लोहिया सदन लाइब्रेरी का शुभारंभ: महात्मा गांधी का रास्ता आज की समस्याओं का समाधान- संतोष चौबे

author-image
एडिट
New Update
लोहिया सदन लाइब्रेरी का शुभारंभ: महात्मा गांधी का रास्ता आज की समस्याओं का समाधान- संतोष चौबे

भोपाल. 2 अक्टूबर को गांधी जयंती के मौके पर जहांगीराबाद स्थित लोहिया सदन के पुस्तकालय का शुभारम्भ किया गया। इस लाइब्रेरी की स्थापना प्रख्यात समाजवादी चिंतक रघु ठाकुर के प्रयासों से की गई है। इस कार्यक्रम में पुस्तकालय के दो कक्षों का लोकार्पण भी किया गया। ललितपुर के जाने माने चिकित्सक प्रख्यात समाजवादी चिंतक स्वर्गीय शादी लाल दुबे की स्मृति को समर्पित कक्ष का उद्घाटन मदन जैन ने और समालोचक विजय देव नारायण साही की स्मृति को समर्पित कक्ष का उद्घाटन जयंत सिंह तोमर ने किया। इस अवसर पर चम्पारण में महात्मा गांधी की जान बचाने वाले बतख मियां पर केन्द्रित एम डबल्यू अंसारी की लिखी हिन्दी किताब का विमोचन किया गया।

गांधी के विचार वैकल्पिक दुनिया का रास्ता-चौबे

इस मौके पर रवीन्द्रनाथ टैगोर यूनिवर्सिटी भोपाल के कुलाधिपति संतोष चौबे ने कहा कि महात्मा गांधी हमें एक वैकल्पिक दुनिया का रास्ता दिखाते हैं जिस पर चलकर हम अपने युग की तकलीफों से मुक्ति पा सकते हैं। प्रसिद्ध चिंतक- लेखक शुमाखर ने 'स्माल इज ब्यूटीफुल' किताब में दुनिया को सुन्दर बनाने के जो उपाय सुझाए हैं, महात्मा गांधी ने बीसवीं शताब्दी की शुरुआत में ही 'हिन्द- स्वराज' में उन्हीं बातों का संकेत किया था।

इन लोगों की मौजूदगी में कार्यक्रम

प्रख्यात समाजवादी चिंतक रघु ठाकुर की उपस्थिति में आयोजित दो सत्रों के इस आयोजन में मीडिया विश्लेषक पुष्पेन्द्र पाल सिंह, प्रसिद्ध सिनेमा विशेषज्ञ अजित राय, जाने माने पत्रकार सुधीर सक्सेना, साहित्यकार बलराम गुमास्ता, छत्तीसगढ़ के पूर्व पुलिस महानिदेशक एम डबल्यू अंसारी विशेष रूप से उपस्थित थे। लोहिया पुस्तकालय की निदेशक डॉक्टर शिवा श्रीवास्तव, लोकतांत्रिक समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विन्देश्वरी पटेल ने अतिथियों का स्वागत किया। इस अवसर पर लोकतांत्रिक समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्यामसुन्दर यादव और शायर मंजर भोपाली विशेष रूप से उपस्थित थे।

समस्याओं का इलाज गांधी के रास्तों पर- रघु

कार्यक्रम में रघु ठाकुर ने अपने उद्बोधन में कहा कि मौजूदा विश्व की सभी समस्या का इलाज गांधी के रास्ते पर चलकर ही मिलेगा। वहीं, पुष्पेन्द्र पाल सिंह ने महात्मा गांधी की प्रासंगिकता पर बोलते हुए कहा कि आज रघु ठाकुर जैसे नायकों में ही गांधीजी की झलक मिलती है। इस अवसर पर अजित राय ने कहा कि गांधीजी विश्व सिनेमा के लिए भी एक महत्वपूर्ण विषय रहे हैं।

Gandhi Jayanti The Sootr Raghu Thakur lohia sadan santosh choukey