MP असेबली में BBC डॉक्यूमेंट्री निंदा प्रस्ताव पर हंगामा; BJP MLA उमाकांत शर्मा बोले- मैं गिड़गिड़ा रहा हूं, अफसर तानाशाही हो गए

author-image
Atul Tiwari
एडिट
New Update
MP असेबली में BBC डॉक्यूमेंट्री निंदा प्रस्ताव पर हंगामा; BJP MLA उमाकांत शर्मा बोले- मैं गिड़गिड़ा रहा हूं, अफसर तानाशाही हो गए

BHOPAL. मध्य प्रदेश विधानसभा का बजट सत्र जारी है। 14 मार्च की कार्यवाही शुरू होते ही कांग्रेस ने सदन से वॉकआउट कर दिया। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि BBC की डॉक्यूमेंट्री के खिलाफ सदन में नियम विरुद्ध तरीके से निंदा प्रस्ताव लाया गया। नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविंद सिंह ने कहा कि ऐसा कहा गया कि सर्वसम्मति से यह प्रस्ताव पारित हुआ, लेकिन मैंने खड़े होकर उसी समय इस प्रस्ताव का विरोध किया था। शून्यकाल में कभी भी कोई संकल्प नहीं लाया जा सकता। कार्य मंत्रणा समिति में भी इसकी कोई चर्चा नहीं हुई थी। विधानसभा अध्यक्ष नियम विरुद्ध तरीके से सदन चला रहे हैं। मूकदर्शक बने हुए हैं। 13 मार्च को सदन में शून्यकाल के दौरान BBC की डॉक्यूमेंट्री 'इंडिया: द मोदी क्वेश्चन' के खिलाफ अशासकीय संकल्प (निंदा) प्रस्ताव पास हुआ।



सदन में ये हुआ



सदन की कार्यवाही शुरू होते ही नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविंद सिंह बोले- BBC डॉक्यूमेंट्री के खिलाफ प्रस्ताव नियम के तहत नहीं लाया गया। मैं इसका विरोध करता हूं। यह परंपरा लोकतांत्रिक नियमों के तहत नहीं। सत्ता पक्ष लोकतंत्र की धज्जियां उड़ा रहा है। इस पर संसदीय कार्यमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कहा- प्रस्ताव जब पास हो रहा था, तब कमलनाथ को छोड़कर अन्य कांग्रेस के सदस्य मौजूद थे। ये हमारा देश का विरोध कर रहे हैं। कांग्रेस नेता सज्जन सिंह वर्मा ने कहा- अध्यक्ष महोदय, नियम प्रक्रिया के तहत सदन नहीं चल रहा है। नियम प्रक्रिया वाली किताब फेंकी जा रही है। विधानसभा अध्यक्ष गिरीश गौतम ने कहा कि BBC के मामले पर ना किसी की जीत हुई, ना हार। जो हुआ, नियमों के तहत हुआ। बहस के बाद कांग्रेसी विधायकों ने वॉकआउट कर दिया।



ये मुद्दे भी उठे



अपने सवाल के जवाब पर सदन में बीजेपी विधायक उमाकांत शर्मा नाराज हो गए। कहा- मैं गिड़गिड़ा रहा हूं, निरीह हूं,अधिकारी तानाशाही कर रहे हैं। जहां पानी कमर तक भरा है, वहां स्कूल बनाने की डीपीआर बना दी। इस पर मंत्री इंदर सिंह परमार ने कहा कि आपकी सहमति के बाद ही स्कूल बनाएंगे। सीएम राइस स्कूल के सवाल पर भी हंगामा हुआ। सज्जन वर्मा ने कहा कि प्रभारी प्राचार्यों के भरोसे स्कूल चल रहे हैं। स्कूलों की बिल्डिंग तक नहीं है। इस पर परमार ने कहा कि 274 स्कूलों में से 104 में प्राचार्य, 102 में उप प्राचार्य और 68 स्कूलों में प्रभारी प्राचार्य नियुक्त हैं। कमलनाथ ने कहा कि 7 महीने बचे हैं, हम सभी विधायकों की मांग पूरी करेंगे। नरोत्तम ने तंज कसा कि बनी बनाई सरकार तो चला नहीं पाए, नई सरकार क्या बनाएंगे। 



जीतू पटवारी के निलंबन से कांग्रेस नाराज



बजट सत्र के 5वें दिन कांग्रेस विधायक जीतू पटवारी को स्पीकर ने बजट सत्र की बाकी अवधि के लिए निलंबित कर दिया था। इस पर कांग्रेस ने हंगामा किया था। इसके बाद सत्र 13 मार्च की सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया था। 13 से सदन की कार्यवाही फिर शुरू हुई।

 


एमपी असेंबली बजट सेशन 2023 MP News MP Assembly Budget Session 2023 एमपी विधानसभा जीतू पटवारी निलंबन एमपी असेंबली सत्र कांग्रेस हंगामा MP Assembly Jitu Patwari Suspension MP Assembly Session Congress Chaos एमपी न्यूज