बैरसिया में बोले कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह- कमलनाथ के नेतृत्व में लड़ेंगे विधानसभा चुनाव, मुख्यमंत्री बनेंगे कमलनाथ

author-image
The Sootr
एडिट
New Update
बैरसिया में बोले कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह- कमलनाथ के नेतृत्व में लड़ेंगे विधानसभा चुनाव, मुख्यमंत्री बनेंगे कमलनाथ

BHOPAL. पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने कार्यकर्ताओं को साधना शुरु कर दिया है। दिग्विजय का फोकस प्रदेश की उन 65 सीटों पर है जहां पर पार्टी लगातार तीन बार से हार रही है। बैरसिया और गोविंदपुरा उन्ही सीटों में शुमार हैं। दिग्विजय ने इन दो सीटों से ही अपने समन्वय के अभियान की शुरुवात की है। दिग्विजय ने कार्यकर्ताओं से कहा कि कमलनाथ के नेतृत्व में कांग्रेस चुनाव लड़ रही है इसलिए वे ही मुख्यमंत्री होंगे। दिग्विजय ने कहा कि बैरसिया और गोविंदपुरा जैसी सीटों पर छह महीने पहले उम्मीदवार घोषित होने चाहिए लेकिन पार्टी की एक प्रक्रिया है उसी के तहत टिकट दिए जाएंगे। 



जिनको बीजेपी में जाना है वे आज चले जाएं 



दिग्विजय ने मंडलम,सेक्टर और ब्लॉक के नेताओं की अलग-अलग बैठकें लीं। दिग्विजय ने कहा कि जिनको बीजेपी में जाना है वे आज चले जाएं, जिनको कांग्रेस में रहना है वे ईमानदारी से रहें। इस बार बिकाउ को टिकट नहीं मिलेगी क्योंकि नेताओं के बिकने के बाद अब हम सतर्क हो गए हैं। इसलिए जांच परख कर निष्ठावान को ही टिकिट दी जाएगी। 



बीजेपी में चल रही कमीशनखोरी 



दिग्विजय सिंह ने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे डरना छोड़ दें। बीजेपी में कमीशनखोरी चल रही है और पार्टी के नेता उसी में लगे हुए हैं। चालीस से पचास फीसदी की कमीशनखोरी कर हैं बीजेपी के नेता। जिला पंचायत के अधिकारी उगाही कर रहे हैं। प्रदेश में पचायती राज खत्म कर दिया गया है। सरपंच परेशान हैं। दिग्विजय ने कहा कि वे अब सांसद निधि मंडल-सेक्टर के नेताओं की मांग के आधार पर खर्च करेंगे।



ये भी पढ़ें...



सीहोर में रुद्राक्ष वितरण कार्यक्रम के कारण बिगड़े हालात पर मानव अधिकार आयोग सख्त, कलेक्टर-एसपी से पूछा- आपने क्या किया ?



एक-एक बूथ पर कांग्रेस के लिए मजबूती से काम करना चाहिए



प्रदेश कांग्रेस के निर्देश पर जिला कांग्रेस कमेटी ने पूरी बैठक में अनुशासन का विशेष ध्यान रखा। सभी मंडलम-सेक्टर के अध्यक्षों को ब्लॉक के हिसाब से बैठाया गया। पूर्व सीएम के संबोधन से पहले भोपाल जिले के प्रभारी मुकेश नायक ने अपने संबोधन में कहा कि अब सभी को चुनाव के हिसाब से अपनी कमर कस लेनी चाहिए व जमीनी स्तर पर एक एक बूथ पर कांग्रेस के लिए मजबूती से काम करना चाहिए। बैठक के द्वितीय सत्र में सेवादल, युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस, एनएसयूआई सहित अन्य विभागों व प्रकोष्ठों के कार्यकर्ता मौजूद रहे।



कार्यकर्ताओं को दिया भाषण के लिए खुला मंच



सार्वजनिक बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने कार्यकर्ताओं को खुला मंच दिया और कहा जो भी भाषण देना चाहता है वो मंच से आकर अपनी बात रखे। इस दौरान दिग्विजय सिंह जी मंच पर न बैठकर कार्यकर्ताओं के साथ बैठे। पूर्व मंत्री व जिला प्रभारी मुकेश नायक जी ने राम कथा के कुछ प्रसंग सुनाकर उपस्थित जनों को बताया कि भारतीय जनता पार्टी किस तरह से भ्रम फैलाकर सत्ता का खेल रचती है। 



एकजुट होकर पार्टी के लिए काम करने का किया आह्वान 



पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह जी ने द्वितीय सत्र में अपने संबोधन में सभी कार्यकर्ताओं को एकता का पाठ पढ़ाते हुए सभी शिकवे शिकायत को मिटाकर एकजुट होकर पार्टी के लिए काम करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि डरो मत, डटकर जनता के हितों के लिये संघर्ष करो।  बैठक में जिला कांग्रेस ग्रामीण के अध्यक्ष अरुण श्रीवास्तव, जिले के सह प्रभारी मनोज कपूर, जिला पंचायत सदस्य द्वय अवनीश भार्गव व विक्रम भालेश्वर, जयश्री हरिकरण, रामभाई मेहर सहित अन्य वरिष्ठ कांग्रेस जन विशेष रूप से उपस्थित थे।


former Chief Minister Digvijay Singh Digvijay Singh met Congress workers एमपी विधानसभा चुनाव 2023 पीसीसी चीफ कमलनाथ PCC Chief Kamal Nath Chief Minister of Madhya Pradesh कांग्रेस कार्यकर्ताओं से मिले दिग्विजय सिंह MP Assembly Election 2023 पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह मध्यप्रदे का मुख्यमंत्री