बीजेपी ने मंत्रियों- नेताओं को मोर्चे पर लगाया- खंडवा लोकसभा के लिए 7 मंत्रियों को जिम्मेदारी

author-image
एडिट
New Update

बीजेपी ने मंत्रियों- नेताओं को मोर्चे पर लगाया- खंडवा लोकसभा के लिए 7 मंत्रियों को जिम्मेदारी

भोपाल। मध्य प्रदेश में कोरोना की दूसरी लहर थमते ही बीजेपी औऱ कांग्रेस ने राज्य में लोकसभा और विधानसभा सीटों के उपचुनाव के लिए तैयारी शुरू कर दी है। बीजेपी ने विधानसभा की तीन सीटों और खंडवा लोकसभा के उपचुनाव के लिए बीजेपी ने मंत्रियों और संगठन के पदाधिकारियों को जिम्मेदारी सौंप दी है। रविवार,25 जुलाई को बीजेपी मुख्यालय में उपचुनावों के मद्देनजर एक बड़ी बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक में प्रदेश प्रभारी मुरलीधर राव, सीएम शिवराज सिंह चौहान, प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा समेत कई वरिष्ठ नेता और मंत्री शामिल हुए। बैठक के दौरान उपचुनाव को लेकर चर्चा हुई और जिम्मेदारी तय की गई।

खंडवा लोस उपचुनाव के लिए विधानसभावार जिम्मेदारी

खंडवा लोकसभा उप चुनाव के लिए सरकार के मंत्रियों और संगठन के पदाधिकारियों को विधानसभा क्षेत्र के अनुसार जिम्मा सौंपा गया है। लोकसभा क्षेत्र के नेपानगर विधानसभा क्षेत्र का जिम्मा मंत्री तुलसी सिलावट और संगठनात्मक दृष्टि से प्रदेश उपाध्यक्ष बहादुर सिंह सौंधिया को सौंपा गया है। बुरहानपुर विधानसभा क्षेत्र का जिम्मा मंत्री इंदर सिंह परमार, संगठन की ओर से गोपीकृष्ण नेमा को सौंपा गया है। वहीं मंधाता विधानसभा क्षेत्र की जिम्मेदारी मंत्री विजय शाह और संगठन में प्रदेश महामंत्री कविता पाटीदार की होगी। खंडवा विधानसभा क्षेत्र के लिए मंत्री कमल पटेल, बीजेपी नेता जसवंत सिंह हाड़ा और किसान मोर्चा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बंशीलाल गुर्जर को जिम्मा सौंपा गया है।खंडवा लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत पंधाना विधानसभा की जिम्मेदारी मंत्री मोहन यादव, सांसद शंकर लालवानी और प्रदेश कोषाध्यक्ष अनिल जैन को सौंपी गई है। बागली विधानसभा क्षेत्र का जिम्मा मंत्री उषा ठाकुर और प्रदेश उपाध्यक्ष चिंतामणि मालवीय को सौंपा गया है। भीकनगांव विधानसभा क्षेत्र में मंत्री जगदीश देवड़ा और प्रदेश उपाध्यक्ष जीतू जिराती को तैनात किया गया है। वहीं बड़वाह विधानसभा क्षेत्र का दायित्व मंत्री जगदीश देवड़ा और सांसद सुधीर गुप्ता को सौंपा गया है। चूंकि लोकसभा क्षेत्र चार जिलों में फैला है इसलिए जिलों के अनुसार संगठन के नेताओं को भी दायित्व सौंपा गया है। बुरहानपुर जिले में आलोक शर्मा, खंडवा जिले में कविता पाटीदार, देवास जिले में चिंतामणि मालवीय और खरगोन में जीतू जिराती जिला स्तर पर जिम्मा संभालेंगे।

पृथ्वीपुर विस के लिए भदौरिया, कुशवाह को जिम्मा

निवाड़ी जिले के पृथ्वीपुर विधानसभा में होने वाले उपचुनाव की जिम्मेदारी मंत्री अरविंद सिंह भदौरिया, मंत्री भारत सिंह कुशवाह की होगी। इसके साथ ही संगठन के नेता मुकेश सिंह चतुर्वेदी, ललिता यादव और प्रभुदयाल कुशवाह भी पृथ्वीपुर सीट पर होने जा रहे उपचुनाव में अहम जिम्मेदारी निभाएंगे।

रैगांव विस सीट के लिए 3 मंत्रियों को जिम्मा

सतना जिले के रैगांव विधानसभा क्षेत्र मंत्री रामखिलावन पटेल, मंत्री बिसाहूलाल सिंह और मंत्री बृजेन्द्र प्रताप सिंह के जिम्मे होगा। वहीं संगठन की ओर से सांसद गणेश सिंह, राजेंद्र शुक्ल, शरदेंदु तिवारी, योगेश ताम्रकार, राजेश पाण्डेय अपना जिम्मा संभालेंगे।

मध्य प्रदेश में उपचुनाव