KHANDWA: किशोर कुमार के जन्मदिन के दिन ही मनेगा जिले का गौरव दिवस, प्रशासन और नागरिकों ने तय किया

author-image
The Sootr CG
एडिट
New Update
KHANDWA: किशोर कुमार के जन्मदिन के दिन ही मनेगा जिले का गौरव दिवस, प्रशासन और नागरिकों ने तय किया

शेख रेहान, KHANDWA. भारतीय सिनेमा के हरफनमौला कलाकार किशोर कुमार के जन्मदिन 4 अगस्त पर ही खंडवा का गौरव दिवस मनाना तय किया गया है। किशोर कुमार खंडवा में ही जन्मे थे और उनका अंतिम संस्कार भी खंडवा में ही हुआ था। इसी को लेकर खंडवा के नागरिकों और प्रशासन ने जिले का गौरव दिवस उन्ही के जन्म दिवस पर मनाना तय किया है। 





मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने घोषणा की थी कि प्रदेश की हर जिले तहसील, ब्लाक और गांव में गौरव दिवस मनाया जाए। इसमें स्थानीय महापुरुषों के जन्म दिवस, तीज त्योहार या परंपराओं को ध्यान में रखते हुए समाज की सहभागिता शामिल की जाए। 





हर जगह खुद को खंडवा का बताते थे किशोर





हिंदी फिल्मों के सुरों के सम्राट किशोर कुमार ने हमेशा ही खंडवा का गौरव बढ़ाया है। कई फिल्मों में और स्टेज शो में किशोर कुमार ने अपना परिचय ‘मैं किशोर कुमार खंडवा वाला’ से ही दिया था। इसी को देखते हुए खंडवा के नागरिकों और शासन प्रशासन ने किशोर के जन्मदिन 4 अगस्त को ही खंडवा का गौरव दिवस मनाने का निर्णय लिया है। किशोर प्रेमियों के साथ ही जिला प्रशासन भी इसको लेकर तैयारी में जुट गया है। कार्यक्रम को लेकर वन मंत्री विजय शाह ने प्रशासन और जिले के गणमान्य नागरिकों के साथ मीटिंग की। इसमें समारोह को लेकर चर्चा की गई।





खंडवा में पैदा हुए, इंदौर में पढ़े





किशोर कुमार का जन्म 4 अगस्त 1929 को खंडवा में ही हुआ था। 13 अक्टूबर 1987 को मुंबई में उनका निधन हो गया। वो इंदौर में पढ़े थे। शनिवार-रविवार वे खंडवा में ही बिताते थे। ट्रेन से घर आते वक्त वे हर स्टेशन पर डिब्बा बदलते थे और मुसाफिरों को गाना सुनाते थे।





किशोर कुमार का घर आज भी खंडवा में है, हालांकि रखरखाव के अभाव में काफी जर्जर हो गया है। किशोर कुमार की अंतिम अच्छा अनुसार, उनके पार्थिव शरीर को खंडवा ही लाया गया था। यहीं उनका अंतिम संस्कार किया गया था। जिस जगह पर अंतिम संस्कार किया गया था, उसी जगह पर किशोर प्रेमियों ने समाधि बना दी है। जहां देशभर से उनके चाहने वाले पहुंचते हैं और उन्हें याद करते है। समाधि के पास ही प्रदेश सरकार किशोर कुमार का स्मारक भी बनाया है।





किशोर के नाम पर गौरव दिवस का लोगों ने किया स्वागत





किशोर कुमार के जन्मदिवस को खंडवा के गौरव दिवस के रूप में मनाने के फैसले पर खंडवा के समाजसेवियों और किशोर प्रेमियों ने स्वागत किया है। किशोर सांस्कृतिक प्रेरणा मंच के सुनील जैन कहते हैं कि किशोर कुमार ने हमेशा ही अपनी मातृभूमि खंडवा को सम्मान दिया था। आज खंडवा जिले का हर नागरिक किशोर कुमार के जन्मदिवस को गौरव दिवस मनाने से गौरवान्वित महसूस कर रहा है।





किशोर कुमार के जन्मदिन और उनकी पुण्यतिथि पर खंडवा के किशोर प्रेमी नगर निगम के साथ उनकी समाधि स्थल पर हर साल सुरमयी श्रद्धांजलि कार्यक्रम करते आ रहे हैं। 4 अगस्त को उनके जन्मदिन पर भी यह आयोजन किया जाएगा। इस बार किशोर कुमार का जन्म दिवस और भी उत्साह के साथ मनाया जाएगा, क्योंकि किशोर कुमार के जन्मदिवस को ही खंडवा का गौरव दिवस मनाना तय किया गया है।



शिवराज सिंह चौहान SHIVRAJ SINGH CHOUHAN मप्र मुख्यमंत्री kishore kumar किशोर कुमार Khandwa खंडवा administration प्रशासन MP CM गौरव दिवस Pride Day Great Singer महान गायक