मुकेश वर्मा, RAJGARH. पीड़ित महिला ने सीलखेड़ा निवासी युवक और उसके दो दोस्तों पर बंधक बनाकर रेप करने का आरोप लगाया है। महिला का कहना है कि आरोपियों ने जान से मारने की धमकी देकर कई बार रेप किया। राजगढ़ थाना कोतवाली में केस दर्ज किया गया है। कालीपीठ थाने अंतर्गत दुरगांव की रहने वाली 22 वर्षीय महिला ने केस दर्ज करवाया है। ये घटना 10 अक्टूबर से 11 नबंवर के बीच की बताई जा रही है।
ये है पूरा मामला
पीड़ित महिला ने पुलिस को बताया कि वो जिला अस्पताल राजगढ़ में अपना इलाज करवाने के लिए गई थी। यहां पर उसकी मुलाकात ज्ञान सिंह नामक युवक से हुई। दोनों के बीच दोस्ती हुई। पीड़ित महिला का कहना है कि युवक ने महिला को बहन बनाकर उसकी मदद करने का भरोसा दिलाता था। महिला उसके बहकावे में आकर उसके साथ शीलखेड़ा गांव चली गई। यहां पर कई दिनों तक उसके साथ रेप हुआ है। कुछ दिनों के बाद महिला को समाज का भय दिखाकर आरोपी गुजरात के मोरवी ले गया, जहां उसने महिला के साथ कई बार ज्यादती की। इसके बाद आरोपी ज्ञान सिंह महिला को नजीराबाद और फिर नरसिंहगढ़ लाता है, जहां पर बारी-बारी से उसके दोस्त महिला का रेप करते हैं।
महिला को दी धमकी
आखिरी में तीनों आरोपियों द्वारा कुछ न बोलने की शर्त पर महिला को छोड़ दिया। आरोपियों ने महिला को धमकी दी कि उसने इस बारे में किसी को कुछ बताया तो जान से मार देंगे। आरोपी पीड़ित महिला को उसके घर पर छोड़कर गए। आरोपी जब महिला को छोड़ने उसके गांव आते हैं तो महिला का पति मौकम सिंह मिल जाता है। पिता को देखकर आरोपी ज्ञान सिंह और भगवान सिंह बस स्टैंड से ही भाग जाते हैं। पति और ननद के साथ रेप पीड़ित महिला 12 नवंबर की रात में थाना पहुंची। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 376, 376 (2) एन, 376 डी, 366, 344, 506 में मामला दर्ज किया है।
पुलिस मामले की जांच कर रही
राजगढ़ थाना प्रभारी उमेश यादव ने मीडिया को बताया कि केस दर्ज कर लिया गया है। तीनों आरोपियों की जल्द ही गिरफ्तारी की जाएगी। मामले की जांच कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।