REWA: खिसक रहा है बाणसागर का जल स्तर, रोजाना 11CM की गिरावट, फिर भी 487 क्यूमेक्स छोड़ा जा रहा है पानी

author-image
Sachin Tripathi
एडिट
New Update
REWA: खिसक रहा है बाणसागर का जल स्तर, रोजाना 11CM की गिरावट, फिर भी 487 क्यूमेक्स छोड़ा जा रहा है पानी

REWA. प्रदेश के आधे हिस्से में हो रही झमाझम बारिश के बीच बाणसागर के जलस्तर में गिरावट का क्रम तेज होता जा रहा है। स्थिति यह है कि बाणसागर के जलस्तर में रोजाना 11 से 12 सेमी की गिरावट आनी शुरू हो गई है। अभी हाल में बांध का जलस्तर रोजाना 9 से 10 सेमी नीचे जा रहा था। लेकिन यह बढ़कर अब 11 से 12 सेमी तक पहुंच गया है। बताया गया है कि बुधवार की सुबह बांध का जल स्तर 333.30 मीटर पर दर्ज हुआ था, जो गुरुवार की सुबह 333.18 मीटर पर पहुंच गया। बाणसागर के कैचमेंट क्षेत्र में यदि इसी तरह कुछ दिन और बारिश रुकी रही तो एक दिन में जल स्तर के गिरावट का आंकड़ा 15 से 18 सेमी तक पहुंच जाएगा।





बाणसागर के कैचमेंट में बारिश रुकी होने की वजह से बांध में पानी की आवक भी काफी कम हो गई है। बताया गया है कि इस समय बांध में सिर्फ 77 क्यूमेक्स पानी की आवक हो रही है। जबकि बांध से 487 क्यूमेक्स पानी बाहर जा रहा है। यही वजह है कि बाणसागर के जल स्तर में गिरावट का क्रम तेज होता जा रहा है। बारिश से भरे मौसम में बांध के जल स्तर में 11 से 12 सेमी की गिरावट देख जल संसाधन विभाग के अधिकारी बांध में जल भराव को लेकर चिंतित हो गये हैं। कुछ दिनों पहले बाणसागर में जलभराव की स्थिति पिछले साल से काफी अच्छी थी। लेकिन जलस्तर में लगातार आ रही गिरावट की वजह जलभराव अब पिछले साल से खराब स्थिति में पहुंच गया है। बताया गया है कि पिछले साल 21 जुलाई को बाणसागर का जलस्तर 333.37 मीटर पर था, लेकिन इस वर्ष गुरुवार को यह जल स्तर 333.18 मीटर तक गिर गया।





36. 32 प्रतिशत पानी ही बचा





बाणसागर में इस समय 36.32 प्रतिशत पानी ही बचा है। बांध से रोजाना 0.65 फीसदी पानी कम हो रहा है। बुधवार को बांध में 36.97 प्रतिशत पानी था। एमसीएम में देखें तो बाणसागर बांध में इस समय 1972.11 मिलियन घन मीटर पानी बचा है। जबकि बुधवार को बांध में 2007.54 मिलियन घन मीटर पानी था। मसलन बाणसागर से इस समय रोजाना 35 मिलियन घन मीटर पानी की कमी आती जा रही है। बाणसागर का फुल भराव जल स्तर 341.64 मीटर का है। कुल मिलाकर बाणसागर का जलस्तर इस समय एफआरएल से 8.46 मीटर नीचे है।





1978 में हुई थी शुरुआत





बाणसागर एक बहुउद्देशीय परियोजना है। इसकी शुरुआत 1978 में हुई थी। तत्कालीन प्रधानमंत्री मोरारजी देसाई ने इसका शिलान्यास किया था। इस बांध से मध्यप्रदेश के साथ साथ उत्तर प्रदेश और बिहार राज्य में भी पानी भेजा जाता है। इसमें मध्यप्रदेश की 50 फीसदी एवं उत्तर प्रदेश और बिहार राज्य की 25-25 हिस्सेदारी है। यह बांध मूलतया शहडोल जिले के देवलोंद में है जो सोन नदी में बना हुआ है। 



मध्यप्रदेश Shahdol News Rewa News रीवा न्यूज़ शहडोल न्यूज़ उत्तर प्रदेश Mp latest news in hindi बिहार Bansagar dam No rain effect बाण सागर बांध