़ रहे हैं।



मैहर नगर पालिका : जिले की इकलौती नगर पालिका मैहर में भाजपा- कांग्रेस के कई दिग्गजों की प्रतिष्ठा दांव पर है। यहां वर्तमान व पूर्व अध्यक्ष भी चुनावी मैदान में हैं। ओबीसी महिला के लिए आरक्षित मैहर नगर पालिका में 24 वार्ड हैं। इनमें चुनावी किला लड़ा रहे दिग्गजों की बात करें तो पिछड़ा वर्ग मोर्चा के पूर्व जिला अध्यक्ष सत्यभान सिंह पत्नी सुषमा सिंह वार्ड 5 से चुनाव लड़ रही हैं तो वर्तमान अध्यक्ष संतोष सोनी की पत्नी गीता सोनी वार्ड क्र. एक से चुनाव मैदान में है तो भाजपा से जुड़े अन्य बड़े नामों की बात करें तो नगर पालिका के पूर्व उपाध्यक्ष महेश दरियानी वार्ड 15 से एवं पार्टी के पूर्व मंडल अध्यक्ष अशोक चौबे वार्ड 21 से मैदान में हैं। यदि बात कांग्रेस की हो तो पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष धर्मेश घई के बेटे ध्यानेश घई वार्ड क्र. 15 से, नगर पालिका की पूर्व उपाध्यक्ष संतोष चौरसिया वार्ड 6 से तो पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष ललिता चौरसिया निर्दलीय वार्ड क्र. पांच से चुनाव लड़ रही हैं। इतना ही नहीं पूर्व विधानसभा प्रत्याशी वीरेंद्र कुशवाहा की बहू वार्ड क्र. 4 से चुनाव मैदान में हैं।



अमरपाटन नगर परिषद: अनारक्षित अमरपाटन नगर पंचायत में ज्यादा चर्चित चेहरे मैदान में नहीं हैं। यहां वार्ड क्र. एक से अमरपाटन भाजपा मंडल के अध्यक्ष धीरेन्द्र द्विवेदी भक्कन की पत्नी प्रतिमा द्विवेदी चुनाव लड़ रही हैं, तो वार्ड क्र. 9 से नगर पंचायत के पूर्व अध्यक्ष राकेश ताम्रकार एवं अमरपाटन नगर पंचायत के एक और पूर्व अध्यक्ष आजाद कुमार जैन के बेटे अगम जैन वार्ड क्र. 14 से चुनाव मैदान में हैं।


former MLA सतना न्यूज़ Satna news in hindi Mp letest news in hindi Mp urban body election 2022 SATNA NAGAR NIKAY CHUNAV Nagar panchayat chunav सतना नगर निकाय चुनाव एमपी अर्बन बॉडी इलेक्शन 2022 नगर पंचायत चुनाव Amarpatan news
Advertisment