BHIND : प्रदेश में हुई करोड़ों की डकैती और हत्या का पुलिस ने किया खुलासा, खाकी वर्दी में आए थे आरोपी; दो गिरफ्तार

author-image
The Sootr CG
एडिट
New Update
BHIND : प्रदेश में हुई करोड़ों की डकैती और हत्या का पुलिस ने किया खुलासा, खाकी वर्दी में आए थे आरोपी; दो गिरफ्तार

सुनील शर्मा, BHIND. प्रदेश में डेढ़ करोड़ की लूट का खुलासा हो गया है। भिंड के एसपी शैलेंद्र सिंह चौहान ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए गोहद में हुई डेढ़ करोड़ की लूट और हत्या केस का खुलासा किया। लूट में शामिल लोगों में से दो आरोपियों को गिरफ्तार करके उनसे डकैती में लूटी गई रकम और अन्य सबूत बरामद किए गए हैं। 



पुलिस की वर्दी में आए थे चोर



दरअसल गोहद बाजार में बर्तन कारोबारी राम कुमार के घर 14 अगस्त को तीन लोग पुलिस की वर्दी पहनकर आए थे। उन्होंने घर में अवैध पिस्टल होने की बात कहकर घर की तलाशी शुरू कर दी। तलाश के बहाने आरोपियों ने लूट को अंजाम दिया। आरोपियों ने राम कुमार की बेटी रिंकी (28) के हाथ-पैर बांधकर और मुंह में कपड़ा ठूंस दिया। इससे रिंकी की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने डकैती और हत्या का मामला दर्ज किया और जांच शुरू कर दी।  



पुलिस ने खबरी नेटवर्क से ली मदद



एसपी शैलेंद्र ने कॉन्फ्रेंस में बताया कि पुलिस ने तहकीकात में पूरे एरिया के सीसीटीवी फुटेज देखे थे। इसमें पुलिस की वर्दी में तीन लोग बिना नंबर प्लेट की सफेद अपाच बाइक के साथ स्पॉट किए गए। लेकिन फुटेज में किसी आरोपी की पहचान नहीं हो सकी। फिर पुलिस ने खबरी नेटवर्क की मदद से पता किया कि पास के सोने-चांदी के कारीगर रामु (रामानंद सोनी) के यहां अज्ञात लोगों का आना-जाना हुआ था।



आरोपी ने कहा मेरी आर्थिक स्थिति ठीक नहीं थी



इसके बाद पुलिस ने संदेह के आधार पर रामू सोनी से पूछताछ की। पूछताछ में उसने पुलिस को बताया कि उसकी आर्थिक स्थिति बहुत खराब चल रही थी। उस पर काफी कर्जा भी हो गया था। इसलिए उसने बनी पुरा गांव के रहने वाले कमली (कपिलाश गुर्जर), योगेश बैसला, बृजेश कौशल, बालेंद्र सिंह गुर्जर और एक अज्ञात को रामकुमार (बर्तन कारोबारी) का घर दिखाया था। इसके बाद हमने डकैती की योजना बनाई। जब पूरा थाना स्टाफ 14 अगस्त की शाम तिरंगा यात्रा निकाल रहा था, हमने घटना को अंजाम दिया। 



पुलिस ने आरोपियों से बरामद किए 2 लाख रुपए 



डकैती में 15 लाख रुपए नगद, ढाई किलो सोना और 4 किलो चांदी-लूटी गई थी। साथ ही राम कुमार गोयल और उनकी बेटी रिंकी के हाथ-पैर बांधकर डाल दिया था, जिससे रिंकी की मौत हो गई। पुलिस ने रामू सोनी की निशानदेही पर उसके घर से कुछ कपड़े और अन्य सबूत सहित 2 लाख रुपए बरामद किए हैं। इसके साथ ही कमली (कपिलाश गुर्जर) को भी गिरफ्तार कर लिया है। कमली ने डकैती की घटना की पुष्टि की है। वहीं घटना के 3 आरोपी अभी भी फरार हैं। पुलिस इनकी तलाश में जुटी हुई है।


Bhind मध्य प्रदेश Madhya Pradesh एसपी शैलेंद्र सिंह चौहान रॉबरी और हत्या क्राइम SP Shailendra Singh Chouhan Robbery and murder Crime भिंड तिरंगा यात्रा