/sootr/media/post_banners/8f103651f94b3af02d2c791d95c522044e54b2ac6598efce3ef999e49d523eb4.jpeg)
देव श्रीमाली, GWALIOR. प्रतिवर्ष की तरह नगर निगम ग्वालियर द्वारा पिंगलनाम नवसवंत्सर के स्वागत के लिए नव संवत्सर महोत्सव का आयोजन किया गया, जिसमें शहर के सैकड़ों गणमान्य नागरिकों द्वारा नूतन वर्ष पर भगवान भुवन भास्कर की प्रथम किरण को अर्घ्यदान देकर नये वर्ष का स्वागत किया गया। ग्वालियर शहर के विकास, ग्वालियर शहर को स्वच्छता में नम्बर-1 बनाने एवं नागरिकों की सुख समृद्वि की कामना की। इस अवसर पर कलेक्टर अक्षय कुमार सिंह, नगर निगम आयुक्त किशोर कन्याल, यशवंत इंदापुरकर, पूर्व महापौर श्रीमती समीक्षा गुप्ता, संगीत विश्वविद्यालय के कुलपति साहित्य कुमार नाहर, अपर आयुक्त आरके श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में शहर के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। खास बात ये भी रही कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की पहल पर होने वाले इस आयोजन में सभापति से लेकर बीजेपी का एक भी पार्षद शामिल होने नहीं पहुंचा।
सुबह चार बजे से शुरू हुआ आयोजन
नगर निगम, ग्वालियर एवं संस्कार भारती के संयोजन में फूलबाग स्थित जलविहार के मनमोहक, आकर्षक विद्युत सज्जा से सुसज्जित परिसर में आयोजित नव सवंत्सर महोत्सव का शुभारंभ प्रातः 4.40 बजे, संकीर्तन यात्रा के साथ किया गया। इसके पश्चात सुश्री लक्ष्मी धवल द्वारा शुभारंभ गीत ज्योति कलश छलके... की प्रस्तुति दी गई। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्जवलन कर किया गया। संस्कार भारती के कलाकारों द्वारा जैन वाणी प्रार्थना की प्रस्तुति दी गई। वैदिक ऋचाओं का वाचन किया गया।
ये भी देखें...
संकल्प गीत और बांसुरी वादन भी हुआ
इस मौके पर शारदा नाद मंदिर के छात्र-छात्राओं द्वारा संकल्प गीत की प्रस्तुति दी गई, जिसमें हम करें राष्ट्र आराधन... की प्रस्तुति दी गई तथा कार्यक्रम के अगले क्रम में 5.24 मिनट पर पंडित संतोष संत इंदौर के द्वारा बांसुरी वादन की प्रस्तुति दी।
नए साल के स्वागत में शंख बजाए गए
कार्यक्रम के अगले क्रम में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ रमतूला एवं शंख ध्वनि के साथ भगवान भुवन भास्कर की प्रथम रश्मि को अर्घ्यदान देकर शहर के विकास एवं जगत कल्याण की कामना के साथ जलबिहार परिसर में उपस्थित सैकड़ों की संख्याओं में गणमान्य नागरिकों द्वारा दी गई।
स्वच्छता का लिया संकल्प
कार्यक्रम में नगर निगम आयुक्त किशोर कन्याल द्वारा शहरवासियों को नूतन वर्ष की शुभकामनाएं एवं संदेश दिया। जिसमें निगमायुक्त कन्याल ने कहा कि आज सृष्टि के सृजन का दिवस है। अब नूतन वर्ष में हमारे सामने सबसे महत्वपूर्ण चुनौती हैं, जिसमें हम सभी को स्वच्छता की आदत को अपने जीवन में शुमार करने की आदत डालनी होगी। सभी महिलाएं एवं पुरुष स्वच्छता को अपने जीवन में अपनाएं। जब हमारा शहर स्वच्छ होगा तो हम सभी स्वस्थ्य एवं समृद्वशाली रहेंगे। उन्होंने कहा कि नवसंवत्सर नए संकल्प लेने का अवसर है। आज इस नए वर्ष के अवसर पर हम सभी को अपने शहर ग्वालियर को देश का सबसे स्वच्छ शहर बनाने का संकल्प लेना चाहिए। इसके पश्चात सुश्री अंकिता अनूप कैलसिया द्वारा स्वच्छता गीत की प्रस्तुति दी गई।
गीत-संगीत से नए साल का स्वागत किया
कार्यक्रमों में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां प्रांरभ की गई जिसमें देवी आव्हान आगोमनी बीएससीए द्वारा तथा सूर्यआव्हान समूह नृत्य की प्रस्तुति एवं प्रमुख पारंपरिक वाद्यों की संगत लोक वाद्य कचहरी की प्रस्तुति। कल्पना विनोद मिश्रा दतिया द्वारा दी गई। इसके बाद माइकल समूह द्वारा गणेश वंदना की प्रस्तुति, कल्याण कत्थक केन्द एवं शिखा डांस अकादमी के कलासाधकों द्वारा लोक परंपरापराओं पर आधारित नृत्यांजलि की प्रस्तुति दी गई। कला संयोग नृत्य अकादमी के कलाकारों द्वारा शास्त्रीय नृत्य एवं सुश्री वैष्णवी शर्मा द्वारा भरतनाटयम की प्रस्तुति दी गई। वहीं कत्थक निकेतन एवं अन्य संस्थानों के कलाकारों द्वारा भी विभिन्न आयोजनों की प्रस्तुति दी गई।