छतरपुर में 25 साल के लड़के ने 55 साल की मैक्सिकन महिला से शादी के लिए आवेदन दिया, जानिए दोस्ती ऐसे प्यार में बदल गई

author-image
Atul Tiwari
एडिट
New Update
छतरपुर में 25 साल के लड़के ने 55 साल की मैक्सिकन महिला से शादी के लिए आवेदन दिया, जानिए दोस्ती ऐसे प्यार में बदल गई

CHHATARPUR. यहां एक अनोखे प्यार और शादी का मामला सामने आया है। छतरपुर के एडीएम ऑफिस में एक युवक ने 21 फरवरी को 55 साल की महिला से शादी का आवेदन लगाया। युवक खजुराहो का रहने वाला है, महिला मैक्सिकन है। यही नहीं, लड़के की उम्र 25 साल है, वहीं महिला 55 साल की है। युवक का कहना है कि उसे मैक्सिको की रहने वाली महिला से प्यार हो गया है। मेरे परिवार को भी दोनों के रिलेशन के बारे में पता है। 



मिले, बातचीत, प्यार और अब शादी



शेख अमन (25) ने एक वेबसाइट से अपनी प्रेम कहानी शेयर की है। अमन के मुताबिक, कहानी 4 साल पहले शुरू हुई थी। मैं खजुराहो की एक हैंडीक्राफ्ट दुकान में काम करता था। तभी एक विदेशी लड़की दुकान में आई। चीजों की जानकारी के लिए उसने मुझे बुलाया। उसने अपना नाम मार्था जूलिया बताया। उसने जो पूछा, मैंने उसे बता दिया। फिर वो चली गई। शाम को घर जाते वक्त वह मुझे मार्केट में मिल गई। हमने साथ में चाय पी। उसने बताया कि उसे भारत के गांव पसंद हैं। वह गांवों में घूमना चाहती है। इसके बाद मैंने दुकान से 2-3 दिन की छुट्‌टी ली और उसे गांव घुमाने ले गया। उसने बहुत सारी फोटो खींचीं। गांव के बच्चों से मिलकर वह बहुत खुश थी। गांव घूमकर उसे बहुत अच्छा लगा। गांव घूमकर हम खजुराहो वापस आए। साथ में खाना खाया। 



इसके बाद हम दोनों में दोस्ती हो गई थी। वह एक महीने यहां रुकी थी। इस दौरान मैंने कई जगहें घुमाईं। मुझे उसके साथ वक्त बिताना अच्छा लगने लगा था। हमने अपना नंबर शेयर किया। एक महीने बाद वह वापस चली गई। 2020 में कोरोना आ गया। हर जगह लॉकडाउन लग गया। विदेशी यात्राओं पर भी रोक लग गई। 2021 में लॉकडाउन में छूट मिलने के बाद वह वापस खजुराहो आई। हम दोनों मिले। फोन पर बातचीत होती ही थी। ऐसे हमारी दोस्ती और गहरी होती चली गई। 2 साल पहले मैंने अपने घरवालों को भी मार्था के बारे में बता दिया। अब वह जब भी खजुराहो आती तो मेरे साथ ही रहती थी। वह मेरे घर भी आती थी। उसे मेरा परिवार अपने हाथों से खाना बनाकर खिलाता था।



4 साल की हमारी दोस्ती में 3 बार वह मुझसे मिलने भारत आई। इस साल जब वह आई तो मैंने उससे अपने प्यार का इजहार कर दिया। हमने इस दोस्ती को एक नाम देने का सोचा। मैंने पहले अपने परिवार से बात की, पहले तो वे नाराज हुए लेकिन बाद में वे राजी हो गए। मार्था ने भी अपने परिवार को इसकी जानकारी दी। फिर हमने कोर्ट मैरिज करने का प्लान किया। इसलिए मैं और मार्था अपने वकील के साथ एडीएम ऑफिस गया और शादी के लिए अप्लीकेशन दी।



ऑनलाइन सीखी स्पेनिश



अमन का कहना है कि उसे 3 भाषाएं आती हैं। हिंदी, इंग्लिश और स्पेनिश। बुंदेलखंडी भी आती है। अमन ने यूट्यूब और किताब से पढ़कर स्पेनिश सीखी थी। मार्था भी स्पेनिश में बात करती है तो उनसे बात करते हुए स्पेनिश एकदम साफ हो गई। अब  अमन को मार्था से बात करने में कोई दिक्कत नहीं होती। इसी वजह से दोनों एक-दूसरे की बात को आसानी से समझ सके। 



जांच के बाद कार्यवाही करेंगे- एडीएम



शेख अमन के वकील नाजिम चौधरी ने बताया कि एडीएम ऑफिस में आवेदन दिया है। महिला विदेशी है तो परिजन के अलावा सरकारी मंजूरी भी जरूरी है। शेख अमन और मार्था ने कोर्ट मैरिज के डॉक्यूमेंट भी दिए हैं। एडीएम नमः शिवाय अरजरिया ने बताया कि एक आवेदन आया है। इसमें खजुराहो का रहने वाला युवक विदेश की एक लड़की के साथ शादी करना चाहता है। हम जांच कर रहे हैं। डॉक्यूमेंट की भी जांच करेंगे। इसके बाद फैसला लिया जाएगा कि परमिशन देनी है या नहीं।


MP News 25 का लड़का 55 की महिला का प्यार छतरपुर के युवा की मैक्सिकन महिला से शादी छतरपुर शादी 25 yrs Old Youth Loves 55 Yrs Old Woman Chhatarpur Man Marries Mexican Woman Chhatarpur Marriage एमपी न्यूज
Advertisment