/sootr/media/post_banners/56ba4e9573f51c25ce5339a4801b0fcc900a57e7da05bb15aefb8303aaae4c92.jpeg)
योगेश राठौर, INDORE. शहर कांग्रेस के अध्यक्ष पद पर अरविंद बागड़ी की नियुक्ति को लेकर इंदौर में बढ़ते विरोध की वजह से ये फैसला होल्ड कर दिया गया है। कांग्रेसी अरविंद बागड़ी के अध्यक्ष बनने से नाराज हैं। इसमें अध्यक्ष पद के दावेदार भी शामिल हैं। उन्होंने भोपाल में भी इसको लेकर विरोध दर्ज करवाया और पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ से मिलकर फैसला बदलने की मांग की थी। नेताओं का कहना है कि बागड़ी की बजाय गोलू अग्निहोत्री को नगर अध्यक्ष बनाया जाए। वहीं नाराज कांग्रेसियों ने इन्दौर के कांग्रेस कार्यालय पर बागड़ी का पुतला भी जलाया था।
विनय बाकलीवाल के समर्थकों ने फूंका पुतला
सोमवार को नए कांग्रेस शहर अध्यक्ष के विरोध को लेकर पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष विनय बाकलीवाल के समर्थकों ने कांग्रेस कार्यालय के बाहर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ के इस निर्णय का विरोध जताया और नए शहर अध्यक्ष का पुतला दहन कर उनका विरोध किया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के पूर्व शहर अध्यक्ष विनय बाकलीवाल के समर्थन में जमकर नारेबाजी भी की।
कार्यकर्ताओं ने दी थी सामूहिक इस्तीफे की धमकी
इस दौरान सभी कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने कहा कि धन बल के चलते कांग्रेस के नए शहर अध्यक्ष अरविंद बागड़ी को पद दे दिया गया है जो जमीन से जुड़े कार्यकर्ताओं को नागवार गुजरा है। वहीं कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने इस पूरे मामले को लेकर कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ से मिलकर उनके निर्णय को बदलने की मांग करने की बात कही थी। इसके साथ ही उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा था कि यदि नए शहर अध्यक्ष को बदला नहीं जाता तो ऐसे में कई कांग्रेसी कार्यकर्ता इस्तीफा देकर घर बैठ जाएंगे।
विनय बाकलीवाल ने कांग्रेस को मजबूत करने का काम किया
कांग्रेस के पूर्व शहर अध्यक्ष विनय बाकलीवाल के कामों की सराहना करते हुए कहा कि विनय बाकलीवाल ने इंदौर में कांग्रेस को मजबूत करने का काम किया है। इसी से नाराज कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष विनय बाकलीवाल के समर्थक द्वारा कांग्रेस के नए शहर अध्यक्ष अरविंद बागड़ी का पुतला दहन कर अपना विरोध जताया था। इस दौरान कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की थी।
ये खबर भी पढ़िए..
'फूल छाप कांग्रेसी हैं अरविंद बागड़ी'
कांग्रेसियों ने बागड़ी पर आरोप लगाते हुए कहा था कि वे फूल छाप कांग्रेसी हैं। पूर्व मंत्री उमाशंकर गुप्ता के साथ वे रहते हैं। जमीनों के विवाद में भी उनका नाम आ चुका है। कमलनाथ से मिलने वालों में नेता प्रतिपक्ष चिंटू चौकसे, शैलेश गर्ग, अनवर कादरी, अयाज बेग, अनवर दस्तक, दीपू यादव, राजू भदौरिया सहित अन्य नेता शामिल थे। अध्यक्ष पद के लिए दावेदारी कर रहे गोलू अग्निहोत्री ने सूची जारी होने के बाद अन्य नेताओं के साथ एक होटल में बैठक भी की थी।
अगले आदेश तक शहर कांग्रेस अध्यक्ष बने रहेंगे विनय बाकलीवाल
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय महासचिव एवं मध्यप्रदेश प्रभारी जय प्रकाश अग्रवाल द्वारा इंदौर शहर अध्यक्ष के पद पर अरविंद बागड़ी की नियुक्ति को होल्ड पर करते हुए तत्काल प्रभाव से रोक लगाते हुए आगामी आदेश तक विनय बाकलीवाल को यथावत रखते हुए शहर कांग्रेस के अध्यक्ष पद पर बहाल किया गया है। नई दिल्ली से जारी हुए आदेश के बाद विनय बाकलीवाल ने अपने समर्थकों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ दिल्ली से जारी स्थगन आदेश की प्रति कांग्रेस कार्यालय गांधी भवन में स्थाई मंत्री द्वारका प्रसाद चौबे को सौंपते हुए पुनः पदभार ग्रहण किया गया।