/sootr/media/post_banners/03816b9336621b710cdf282f5674466e0e1f7d020d031ab1e4caf0a3454833e2.jpeg)
शेख रेहान, KHANDWA. त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में खंडवा की 3 जनपदों में सुबह 7 बजे से मतदान शुरू हुआ। ग्रामीण क्षेत्रों के मतदान केंद्रों पर सुबह से ही मतदाताओं की लाइन लग गई। खंडवा जनपद की सिहाड़ा ग्राम पंचायत में सरपंच और 20 वार्डों के पंचों के लिए मतदान चल रहा है। सिहाड़ा में 5 हजार 427 वोटर हैं, यहां 10 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। सिहाड़ा की शासकीय कन्या प्राथमिक शाला में मतदान केंद्र बनाया गया है जहां पहुंचने के लिए वोटरों को बड़ी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्कूल का ग्राउंड ऊबड़-खाबड़ है, ग्राउंड में बड़े-बड़े पत्थर हैं। इसके बावजूद भी लोग उत्साह के साथ वोट डालने पहुंच रहे हैं।
गांव सरकार से अच्छी सुविधाएं चाहते हैं वोटर
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में वोट डालने वाले युवाओं में काफी उत्साह देखा जा रहा है। गांव की सरकार चुनने के लिए पहली बार वोट डालने आए ग्रीष्मा श्रीमाली ने उम्मीदों के साथ अपना पहला वोट दिया। उन्होंने बताया कि हम गांव की ऐसी सरकार चाहते हैं जो हमें सुविधाएं उपलब्ध कराए। हमारे गांव में पानी की गंभीर समस्या है। 10 से 15 दिनों में पानी उपलब्ध हो पा रहा है। हम लोग बड़ी मुश्किल से पानी का उपयोग कर पा रहे हैं। हमें उम्मीद है कि अब हम वोट डाल रहे हैं तो जो गांव की सरकार बनेगी वो हमारी समस्याओं का समाधान करेगी।
समस्या से निजात की उम्मीदों के साथ डाला वोट
गांव के बुजुर्ग अपनी समस्याओं से निजात पाने की उम्मीद के साथ वोट डाल रहे हैं। बुजुर्ग रामदास मालाकार का कहना है कि जो भी प्रत्याशी चुनाव जीतता है वो केवल अपना सोचता है। समस्याएं जस की तस बनी रहती है। इस उम्मीद के साथ वोट डाला है कि शायद भविष्य अच्छा हो।
3 जनपदों में मतदान
खंडवा की 3 जनपदों में आज मतदान हो रहा है जिसमें कुल मतदाता 2 लाख 9 हजार 235 हैं। 1 लाख 7 हजार पुरुष मतदाता और 1 लाख महिला वोटर हैं। 3 जनपदों में 397 मतदान केंद्र बनाए गए हैं जहां 121 पंचायत के 1903 वार्डों में मतदान जारी है।