दिल्ली में बोले शिवराज- अब खेलो इंडिया मध्य प्रदेश में होगा, ऐसा आयोजन करेंगे कि दुनिया देखती रह जाएगी

author-image
Atul Tiwari
एडिट
New Update
दिल्ली में बोले शिवराज- अब खेलो इंडिया मध्य प्रदेश में होगा, ऐसा आयोजन करेंगे कि दुनिया देखती रह जाएगी

BHOPAL. अब मध्य प्रदेश में खेलो इंडिया का आयोजन होगा। ये बात मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने दिल्ली में खेल मंत्रालय के एक कार्यक्रम में कही। उन्होंने कहा कि हम ऐसा आयोजन करेंगे ,जिसे हिन्दुस्तान ही नहीं, पूरी ​दुनिया देखेगी। वैसे भी भारत की परंपरा है अतिथि देवो भव:, मेहमान जो हमारा होता है, वो जान से प्यारा होता है। अपने खिलाड़ियों को हम जान से ज्यादा संभालकर रखेंगे। खेल के इंफ्रास्ट्रक्चर को हमने मध्यप्रदेश में बनाने की कोशिश की है। और इंफ्रा भी ऐसा कि कभी आप हमारी शूटिंग अकादमी आकार देखें। इस मौके पर खेल मंत्री अनुराग ठाकुर भी मौजूद थे। 



सीएम शिवराज ने कहा- पहले बच्चा खेलता था तो मार पड़ती थी



मुख्यमंत्री शिवराज ने कहा कि हमने प्रदेश के खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर का बनाने का प्रयास किया है। खिलाड़ियों को बुनियादी सुविधाएं, अकादमी में तो मिलें ही, लेकिन हर जिले में भी मिलें। इसलिए हमारे यहां हर जिले में स्टेडियम, कोचिंग की व्यवस्था, प्रशिक्षण केंद्र अभी 171 चल रहे हैं, बाकी शुरू कर रहे हैं। किसी राज्य ने खेलो इंडिया जैसी कल्पना कभी किसी ने की है क्या...? गांव-गांव में खेल संस्कृति का विकास हो। हमने तो वह दौर देखा है, अगर कोई बच्चा खेलता था तो माता-पिता शाम को मारते भी थे। कहते थे कहां जा रहा है, जिंदगी बर्बाद कर रहा है। पढ़ाई कर! अब हर मां - बाप चाहता है कि उसका बेटा - बेटी भी खेले!



अब गांव-गांव, हर शहर खेल रहा है, एमपी चीता स्टेट भी बन गया- शिवराज 



मुख्यमंत्री ने कहा कि अब गांव-गांव हर शहर खेल रहा है, खेलों में भारत चमत्कार कर रहा है। मध्य प्रदेश अद्भुत प्रदेश है। वन संपदा, जल संपदा, खनिज संपदा, टूरिज्म की अपार संभावनाएं हैं। हमारे यहां सांची, भीमबेटिका, खजुराहो, ओरछा का मंदिर, महाकाल महाराज हैं। हम टाइगर स्टेट, लेपर्ड स्टेट तो थे ही, अब हम चीता स्टेट भी बन गए हैं।



एमपी में आइए, टाइगर से हैंडशेक कीजिए



मुख्यमंत्री शिवराज ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सौगात देकर गए हैं। दूसरे महाद्वीप से आए चीते भी सुरक्षित हैं। टाइगर स्टेट भी ऐसा कि आप हमारे नेशनल पार्क में चले जाओ तो टाइगर से हैंडशेक करने का मौका भी मिल सकता है। राजधानी भोपाल में टाइगर दहाड़ रहे हैं। मध्यप्रदेश की आप वाइल्ड लाइफ तो देखिए।


सीएम शिवराज खेलो इंडिया घोषणा खेलो इंडिया एमपी में होगा मध्य प्रदेश में नेशनल गेम्स खेलो इंडिया CM Shivraj Khelo India Announce Khelo India MP Organise National Games in MP Khelo India