/sootr/media/post_banners/e4a71b4710ba2f41a88649dad3cd2abf61d1ca03051564224fa84d97401d2692.jpeg)
Bhopal. बालाघाट के लांजी से पूर्व विधायक किशोर समरीते को दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार किया है। दिल्ली पुलिस ने समरीते को भोपाल के कोलार के आर्चड पैलेस से पकड़ा है। इस कार्रवाई को लेकर भोपाल पुलिस का कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। हालांकि उच्च अधिकारियों ने इसकी पुष्टि की है।
ट्रांजिट रिमांड पर दिल्ली ले गई पुलिस
बताया जा रहा है कि दिल्ली पुलिस ने भोपाल पुलिस को इस मामले की जानकारी नहीं दी है। दिल्ली ATS और IB उन पर नजर रख रही थी। फिलहाल अभी पुलिस की कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। पुलिस पूर्व विधायक समरीते को दिल्ली लेकर रवाना हो गई है। पुलिस किशोर समरीते को ट्रांजिट रिमांड पर दिल्ली ले गई है।
सेंट्रल विस्टा को बम से उड़ाने की धमकी
दरअसल, पूर्व विधायक किशोर समरीते ने सेंट्रल विस्टा को बम से उड़ाने की धमकी दी थी। समरीते ने क्षेत्र की समस्याओं का हल नहीं निकलने पर बकायदा स्पीकर को पत्र लिखकर धमकी दी थी। समस्या को लेकर केंद्र सरकार को पत्र लिखा था। पत्र में बम से उड़ाने की धमकी दी थी। रायसीना पहाड़ी से इंडिया गेट तक, राजपथ के किनारे स्थित भारत की राजधानी नई दिल्ली के केंद्रीय प्रशासनिक क्षेत्र को "सेंट्रल विस्टा" कहा जाता है। इसी मामले में दिल्ली पुलिस ने किशोर समरीते के खिलाफ आपराधिक प्रकरण दर्ज कर लिया था और आज उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। बताया जाता है कि किशोर समरीते ध्यान खींचने के लिए कई बार कानूनी मर्यादाओं का उल्लंघन कर देते हैं।
ब्राह्मण समाज के जिलाध्यक्ष को धमकाने का आरोप
इससे पहले ब्राह्मण समाज के जिलाध्यक्ष राजेश पाठक के साथ ब्लैकमेलिंग कर उन्हें धमकाने के मामले में गिरफ्तार किया गया था। उन्हें भी जेल भी भेजा गया। राजेश पाठक की रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपी किशोर समरीते के खिलाफ केस दर्ज किया गया था। पूर्व विधायक के खिलाफ राजेश पाठक पर अवैध वसूली के लिए दबाव बनाने, हत्या के झूठे आरोप में फंसाने का डर दिखाकर ब्लैकमेल करने, हत्या की धमकी देकर वसूली करने और घर में घुसकर धमकाने के संबंध में शिकायत की गई थी। किशोर समरीते लांजी के पूर्व विधायक स्व. दिलीप भटेरे की हत्या के प्रयास में भी आरोपी हैं।
डकैती में जेल में बंद रहते हुए एमएलए बने थे समरीते
हमेशा विवादों में रहने के आदी सपा के पूर्व विधायक किशोर समरीते दो दशक से राजनीति में सक्रिय हैं। किशारे समरीते तब मध्यप्रदेश की राजनीति में तेजी से चमके थे, जब उन्होंने नवंबर 2007 में बालाघाट जिले की लांजी विधानसभा उपचुनाव जेल में रहकर जीत लिया था, वे एक दिन भी प्रचार पर नहीं गए और साढ़े तीन हजार वोटों से जीतकर प्रदेश की राजनीति में अपना अलग मुकाम बना लिया।