ईद का जुलूस: बड़वानी में दो पक्ष आमने-सामने, जबलपुर में पुलिस पर पथराव, धार में फेंके पत्थर

author-image
एडिट
New Update
ईद का जुलूस: बड़वानी में दो पक्ष आमने-सामने, जबलपुर में पुलिस पर पथराव, धार में फेंके पत्थर

बड़वानी/जबलपुर/धार. 19 अक्टूबर को बड़वानी (Barwani) जिले के राजपुर (Rajpur) में ईद मिलादुन्नबी (Eid Miladunnabi) के जुलूस में विवाद हो गया है। यहां जुलूस के दौरान दो पक्षों में पथराव हुआ। जानकारी के मुताबिक इसमें राजपुर थाना प्रभारी समेत 10 लोग घायल हो गए। वहीं, जबलपुर (Jabalpur) में गोहलपुर थाना इलाके में जुलूस के दौरान तनाव की स्थिति पैदा हो गई। यहां के मछली मार्केट के पास एक पक्ष के लोगों ने पटाखे फोड़ते हुए पुलिस जवानों पर पत्थर बरसाना शुरू कर दिया। जिसके बाद पुलिस ने बल प्रयोग करके उन्मादी भीड़ को खदेड़ा। इलाके में अभी भी तनाव की स्थिति बनी हुई है। इसके अलावा धार में भी बैन एरिया में जुलूस निकालने के कारण विवाद हो गया। हालांकि, पुलिस ने बल प्रयोग कर उन्मादी भीड़ को मौके से खदेड़ दिया।

जबलपुर में रोक के बाद भी निकाला जुलूस

जबलपुर में ईद मिलादुन्नबी पर्व पर शांति और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने को जहां एक ओर जिला पुलिस एक दिन पहले से ही मुस्तैद रही। चप्पे-चप्पे पर नजर रखी जा रही थी। पुलिस ने सोमवार देर शाम फ्लैग मार्च भी किया था। मंगलवार सुबह से ही पुलिस प्रशासन लगातार मुस्तैद रहा। पुलिस प्रशासन ने कोरोना गाइडलाइन का हवाला देते हुए जुलूस आदि पर प्रतिबंध लगा दिया। बावजूद इसके कुछ इलाकों से जुलूस निकाले गए। इस दौरान रोकाटोकी के बीच कुछ उपद्रवी तत्वों ने पुलिस बल पर पथराव कर दिया। 
गोहलमार्ग पर पुलिस ने भीड़ पर पाया काबू
जानकारी के मुताबिक कोतवाली थाने से गोहलपुर मार्ग पर मछली मार्केट के पास एक पक्ष के लोगों ने पटाखे फोड़े। इस गतिविधि पर अंकुश लगाने को पहुंची पुलिस तो उन पर पथराव कर दिया। पुलिस फोर्स पर पथराव के बाद हालात तनावपूर्ण हो गया। इसमें चार पुलिसकर्मी घायल हो गए। हालांकि, पुलिस ने बल प्रयोग कर पथराव करने वाली भीड़ को तितर-बितर किया। इस दौरान भीड़ को काबू में करने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले भी छोड़े। इसके बाद इलाके में भगदड़ मच गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर रोहित काशवानी के अनुसार भीड़ पर काबू पा लिया गया है। सुरक्षा के लिहाज से मछली मार्केट क्षेत्र में पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई है।

विवादित गाने की वजह से बड़वानी में विवाद

राजपुर में ईद के मौके पर जुलूस निकाला जा रहा था। जानकारी के मुताबिक, इस दौरान एक पक्ष के लोगों ने विवादित गाना डीजे पर चला दिया। जिसके बाद तनाव की स्थिति बनी तो दूसरे पक्ष के लोगों ने पथराव शुरू कर दिया। इसमें राजपुर थाना प्रभारी समेत 10 लोगों के घायल होने की खबर है। एसडीएम वीरसिंह चौहान ने बताया कि प्रशासन द्वारा जुलूस की अनुमति नहीं दी गई थी। बगैर अनुमति के जुलूस निकाला जा रहा था। फिलहाल डीजे जब्त किया जाएगा। साथ ही जांच कर कार्रवाई करेंगे।

धार में बैन एरिया में जुलूस से विवाद

धार (Dhar) में बैन एरिया (Banned Area) में ईद मिलादुन्नबी का जुलूस (juloos) निकालने पर जमकर बवाल हुआ। प्रतिबंधित क्षेत्र से जुलूस निकाल रहे लोगों को जब पुलिस ने रोकने की कोशिश की तो उन्होंने हंगामा किया। पुलिस ने जो बैरिकेड्स लगाए थे लोगों ने उसे भी गिरा दिया। थोड़ी देर में पुलिस और जुलूस में शामिल लोगों के बीच विवाद बढ़ गया और झड़प में बदल गया। भीड़ ने पुलिस पर पत्थर फेंका। पुलिस ने पहले तो हालात को संभालने की कोशिश की लेकिन फिर पुलिस को लाठी से भीड़ को खदेड़ना पड़ा।

धार: प्रतिबंधित क्षेत्र से मिलादुन्नबी जुलूस निकाला; भीड़ का पथराव, पुलिस का लाठीचार्ज

जबलपुर बड़वानी Jabalpur Rajpur ईद मिलादुन्नबी गोहलपुर थाना इलाके Eid Miladunnabi The Sootr Barwani
Advertisment