भास्कर पर छापा: तीन हिस्सों में बंटा है कारोबार, भोपाल की DB Corp सबसे अहम कड़ी

author-image
एडिट
New Update
भास्कर पर छापा: तीन हिस्सों में बंटा है कारोबार, भोपाल की DB Corp सबसे अहम कड़ी

भोपाल. 22 जुलाई की सुबह दैनिक भास्कर ग्रुप और उसके 6 से ज्यादा व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर इनकम टैक्स डिपार्टमेंट ने छापामार कार्रवाई की। इसके लिए भोपाल, जयपुर, अहमदाबाद समेत कई शहरों में आयकर एजेंसी के सैकड़ों अफसर और कर्मचारियों ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया है। सर्च टीम भोपाल के अरेरा कॉलोनी में स्थित अग्रवाल बंधुओं यानी भास्कर के चेयरमैन सुधीर अग्रवाल, गिरीश और पवन अग्रवाल के घर समेत भास्कर के प्रमोटर्स के आवास और दफ्तरों पर भी पहुंची। इंदौर में प्रिंटिंग प्रेस, शालीमार टाउनशिप स्थित गेस्ट हाउस, डीबी राइट और अपोलो डीबी सिटी पर सर्च जारी है। इधर, सर्च टीम का सहयोग सीआरपीएफ और एमपी पुलिस कर रही है। पूरा ऑपरेशन दिल्ली और मुंबई आयकर मुख्यालय से सर्विलांस में है। इनकम टैक्स की इस रेड से दैनिक भास्कर नागपुर, जबलपुर, रीवा और लखनऊ वाला भास्कर समूह मुक्त है। जानिए, कैसा है भास्कर का कारोबार...

1. भास्कर: रमेश अग्रवाल ग्रुप

भास्कर अखबार समूह मुख्य रूप से तीन हिस्सों में बंटा है। पहला और मुख्य हिस्सा डीबी कॉर्प लिमिटेड के नाम से है। इनके कर्ताधर्ता रमेशचंद्र अग्रवाल के तीन बेटे सुधीर, गिरीश और पवन अग्रवाल हैं। रमेशचंद्र अग्रवाल द्वारका प्रसाद अग्रवाल की पहली पत्नी के बेटे थे। भास्कर समूह की मुख्य कंपनी डीबी कॉर्प लिमिटेड का स्वामित्व इसी परिवार के पास है। यह कंपनी देश में 12 राज्यों से दैनिक भास्कर के 65 एडिशन निकालती है।

2. भास्कर: विशंभरदयाल अग्रवाल ग्रुप

भास्कर समूह का दूसरा हिस्सा जबलपुर ग्रुप के नाम से जाना जाता है। इस ग्रुप का संचालन द्वारका प्रसाद अग्रवाल के दूसरे भाई विशंभरदयाल अग्रवाल के बेटे करते हैं। इनके नाम मनमोहन अग्रवाल, कैलाश अग्रवाल, राकेश अग्रवाल, अजय अग्रवाल और प्रकाश अग्रवाल हैं। इस ग्रुप के हिस्से में जबलपुर, नागपुर, छिंदवाड़ा, सतना, छतरपुर और औरंगाबाद एडिशन हैं।

3. भास्कर: महेश अग्रवाल ग्रुप

इस समूह का तीसरा और सबसे छोटा हिस्सा झांसी ग्रुप के नाम से जाना जाता है। इसके मुखिया द्वारका प्रसाद अग्रवाल के तीसरे भाई महेश अग्रवाल और उनके बेटे हैं। उत्तर प्रदेश में इसी समूह के पास दैनिक भास्कर के टाइटल से अखबार प्रकाशित करने का अधिकार है। इस परिवार की रमेशचंद्र अग्रवाल और उनके बेटों से पटरी नहीं बैठ पाने के कारण ही डीबी कॉर्प लिमिटेड चाहकर भी उप्र से दैनिक भास्कर का प्रकाशन शुरू नहीं कर पा रही है। इसलिए उसने हाल ही में उत्तर प्रदेश से अपनी डिजिटल मीडिया की विंग शुरू की है। महेश अग्रवाल और उनके बेटे संजय अग्रवाल की कंपनी झांसी के अलावा ललितपुर, देहरादून से दैनिक भास्कर का प्रकाशन करती थी। लेकिन बाद में ललितपुर और देहरादून से अखबार छपना बंद हो गया। अभी सिर्फ झांसी से ही प्रकाशित हो रहा है।

Jabalpur Bhopal Nagpur Dainik Bhaskar The Sootr Jhansi Edition MD DB Corp Sudhir Agrawal