पिपरिया की बहू और बेटी को मिली सफलता, सुरभि और श्वेता सिविल जज परीक्षा में चयनित

author-image
Rahul Garhwal
एडिट
New Update
पिपरिया की बहू और बेटी को मिली सफलता, सुरभि और श्वेता सिविल जज परीक्षा में चयनित

नीरज श्रीवास्तव, Pipariya. अगर कुछ कर गुजरने की चाह हो और अपने लक्ष्य के प्रति जुनून तो कोई भी कार्य कठिन नहीं होता। ऐसा ही नगर के प्रतिष्ठित राजनीतिक परिवार की बहू ने कर दिखाया है। सुरभि कटकवार ने सिविल जज व्यवहार न्यायाधीश वर्ग दो की परीक्षा पास करके गृहणियों के लिए एक आदर्श प्रस्तुत किया है। इसके साथ ही आरएनए स्कूल के प्राचार्य की बेटी ने भी पहले ही प्रयास में सिविल जज की प्रतियोगिता में सफलता हासिल कर नगर और परिवार का नाम रोशन किया है।





दूसरे प्रयास में हासिल की सफलता





सुरभि कटकवार ने बताया कि सिविल जज के लिए ये उनका दूसरा प्रयास था जिसमें उन्हें सफलता मिली। विवाह के लगभग 14 साल बाद सिविल जज की कठिन परीक्षा पास करना एक विवाहित एवं दो बच्चों की मां के लिए आसान नहीं है। खासकर एक राजनीतिक परिवार जिसमें ससुर सतीश कटकवार पूर्व नपाध्यक्ष, सास सीमा कटकवार पूर्व नपाध्यक्ष और पति वेयर हाउस संचालक हैं। बच्चे अभी स्कूली शिक्षा ले रहे हैं लेकिन इन सभी जिम्मेदारियों का बखूबी निर्वहन करके उन्होंने सफलता अर्जित की।





2015 से कर रही थीं परीक्षा की तैयारी





सुरभि ने बताया कि वो पहले फैशन डिजाइनिंग का कोर्स कर चुकी हैं। विवाह के बाद उन्होंने एलएलबी किया। इसके बाद उन्होंने एलएलएम किया। उनकी सास सीमा कटकवार ने सिविल जज की परीक्षा के लिए उनका हौसला बढ़ाया। वो 2015 से लगातार परीक्षा की तैयारी कर रही थीं। ये उनका दूसरा प्रयास था। उसके लगभग दो साल पहले वे कुछ अंकों से परीक्षा पास नहीं कर पाई थीं लेकिन उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और इस बार परीक्षा में सफलता हासिल की। 





इंटरनेट, मीडिया और मोबाइल से बनाई दूरी





सुरभि कटकवार का कहना है कि खासकर इंटरनेट मीडिया और मोबाइल से दूरी बनाकर उन्होंने प्रतियोगी पत्रिकाओं के जरिए अपनी तैयारी की। उनसे इंटरव्यू के दौरान एक प्रश्न पूछा गया कि आप परिवार और अपने कार्य को कैसे मैनेज कर सकेंगी। एक महिला के लिए ये सवाल जरूर आता है कि वे परिवार और अपने काम के बीच तालमेल कैसे करती हैं। महिलाएं कामकाजी हो या गृहणी अपने सपनों को पूरा करने के लिए आगे बढ़ें। अगर जुनून होगा तो आप अवश्य सफलता प्राप्त कर सकती हैं।





पिपरिया की बेटी श्वेता रघुवंशी भी सफल





पिपरिया के आरएनए उत्कृष्ट विद्यालय के प्राचार्य बीएल रघुवंशी की बेटी श्वेता रघुवंशी ने पहले ही प्रयास में सिविल जज की परीक्षा पास करके नगर का नाम रोशन किया है। वर्तमान में श्वेता भोपाल में हैं, जहां से उन्होंने परीक्षा की तैयारी की।



MP News मध्यप्रदेश MP Civil Judge Exam मध्यप्रदेश की खबरें daughter daughter-in-law Two women Selection सिविल जज परीक्षा Pipariya surbhi katakwar Shweta Raghuvanshi पिपरिया चयन सुरभि कटकवार श्वेता रघुवंशी