/sootr/media/post_banners/745d25b6d9f33b72a09c544669e2ca813096f7b14e712f6da3fc3c5710599273.jpeg)
देव श्रीमाली, GWALIOR. जब पूरा शहर 2022 की विदाई और नववर्ष के आगमन के जश्न में डूबा हुआ था, उसी दौरान ग्वालियर में एक महिला की उसी की बेटी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर चाकू से गोदकर हत्या कर दी। ममता का शव घर में बेड के नीचे रजाई में लिपटा मिला। वह यहां किराए से रहती थी। गिरफ्तार होने के बाद युवती ने बताया कि उसकी मां हमारे प्यार में बाधा बन रही थी, इसलिए उसकी हत्या कर दी।
खून से लथपथ मिली थी लाश
एसएसपी अमित सांघी ने बताया कि हजीरा इलाके में रहने वाली ममता का शव 31 दिसंबर की रात घर में खून से लथपथ मिला था। जब पुलिस मौके पर पहुंची तो मृतक महिला की बेटी पूनम भाग चुकी थी। प्रेमी जोड़े ने बेरहमी से महिला की हत्या कर उसके शव को कम्बल में लपेटकर पलंग के नीचे रखा था और भाग गए थे।
ये भी पढ़ें...
सीसीटीवी फुटेज से खुला हत्या का राज
मौके पर पहुंची पुलिस को पता चला कि पूनम दो बार अपने प्रेमी सोनू ओझा निवासी लूटपुरा के साथ भाग चुकी है। इसलिए सबसे पहले पुलिस सोनू के घर ही पहुंची। यहां से सोनू भी गायब था। फिर पुलिस ने ममता के घर के आसपास लगे कैमरों की छानबीन की। कैमरे की फुटेज में पूनम हड़बड़ी में घर से बाहर जाती हुई दिखी, लेकिन वापस नहीं लौटी। इसके बाद उसकी तलाश शुरू की गई। दोनों आरोपियों के पकड़े जाने के बाद उन्होंने हत्या करना कबूल किया।
धार में लड़की पर चाकू से हमला, हालत गंभीर, इंदौर रेफर
एक इसी तरह का मामला धार में भी सामने आया है। मध्य प्रदेश के धार के दिलावरा रोड पर एक युवक ने लड़की के घर में घुसकर उस पर चाकू से हमला कर दिया। इससे लड़की गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद परिजन उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार करने के बाद इंदौर रेफर कर दिया है। बताया जा रहा है कि लखन परमार नाम का आरोपी युवक लड़की का पड़ोसी है। दोनों के बीच प्रेस प्रसंग चल रहा था, लेकिन बीते 6 माह से लड़की ने उससे बात करना बंद कर दिया था। इस बात से नाराज होकर आरोपी युवक ने लड़की के घर में घुसकर उस पर जानलेवा हमला कर दिया।