/sootr/media/post_banners/01690dc7071df76b542739f137ed3dea30d1cbcb52ef17406141550a012d3a89.jpeg)
मनोज चौबे, Gwalior. ग्वालियर में फौजी के घर के बाहर चार बदमाशों का फायरिंग करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि एक हफ्ते पहले किसी शादी में बदमाशों का फौजी से विवाद हो गया था। बदला लेने के लिए बदमाश अवैध हथियार लेकर फौजी को धमकाने उसके घर पहुंचे थे। बदमाशों ने फौजी के घर पर एक के बाद एक 4 गोलियां चलाईं। पुलिस के पहुंचने से पहले बदमाश वहां से भाग निकले।
शादी में हुआ था सूबेदार से विवाद
बताया जा रहा है कि सूबेदार धर्मेंद्र यादव का 1 हफ्ते पहले शादी में युवकों से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। इसके बाद युवकों ने सूबेदार से बदला लेने की ठानी। वे अवैध हथियारों के साथ सूबेदार के घर पर उसे धमकाने पहुंचे थे। बदमाशों ने सूबेदार के घर पर एक के बाद एक 4 गोलियां चलाईं। फायरिंग की घटना सीसीटीवी में कैद हो गई। डायल-100 को घटना की जानकारी मिली लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपी फरार हो गए।
CCTV से बदमाशों की पहचान की कोशिश
CSP मुरार ऋषिकेश मीणा ने बताया कि इस मामले में कोई FIR दर्ज नहीं हुई है। पुलिस ने CCTV के आधार पर बदमाशों के खिलाफ जांच शुरू कर दी है। बदमाशों की पहचान की जा रही है। सूबेदार के पड़ोसी के घर में लगे CCTV में बदमाश फायरिंग करते हुए कैद हुए थे।