इंदौर के दो कांग्रेस MLA लोगों को अयोध्या यात्रा करा रहे, पूरा खर्च विधायक का

author-image
Atul Tiwari
एडिट
New Update
इंदौर के दो कांग्रेस MLA लोगों को अयोध्या यात्रा करा रहे, पूरा खर्च विधायक का

ललित उपमन्यु, इंदौर। कोई इसे भले ही राजनीति कहे, लेकिन इंदौर में कांग्रेस के 2 विधायक इस समय जनता की नजर में श्रवण कुमार बने हुए हैं। एक विधायक तो बीते कई महीनों से लोगों को अयोध्या की यात्रा करवा रहे हैं, अब दूसरे ने भी इसी दिशा में कदम बढ़ा दिया है।





ये दो विधायक हैं संजय शुक्ला (क्षेत्र क्रमांक एक) और विशाल पटेल (देपालपुर)। शुक्ला हर महीने 600 लोगों को रामलला के दर्शन करवाने अयोध्या ले जा रहे हैं। दिसंबर से उन्होंने सिलसिला शुरू किया था, जो सतत जारी है। हर वार्ड से 600 लोगों को ले जाते हैं। 16 अप्रैल को पांचवा जत्था रवाना होगा।



 



सब विधायक के जिम्मे





ट्रेन से होने वाली इस यात्रा का सारा खर्च विधायक के जिम्मे रहता है। घर से निकलने के बाद घर पहुंचने तक किसी श्रद्धालु को जेब में हाथ डालने की जरूरत नहीं। ट्रेन का किराया, रास्ते का नाश्ता, खाना, अयोध्या में ठहरना सब विधायक के जिम्मे होता है। ट्रेन अयोध्या कैंट (अयोध्या से बीस किमी पहले) रुकती है तो वहां से ले अयोध्या तक जाने के लिए विधायक की बस तैयार रहती है। वापसी में भी सब खर्च विधायक ही उठाते हैं। अब तक करीब तीन हजार लोगों को अयोध्या यात्रा करवा चुके है। खुद संजय शुक्ला भी कई बार यात्रियों के साथ जाते हैं।



 



शुक्ला के मुताबिक, अगली यात्राओं में अब अयोध्या के साथ क्षेत्र की जनता को काशी दर्शन भी करवाए जाएंगे। संभवतः जुलाई से यात्रा अयोध्या-काशी हो जाएगी।





विशाल पटेल की भी तैयारी





देपालपुर के विधायक विशाल पटेल ने भी अपने क्षेत्र की जनता को अयोध्या यात्रा कराने की तैयारी शुरू कर दी है। रामनवमीं से भक्तों का रजिस्ट्रेशन शुरू हो जाएगा। विशाल की योजना है कि ना केवल अयोध्या, बल्कि रास्ते में पड़ने वाले सारे धर्मस्थलों की यात्रा करवाई जाए। सारा खर्च वे खुद वहन करेंगे। 





विशाल इससे पहले गांव की करीब ग्यारह सौ कन्याओं के विवाह में भाई बनकर कन्यादान कर चुके हैं। विशाल कहते हैं- मेरे पिता स्वर्गीय जगदीश पटेल भी गांव के लिए समर्पित थे, मैं उन्हीं के पुण्य कार्यों को आगे बढ़ाने की कोशिश कर रहा हूं। मेरी कोशिश है कि मेरे क्षेत्र का कोई भी परिवार अपनी बेटी की शादी में किसी तरह का अभाव नहीं झेले। क्षेत्र की जनता के लिए ये धर्मयात्रा लगातार जारी रहेगी।



कांग्रेस विधायक काशी विशाल पटेल ayodhya visit इंदौर Vishal Patel संजय शुक्ला Kashi Sanjay Shukla Congress MLA देपालपुर अयोध्या यात्रा depalpur Indore