ग्वालियर में बांसुरी वादक हल्दीपुर को तानसेन अलंकरण से नवाजा, शानदार प्रस्तुति से दर्शकों का मन मोहा

author-image
The Sootr CG
एडिट
New Update
ग्वालियर में बांसुरी वादक हल्दीपुर को तानसेन अलंकरण से नवाजा, शानदार प्रस्तुति से दर्शकों का मन मोहा

देव श्रीमाली, GWALIOR. भारतीय शास्त्रीय संगीत के क्षेत्र में देश के सर्वाधिक प्रतिष्ठित महोत्सव "तानसेन समारोह'' का संगीतधानी ग्वालियर में भव्य शुभारंभ हुआ। यहां हजीरा स्थित सुर सम्राट तानसेन की समाधि के समीप चैन्नकेशव मंदिर बेलूर की थीम पर बने भव्य और आकर्षक मंच पर 19 दिसंबर की सांध्यबेला में आयोजित हुए भव्य समारोह में देश के सुप्रतिष्ठित बांसुरी वादक पंडित नित्यानंद हल्दीपुर मुम्बई को वर्ष 2021 के "राष्ट्रीय तानसेन सम्मान'' से विभूषित किया गया। साथ ही मुम्बई की संस्था सामवेद सोसायटी फॉर परफार्मिंग आर्ट को साल 2021 के “राजा मानसिंह तोमर सम्मान” से अलंकृत किया गया। यह सम्मान कला और संस्कृति के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य कर रही संस्था को दिया जाता है। 



संस्कृति मंत्री ने दिया अलंकरण



समारोह में संस्कृति मंत्री उषा ठाकुर, संभाग आयुक्त  दीपक सिंह,  पंडित किरण देश पांडेय, अभय चौधरी, संचालक संस्कृति, अदिति कुमार त्रिपाठी सहित अन्य अतिथियों ने पंडित नित्यानंद हल्दीपुर को राष्ट्रीय तानसेन अलंकरण के रूप में आयकर मुक्त दो लाख रुपए की सम्मान राशि, प्रशस्ति पट्टिका और शॉल-श्रीफल भेंट किए। मध्यप्रदेश सरकार द्वारा संगीत सम्राट तानसेन के नाम से स्थापित यह सम्मान भारतीय शास्त्रीय संगीत के क्षेत्र में सर्वोच्च राष्ट्रीय संगीत सम्मान है। राष्ट्रीय राजा मानसिंह तोमर सम्मान के रूप में सामवेद सोसायटी फॉर परफार्मिंग आर्ट संस्था को एक लाख रूपए की आयकर मुक्त राशि और प्रशस्ति पट्टिका भेंट कर सम्मानित किया गया। संस्था की ओर से श्रीमती उमा डोंगरा ने यह सम्मान ग्रहण किया।



पहले किया गया प्रशस्ति वाचन



आरंभ में अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलन कर इस साल के विश्व संगीत समागम तानसेन समारोह का विधिवत शुभारंभ किया। राष्ट्रीय तानसेन अलंकरण और राजा मानसिंह तोमर सम्मान प्रदान करने से पहले संचालक संस्कृति अदिति कुमार त्रिपाठी ने स्वागत उद्बोधन दिया और सम्मानित विभूतियों के सम्मान में प्रशस्ति वाचन किया।



ये रहे उपस्थित



इस अवसर पर  महापौर डॉ. शोभा सतीश सिकरवार, राजा मानसिंह संगीत और कला विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. साहित्य कुमार नाहर, अतरिक्त पुलिस महानिदेशक डी श्रीनिवास वर्मा, कलेक्टर कौशलेन्द्र विक्रम सिंह, पुलिस अधीक्षक अमित सांघी, नगर निगम आयुक्त  किशोर कन्याल, अपर कलेक्टर एचबी शर्मा, उस्ताद अलाउद्दीन खां संगीत एवं कला अकादमी के निदेशक  जयंत माधव भिसे और उप निदेशक राहुल रस्तोगी भी मौजूद थे।


ग्वालियर न्यूज तानसेन समारोह Gwalior News पंडित नित्यानंद हल्दीपुर को मिला तानसेन सम्मान राजा मानसिंह तोमर सम्मान Pandit Nityanand Haldipur got Tansen Samman Tansen ceremony Raja Mansingh Tomar Samman
Advertisment