MP BJP की कोर ग्रुप की आज दिल्ली में बैठक, मंत्रिमंडल विस्तार पर मुहर लग सकती है

author-image
Atul Tiwari
एडिट
New Update
MP BJP की कोर ग्रुप की आज दिल्ली में बैठक, मंत्रिमंडल विस्तार पर मुहर लग सकती है

New Delhi. मध्य प्रदेश बीजेपी कोर ग्रुप की गुरुवार यानी 28 अप्रैल को दिल्ली में बैठक बुलाई गई है। इसमें शिवराज कैबिनेट में फेरबदल और विस्तार पर फैसला हो सकता है। जानकारी के मुताबिक, जोबट से विधायक सुलोचना रावत को मंत्री बनाया जा सकता है। 

सुलोचना कुछ ही वक्त पहले कांग्रेस छोड़कर BJP में शामिल हुईं। BJP के टिकट पर जोबट उपचुनाव भी जीता। सुलोचना आदिवासी नेता हैं, लिहाजा उन्हें कैबिनेट में जगह देकर आदिवासियों को साधने की कोशिश होगी।



बैठक में ये होंगे शामिल



BJP कोर ग्रुप की बैठक इसलिए भी अहम है, क्योंकि 22 अप्रैल को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भोपाल आए थे। उन्होंने प्रदेश के बड़े नेताओं और मंत्रियों की बैठक की थी। इसके बाद अब कोर ग्रुप की बैठक दिल्ली में बुलाई गई है। इसमें पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष के अलावा मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा और संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा शामिल रहेंगे। सिंधिया भी इस बैठक में शामिल होंगे। इससे पहले वे गुरुवार को विदेश दौरे पर जा रहे थे, लेकिन अब मीटिंग के बाद जाएंगे। 



इनसे वापस लिया जा सकता है एक विभाग



केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया समर्थक मंत्री गोविंद सिंह राजपूत के पास दो बड़े विभाग परिवहन और राजस्व हैं। इनमें से उनसे एक वापस लिए जाने पर निर्णय हो सकता है। कैबिनेट में 4 मंत्री पद खाली हैं। इनमें से दो विभाग महिला एवं बाल विकास और PHE मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के पास हैं।



नॉन परफॉर्मिंग मंत्रियों पर संकट



सूत्रों मुताबिक, बैठक में सरकार, मंत्री, संगठन और प्रदेश पदाधिकारियों की परफॉर्मेंस पर मंथन होगा। अगले साल विधानसभा चुनाव हैं, लिहाजा नॉन परफॉर्मिंग मंत्रियों की छुट्‌टी करने का फैसला भी लिया जा सकता है। बताया जा रहा है कि जनजातीय कल्याण मंत्री मीना सिंह और स्वास्थ्य मंत्री डॉ. प्रभुराम चौधरी की परफॉर्मेंस खराब है। लिहाजा, दोनों मंत्रियों के विभाग बदले जा सकते हैं। गौरीशंकर बिसेन को फिर से मंत्री बनाया जा सकता है। बिसेन वर्तमान में OBC कल्याण आयोग के अध्यक्ष हैं।



शाह फॉर्मूले पर फैसले की उम्मीद



बैठक में जातिगत लीडरशिप डेवलप करने के लिए शाह फॉर्मूले पर निर्णय हो सकता है। भोपाल में अमित शाह ने गोपाल भार्गव का उदाहरण देते हुए कहा था- गोपालजी बड़े नेता हैं, उनका प्रभाव भी है, लेकिन ट्राइबल एरिया में उनकी पकड़ मजबूत नहीं हो सकती। लिहाजा, उसी समुदाय के बीच से क्षेत्रीय नेतृत्व को ऊपर लाएं। इस नजरिए से देखें, तो भाजपा को OBC वर्ग में लीडरशिप की कमी है।



सरकार के कामकाज का ब्यौरा देंगे शिवराज



मंत्रालय सूत्रों ने बताया कि मुख्यमंत्री शिवराज बैठक में सरकार के कामकाज का ब्यौरा भी देंगे। खासतौर पर केंद्र और राज्य की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी से पदााधिकारियों को अवगत कराया जाएगा। 



वहीं, सूत्रों के मुताबिक सत्ता-संगठन से राष्ट्रीय नेतृत्व ने किसी तरह की कोई जानकारी नहीं बुलाई है। राष्ट्रीय अध्यक्ष और संगठन महामंत्री प्रदेश के सत्ता-संगठन के नेताओं से बातचीत कर सवाल-जवाब कर सकते हैं। पार्टी संगठन ने अपनी ओर से एक प्रजेंटेशन तैयार किया है, जिसमें कोरोनाकाल से अब तक के बदलाव, कार्यक्रम, पीढ़ी परिवर्तन के प्रयास आदि की जानकारी दी गई है।


शिवराज सिंह चौहान SHIVRAJ SINGH CHOUHAN Amit Shah अमित शाह VD Sharma वीडी शर्मा MP BJP मप्र मुख्यमंत्री मप्र बीजेपी Narottam Mishra नरोत्तम मिश्रा Delhi दिल्ली meeting MP CM मीटिंग Core Group Hitanand Sharma कोर ग्रुप हितानंद शर्मा