एमपी में एनकाउंटर: मुरैना गोलीकांड के आरोपी को शॉर्ट एनकाउंटर में पैर में लगी गोली, मुख्य आरोपी अजीत ने की थी 6 लोगों की हत्या

author-image
The Sootr
एडिट
New Update
एमपी में एनकाउंटर: मुरैना गोलीकांड के आरोपी को शॉर्ट एनकाउंटर में पैर में लगी गोली, मुख्य आरोपी अजीत ने की थी 6 लोगों की हत्या

BHOPAL. एमपी के मुरैना जिले के लेपा गांव में हुए गोलीकांड में 6 लोगों की गोली मारकर हत्या करने वाले दोनों मुख्य आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपियों ने गिरफ्तारी से बचने के लिए पुलिस पर गोलियां चला दी। बदले में पुलिस ने फायरिंग की जिसमें मुख्य आरोपी आजीत के पैर में गोली और भूपेंद्र को सिर में हल्की चोट आई है। मुठभेड़ मंगलवार सुबह करीब 5 बजे हुई।



सरेंडर करने को कहा तो पुलिस पर बरसाई गोलियां



मुरैना पुलिस के मुताबिक उन्हें मुखबिर से सूचना मिली थी कि दोनों मुख्य आरोपी महुआ थाना इलाके की उसेद घाट के पास देखे गए हैं। दोनों नदी किनारे होते हुए बाहर निकलने की प्लानिंग में हैं। उसके बाद पुलिस की टीम ने इन दोनों को चारों तरफ से घेर लिया और सरेंडर करने के लिए कहा, लेकिन इसके जवाब में इन दोनों आरोपियों ने पुलिस पर फायरिंग करना शुरू कर दिया। उसके जवाब में पुलिस ने भी दोनों पर फायरिंग की, जिसमें से मुख्य आरोपी अजीत सिंह के पैर गोली लगी है, जिससे वह घायल हो गया और उसके बाद इन दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों से 315 बोर की बंदूक भी बरामद की गई है।



आरोपियों पर था इनाम



इस जघन्य हत्याकांड के आरोपी धीर सिंह, रज्जो देवी, पुष्पा और सोनू तोमर को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। शुरुआत में सभी आरोपियों पर 10-10 हजार रुपए का इनाम घोषित था, जिसे बाद में बढ़ाकर 30 हजार रुपए कर दिया गया था। शॉर्ट एनकाउंटर में अजीत सिंह तोमर और भूपेंद्र सिंह तोमर भी पकड़े गए हैं। इस मामले में अब भी 4 आरोपी फरार है जिनके नाम श्यामू पुत्र धीर सिंह तोमर, मोनू पुत्र धीर सिंह तोमर, रामू पुत्र धीर सिंह तोमर और गौरव पुत्र सूरजभान सिंह तोमर हैं।



क्या था मामला



यह पूरा मामला पुरानी रंजिश से जुड़ा है। दरअसल, साल 2013 में लेपा गांव में रहने वाले धीर सिंह और गजेंद्र सिंह के परिवार के बीच एक स्थान पर कचरा डालने को लेकर विवाद हो गया था। विवाद  इतना बढ़ गया कि धीर सिंह के परिवार के सोबरन और वीरभान की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। जिसके बाद धीर सिंह के परिवार के अजित और भूपेंद्र ने गजेंद्र सिंह के परिवार के 6 लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी। 


मुरैना गोलीकांड police shot in the leg 6 people shot dead MP police encounter MP Police Morena shootout मध्यप्रदेश समाचार पुलिस ने पैर में मारी गोली 6 लोगों की गोली मारकर हत्या एमपी पुलिस का एनकाउंटर