रोक-टोक से परेशान होकर भागी थी, राजस्थान में शादी की; पति और बच्चे के साथ लौटी

author-image
Rahul Garhwal
एडिट
New Update
रोक-टोक से परेशान होकर भागी थी, राजस्थान में शादी की; पति और बच्चे के साथ लौटी

कमलेश सारणा, नीमच. 14 महीने से लापता नेहा जोशी वापस घर लौट आई है। एसआईटी को नेहा राजस्थान के प्रतापगढ़ में मिली। हैरान करने वाली बात ये है कि नेहा जोशी पति और बच्चे के साथ लौटी है। दरअसल नेहा जोशी का अपहरण नहीं हुआ था। वो माता-पिता की रोक-टोक से परेशान होकर घर से भाग गई थी। नेहा ने प्रतापगढ़ में शादी की और अपने पति और बच्चे के साथ रह रही थी। वहीं नीमच में नेहा जोशी के पिता पुलिस प्रशासन के खिलाफ आमरण अनशन पर बैठ गए थे, जिसे पुलिस ने जबरन खत्म कराया था।



नेहा ने राजस्थान के प्रतापगढ़ में की शादी



नेहा जोशी कुछ लोगों की मदद से भादवा माता पहुंची। जहां पर उसे एक बुजुर्ग दंपति मिले। वे दंपति राजस्थान के प्रतापगढ़ के रहने वाले थे। नेहा जोशी उनके साथ ही चली गई और उनके घर में रहने लगी। इसी दौरान नेहा की मुलाकात बुजुर्ग दंपति ने अपने परिवार के एक लड़के हेमंत सिसौदिया से कराई। दोनों ने एक-दूसरे को पसंद किया और शादी कर ली। नेहा जोशी का एक बच्चा भी है। वो अपने पति और बच्चे के साथ नीमच वापस लौटी है।



पुलिस ने 4 युवकों को किया था गिरफ्तार



आपको बता दें कि पिछले दिनों पुलिस ने चार युवकों को नेहा जोशी को भगाने के आरोप में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। लेकिन अब मामले का खुलासा होने के बाद ये साफ हो गया है कि गिरफ्तार किए गए युवकों पर पुलिस ने झूठा केस लगाकर जेल भेज दिया। हालांकि पुलिस अब युवकों पर केस खत्म करने की बात कह रही है। 



14 महीने पहले गायब हुई थी नेहा



बताया जा रहा है कि 14 महीने पहले नेहा जोशी अचानक घर से गायब हो गई थी। जिसके बाद नेहा के पिता राकेश जोशी ने इसकी शिकायत पुलिस से की। लेकिन महीनों बीत जाने के बाद भी जब पुलिस नेहा का पता नहीं लगा पाई, तो राकेश जोशी ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया।



नेहा को खोजने के लिए SIT बनाई



नेहा के पिता राकेश जोशी का अनशन लगभग 24 दिन तक चला। शहर के लोगों के साथ-साथ अन्य संगठनों का भी समर्थन मिलने लगा। दबाव बढ़ता देख पुलिस सक्रिय हो गई और एसपी सूरज कुमार वर्मा ने एसआईटी का गठन किया। इसके बाद एसआईटी तलाश करते-करते नेहा जोशी तक पहुंच गई।      



वापस प्रतापगढ़ जाएगी नेहा जोशी



इस मामले में पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार वर्मा का कहना है कि नेहा बालिग है, उसे अपनी मर्जी से रहने का पूरा हक है। इसलिए नेहा के कोर्ट में आधिकारिक बयान होने के बाद उसे वापस प्रतापगढ़ भेज दिया जाएगा। नेहा जोशी अपने पति और बच्चे के साथ नीमच आई है।


नेहा जोशी केस लापता नीमच MP News Neemuch मध्यप्रदेश की खबरें MP Rajasthan नेहा जोशी खुलासा neha joshi case found Neha Joshi expose Neha Joshi found मध्यप्रदेश pretapgarh