सिवनी के पेंच में टाइगर ने दिखाई धौंस, तेंदुए के शिकार को छीना, जन्मजात दुश्मनी होती है इन दो प्रजातियों में

author-image
Rajeev Upadhyay
एडिट
New Update
सिवनी के पेंच में टाइगर ने दिखाई धौंस, तेंदुए के शिकार को छीना, जन्मजात दुश्मनी होती है इन दो प्रजातियों में

Seoni, Vinod Yadav. सिवनी के पेंच टाइगर रिजर्व के खबासा बफर क्षेत्र में पर्यटको को वन्य प्राणियों की गतिविधियों का दुर्लभ नजारा देखने को मिला है। बताया जा रहा है एक तेंदुआ बंदर का शिकार करने के बाद कुछ देर के लिए आराम कर रहा था। तभी वहां पर जंगल का राजा बाघ आ गया। जिसके बाद बाघ के डर से तेंदुआ पेड़ पर चढ़ गया और बाघ ने तेंदुए द्वारा किये गए शिकार पर कब्जा जमा लिया। बाघ अपने जबड़े में शिकार को दबा कर अपने साथ ले गया। पेड़ पर चढ़ा बैठा तेंदुआ मूकदर्शक बनकर अपनी आंखों से यह घटनाक्रम देखता रहा।



बताया जा रहा है बाघ के डर से यह तेंदुआ करीब 2 घण्टे तक पेड़ पर चढ़ा रहा। टाईगर के काफी दूर चले जाने के बाद तेंदुआ पेड़ से उतरा। यह पूरा घटनाक्रम पर्यटकों के सामने हुआ। पर्यटक इस पूरे घटना क्रम को देख कर खासा रोमांचित हो गए और पर्यटको द्वारा बनाये गए इस घटना क्रम का वीडियो भी सामने आया है। इसके अलावा पेंच टाइगर रिजर्व ने इस घटना की पुष्टि भी की है।



publive-image



जन्मजात दुश्मनी रहती है अलग-अलग कुल के प्राणियों में



वन्यप्राणी विशेषज्ञों की मानें तो विडाल प्रजाति की बिल्लियों में एकदूसरे के साथ जन्मजात दुश्मनी होती है। यही कारण है कि अव्वल तो तेंदुए उस इलाके में जाते ही नहीं जहां टाइगर की मूवमेंट रहती है और यदि तेंदुआ बाघों की पकड़ में आ गया तो उसकी जान बच जाए इसकी प्रत्याशा बेहद कम रहती है। अफ्रीका के जंगलों में भी सिंह यही हाल चीतों और तेंदुओं का करते हैं। और तो और साइबेरिया के जंगलों में भी साइबेरियन बाघ हिम तेंदुओं के साथ ऐसा ही व्यवहार करते हैं। 



घटना स्वाभाविक लेकिन पर्यटकों के सामने होने से दुर्लभ वाकया



वैसे तो जंगल में इस प्रकार की घटना एकदम स्वाभाविक है लेकिन पर्यटकों की मौजूदगी में ये दृश्य देखने को मिल जाना एकदम दुर्लभ है। इसलिए पेंच प्रबंधन ने भी पर्यटकों द्वारा बनाए गए वीडियों के बाद घटना की पुष्टि कर दी है। 


TIGER SANTCHED LEOPARD'S HUNT seoni तेंदुए के शिकार को छीना Pench Tiger Reserve सिवनी के पेंच में टाईगर ने दिखाई धौंस