MP उपचुनाव: BJP पापी, ये लोगों को ना बरगलाएं, इसलिए हम आए- कंप्यूटर बाबा

author-image
एडिट
New Update
MP उपचुनाव: BJP पापी, ये लोगों को ना बरगलाएं, इसलिए हम आए- कंप्यूटर बाबा

भोपाल. मध्य प्रदेश में एक लोकसभा (खंडवा) और तीन विधानसभा सीटों पर 30 अक्टूबर को उपचुनाव (By Election) होना है। बीजेपी (BJP) और कांग्रेस (Congress) दोनों के ही प्रत्याशी कमर कस कर मैदान में हैं। वहीं, चुनाव में कंप्यूटर बाबा (Computer Baba) की भी एंट्री हो गई है। बाबा ने मांधाता विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस के पक्ष में चुनाव अभियान (Campaign) शुरू किया। उन्होंने कहा कि अधर्म और पाप बढ़ते हैं तो संत समाज को आगे आना पड़ता है। बाबा ने बीजेपी को पापी बताते हुए कहा कि ये (BJP नेता) लोगों को बरगला ना दें, इसलिए हम लोगों को अनुष्ठान छोड़कर मैदान में उतरना पड़ा। कमलनाथ को मजबूत बनाएं। हम कांग्रेस प्रत्याशी ठाकुर राजनारायण सिंह को जिताने की कोशिश कर रहे हैं।

संत समाज जनता के बीच अपनी बात रखेगा

कंप्यूटर बाबा ने कहा कि हमारा काम ईश्वर से प्रार्थना करना है, देना या नहीं देना उसका काम है। हम मेहनत करेंगे, हमारे युवा मेहनत करेंगे, माताओं-बहनों से अनुरोध करेंगे। साधु-संत समाज जनता के बीच में अपनी बात रखेगा कि बीजेपी सरकार में अन्याय हो रहा है। अगर हम उनके (सरकार के) साथ रहें तो ठीक और अगर ना रहें तो हमारे साथ क्या किया जा रहा है, ये मध्य प्रदेश की जनता सब समझ रही है।

हम कांग्रेस के सदस्य नहीं हैं

बाबा के मुताबिक जब भी धरती पर अत्याचार हुआ है, पुकार हुई तो भगवान को जन्म लेना पड़ा। जब अत्याचार बढ़ गए तो साधु समाज को आगे आना पड़ा। हम कांग्रेस के कार्यकर्ता और कांग्रेस पार्टी के सदस्य नहीं हैं। हम लोगों ने अलग-अलग ग्रुप बनाए हैं, जो विधानसभा क्षेत्रों में प्रचार का काम देखेंगे।

महंगाई हद से ज्यादा, लोगों का निवाला छिना

केंद्र और प्रदेश में जो भी सरकार है, वो अधर्म की सरकार है। महंगाई हद से ज्यादा बढ़ चुकी है। तेल और सब्जियों की कीमतों को देख लीजिए। आम आदमी का रोटी खाना मुश्किल हो गया है। यही नहीं, नर्मदा नदी में धड़ल्ले से अवैध खनन किया जा रहा है। कमलनाथ सरकार ने गरीब लड़कियों की शादी के लिए सरकार की तरफ से दी जाने वाली 25 हजार की रकम को बढ़ाकर 50 हजार कर दिया था। बीजेपी ने फिर वैसा ही कर दिया। गोशालाओं के भी बुरे हाल हैं। गोमाता सड़कों पर पड़ी हुई हैं। जो अन्याय-अधर्म का काम करेगा, उन्हें पाप लगेगा। 

बाबा कांग्रेस की नैया डुबाएंगे

कंप्यूटर बाबा की एंट्री से बीजेपी भी एक्शन में आ गई। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता उमेश शर्मा ने बाबा को सेंट्रल जेल की याद दिलाते हुए उस समय के पांच केस याद दिलाए। बीजेपी ने बाबा पर अवैध जमीन हड़पने का आरोप लगाया और उन्हें दिग्विजय सिंह का करीबी बताया। शर्मा ने कहा पिछले लोकसभा चुनाव में उन्होंने दिग्विजय सिंह की नैया डुबाई थी, अब खंडवा में कांग्रेस की नैया डुबाने आए है।

बाबा के आश्रम पर बुलडोजर चला था

इंदौर (Indore) प्रशासन ने 8 नवंबर 2020 को कंप्यूटर बाबा के गोम्मटगिरि स्थित आश्रम पर कार्रवाई करते हुए उसे जमींदोंज कर दिया था। कार्रवाई के दौरान शांति भंग होने की आशंका में बाबा और उनके समर्थकों को गिरफ्तार कर लिया गया था। बाद में बाबा को एसडीएम कोर्ट ने 5 लाख रुपए की बैंक गारंटी देने की शर्त पर जमानत दी थी। इस घटनाक्रम के बाद से कंप्यूटर बाबा ने राजनीति से दूरी बना ली थी।

बीजेपी को पापी बताया कांग्रेस की तरफ से प्रचार कर रहे कंप्यूटर बाबा donot mislead people BJP a sinner MP मध्य प्रदेश में उपचुनाव computer baba The Sootr by-election