/sootr/media/post_banners/c2e3a6a07ff70d8cced5a6ad5dedf869a5ae435a87d7c1b283b014f0284922f7.jpeg)
भिंड. मध्य प्रदेश बीते दो महीने से प्रकृति की मार झेल रहा है। अन्नदाता पर एक बार फिर 'आसमानी आफत' बरसी। भिंड जिले में गुरुवार यानी 3 फरवरी को अचानक मौसम में बदलाव नजर आया। शाम को जिले के कई स्थानों पर ओलावृष्टि हुई। इससे जिले के किसानों की फसलों को खासा नुकसान पहुंचा है। ओलावृष्टि से मेहगांव (Mehgaon)व आसपास के गांवों में ज्यादा नुकसान की खबर है। यहां 8 से10 मिनट तक तेज ओलावृष्टि हुई।
किसानों को नुकसान हुआ : भिंड जिले में मौसम ने अचानक करवट बदली और शाम होते-होते आसमान से ओलों के रूप में आफत किसानों पर बरस पड़ी। जिले के मेहगांव सहित आसपास के कई गांवों में शाम करीब 4.30 बजे तेज ओलावृष्टि हुई, जिससे फसलों को खासा नुकसान हुआ है। मेहगांव तथा आसपास के गांवों में 8-10 मिनिट तक तेज ओलावृष्टि हुई। इससे हर तरफ बर्फ की चादर बिछी नजर आई। ओलावृष्टि से सबसे ज्यादा नुकसान सरसों की फसल को हुआ है। खेत में खड़ी सरसों की फसल ओलों की मार से खेत में बिछ गई है। वहीं सड़कों पर भी ओलों के कारण बर्फ की चादर चढ़ी नजर आई।
पहले भी गिर चुके हैं ओले : बता दें कि भिंड जिले के किसानों पर प्रकृति की मार का ये लगातार दूसरा महीना है। जनवरी के महीने में भी भिंड जिले में हुई ओलावृष्टि ने फसलों को खासा नुकसान पहुंचाया था जिसका मुआवजा अभी तक किसानों को नहीं मिल पाया है। ऐसे में एक बार फिर अन्नदाता पर ओलों की मार पड़ी है।