/sootr/media/post_banners/ec508a0daef0e75cd43cce89a6fd148f34f9aef31e5fe99dd2e7ae9658873f0c.jpeg)
BHOPAL. मध्य प्रदेश के भोपाल में एक महिला ने अपने परिचित पर रेप का आरोप लगाया है। भोपाल के अरबपति बिजनेस टायकून की पत्नी ने सहेली के पति के खिलाफ श्यामला हिल्स थाने में रेप और ब्लैकमेलिंग का केस दर्ज कराया है। महिला का कहना है कि आरोपियों ने उसका वीडियो भी बनाया है। बाद में पति-पत्नी पैसों के लिए ब्लैकमेल करने लगे। फिलहाल पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पीड़ित महिला ने 11 नवंबर को अपने पति और सहेली के पति पर मारपीट करने के आरोप लगाए थे। लेकिन अब पीड़िता ने अपनी सहेली और उसके पति पर आरोप लगाए हैं। पीड़ित के पति 41 हजार करोड़ की संपत्ति के मालिक हैं। पति का बिजनेस देश के 28 राज्यों के साथ 11 देशों में फैला है। 20 सेक्टर्स में उनका कारोबार है।
सहेली और उसके पति पर लगाए गंभीर आरोप
बिजनेसमैन की पत्नी ने अब अपनी सहेली और उसके पति धर्मेंद्र पर रेप और ब्लैकमेलिंग के आरोप लगाए हैं। पीड़िता का कहना है कि एक साल पहले धर्मेंद्र ने उसका रेप किया था, जिसका वीडियो मेरी सहेली मोनिका ने बनाया था। रेप के बाद से ही दोनों मुझसे पैसों की डिमांड कर रहे हैं। मैं पैसे देने को मना करती हूं तो दोनों पति-पत्नी मेरा वीडियो वायरल करने की धमकी देते हैं। धर्मेंद्र और मोनिका काफी समय में मेरा शारीरिक और मानसिक शोषण कर रहे हैं।
पीड़ित महिला ने पुलिस को बताई आपबीती
मेरी उम्र 38 साल है। टीटी नगर इलाके में रहती हूं। पति बिजनेसमैन हैं। वह मुंबई में रहते हैं। उनका कारोबार मुंबई में है। मार्च 2021 में मेरी मुलाकात एमपी नगर स्थित शॉपिंग मॉल में धर्मेन्द्र मिश्रा से हुई थी। दोनों ने एक-दूसरे का नंबर एक्सचेंज कर लिया। आपस में बात होने लगी। धर्मेन्द्र ने अपनी पत्नी मोनिका मिश्रा से मुलाकात कराई। वह सहेली बन गई। इसी बीच, धर्मेन्द्र ने मुझसे कहा - मैं तुम्हें पसंद करता हूं।
अप्रैल 2021 में धर्मेन्द्र ने अपने जन्मदिन पर मुझे घर बुलाया। घर में मोनिका भी मिली। मोनिका ने हम दोनों के रिश्ते के बारे पूछा। इस पर मैंने धर्मेन्द्र से कहा कि तुमने मोनिका को हमारी दोस्ती के बारे में क्यों बताया? उसने कहा- हम लोगों में सब चलता है। ऐसा होता रहता है। इस बीच मैं व्हाइट हाउस लॉन, श्यामला हिल्स में रूम लेकर रहने लगी। धर्मेन्द्र मुझसे मिलने होटल पहुंचा। यहां उसने मेरे साथ रेप किया।
उसने इसका वीडियो भी बना लिया। बाद में पत्नी के साथ मिलकर मुझे पैसों के लिए ब्लैकमेल करने लगा। विरोध करने पर वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड करने की धमकी देने लगा। मैंने उसकी पत्नी के अकाउंट में कुछ पैसे भी डाले। धीरे-धीरे मांग बढ़ती रही। विरोध करने पर बच्चों को जान से मारने की धमकी दी, इसलिए मैं चुप रही। परेशान होकर गुरुवार को श्यामला हिल्स थाने में मामला दर्ज कराया।
पति पर लगाए थे गंभीर आरोप
11 नवंबर को टीटी नगर थाने में धर्मेन्द्र मिश्रा के खिलाफ मारपीट करने और धमकी देने का मामला दर्ज कराया था। महिला व्हील चेयर से शिकायत करवाने के लिए पहुंची थी। इसके पहले महिला ने एक वीडियो जारी किया था, जिसमें उसने पति पर बेरहमी से मारपीट करने का आरोप लगाया था। महिला ने वीडियो में कहा था कि पति को अलग-अलग लड़कियों से शादी करने का शौक है।