कटनी पुलिस 3 राज्य घूमी, नेपाल में 24 दिन रही, करोड़ों की चोरी के 2 आरोपी अरेस्ट

author-image
Atul Tiwari
एडिट
New Update
कटनी पुलिस 3 राज्य घूमी, नेपाल में 24 दिन रही, करोड़ों की चोरी के 2 आरोपी अरेस्ट

कटनी. यहां की पुलिस ने 3 करोड़ 17 लाख की चोरी के पहले पार्ट का खुलासा किया है। पुलिस ने 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामले में 10 आरोपी बताए जा रहे हैं। पुलिस का दावा है कि बचे 8 आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल पुलिस ने करीब 20 लाख की चोरी का खुलासा किया है।





आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस टीम ने कई प्रदेशों समेत नेपाल तक का दौरा किया। इनमें झारखंड, गुजरात, पश्चिम बंगाल समेत अन्य स्थान शामिल हैं। पुलिस की सर्चिंग अभी भी जारी है। लंदन की पुलिस को स्कॉटलैंड यार्ड पुलिस कहा जाता है। ये अपने खास तरीके से तेजी से मामले सुलझाने के लिए दुनियाभर में विख्यात है। कटनी पुलिस ने मामले को सुलझाने में जितनी तेजी और सजगता दिखाई, उससे भारत में भी स्कॉटलैंड यार्ड की संभावनाएं जन्म लेती हैं।





ज्वेलरी शॉप में हुई थी चोरी: कटनी एसपी सुनील कुमार जैन ने बताया कि 19 जनवरी को रवि पाहूजा ने थाना माधवनगर में रिपोर्ट की थी कि अज्ञात चोरों ने उसकी तांगा स्टैंड स्थित संगीता ज्वेलर्स में पीछे से दीवार तोड़कर गैस कटर से आलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवरात समेत नकदी चुराई गई। पाहूजा ने चोरी गए जेवरात की लिस्ट भी पुलिस को दी थी।





ऐसे शुरू हुई तफ्तीश: मामले की गंभीरता देखते हुए एसपी ने घटनास्थल का निरीक्षण कर अधिकारियों को निर्देश दिए। जांच में पता चला कि ज्वेलर्स की दुकान के बगल में करीब 8 दिन पहले दो लोगों ने किराए पर कमरा लिया था। दोनों लोग चोरी की वारदात के बाद से ही गायब थे। कमरे की जांच करने पर संगीता ज्वेलर्स से संबंधित नकली आभूषण रखने की डिब्बियां और अन्य सामान कमरे में मिला। कमरे में दोनों किराएदार और उनका सामान गायब था। उनका मकान मालिक से किरायानामा देखने पर दिनेश रावल (निवासी- शांति बाई की चाल, वापी, गुजरात) और गोविंद बहादुर सावद (निवासी- शांतडा अछाम, नेपाल) के नाम सामने आए। एसपी ने एक ASP, DSP और दो TI विजय विश्वकर्मा और संजय दुबे की अगुआई में टीम गठित की। पता चला कि चोरी की ऐसी घटनाएं साहिबगंज (झारखंड) के लोगों द्वारा नेपाली लोगों के साथ मिलकर की जाती हैं।





ऐसे चला पुलिस अभियान: पुलिस की एक टीम झारखंड के साहिबगंज, एक टीम गुजरात के वापी और एक टीम नेपाल भेजी गई। झारखंड गई टीम को पता चला कि पियारपुर और पलाशगाछी के कुछ लोग मध्य प्रदेश से सोना चुराकर लाए हैं। आरोपियों का मिलान सीसीटीवी फुटेज से भी किया गया। पलाशगाछी से हाशिम रजा को गिरफ्तार किया गया। हाशिम ने एक आरोपी के बंगाल में होने की बात कही। एक टीम न्यू जलपाईगुड़ी (पश्चिम बंगाल) भेजी गई, जहां आरोपी खालिद शेख को अरेस्ट किया गया। उधर, नेपाल गई टीम ने भी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबाव बनाया और वहां से गहने जब्त किए और फरियादी को वापस किए।





ये सामान जब्त: सोने के कंगन- 2, सोने का छोटा कड़ा-1, सोने की अंगूठी- 14, सोने के टॉप्स-19, सोने का लॉकेट- 21, सोने का झुमका- दो, लंबे झुमके- 3, सोने का ब्रेसलेट, सोने का मंगलसूत्र- 10, सोने की चेन- 5, सोने का मंगलसूत्र- 2, सोने के मंगलसूत्र- 5, सोने की कनचढ़ी- 6, सोने के सिक्के- 4, सोने की लौंग-11, सोने की चेन- 8, सोने की अंगूठी- 5, सोने की अंगूठी बाली- 2, भगवान विष्णु की चांदी की मूर्ति- 1, चांदी का ब्रेसलेट- 1, चांदी के बाले- 2, चांदी की अंगूठी- 1, 17 जोड़ी चांदी की छोटी बड़ी पायल, 4 नग चांदी की सिंगल पायल और एक सोने की चेन। अब तक पुलिस ने करीब 450 ग्राम सोना और 1.5 किलो चांदी जब्त कर चुकी है।





ये था मामला: माधवनगर थाना क्षेत्र में मुख्य बाजार में 18-19 जनवरी की दरमियानी रात चोरी के मामला सामने आया था। बदमाशों ने गैस कटर के से संगीता ज्वेलर्स में सेंधमारी कर तिजोरी काटकर 3 करोड़ 17 लाख रुपए से ज्यादा की चोरी की वारदात को अंजाम दिया था।



MP एमपी पुलिस MP Police Jharkhand झारखंड मध्य प्रदेश Gujarat Katni कटनी गुजरात West Bengal पश्चिम बंगाल Jewelery ज्वेलरी Theft चोरी सर्चिंग searching nepal नेपाल