केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर के लोकसभा क्षेत्र मुरैना में तीन दिवसीय राष्ट्रीय कृषि मेला लगेगा, हजारों किसान होंगे शामिल

author-image
Shivasheesh Tiwari
एडिट
New Update
केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर के लोकसभा क्षेत्र मुरैना में तीन दिवसीय राष्ट्रीय कृषि मेला लगेगा, हजारों किसान होंगे शामिल

देव श्रीमाली, GWALIOR. केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय द्वारा मध्य प्रदेश शासन और जिला प्रशासन के सहयोग से मुरैना में तीन दिवसीय वृहद कृषि मेला और प्रदर्शनी का आयोजन होगा। इसका शुभारंभ 11 नवंबर को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान करेंगे। इसकी केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री और क्षेत्रीय सांसद नरेंद्र सिंह तोमर अध्यक्षता करेंगे। इस आयोजन में चंबल-ग्वालियर अंचल के लगभग 35 हजार किसान शामिल होंगे। किसानों के मार्गदर्शन के लिए प्रतिदिन विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर 12-12 सत्र अलग-अलग और  4-4 सत्र सामूहिक होंगे, जिनमें देशभर के कृषि विशेषज्ञ जानकारी व प्रेजेंटेशन देंगे। 



103 अमृत सरोवरों का होगा उद्घाटन



इस अवसर पर मुख्यमंत्री द्वारा 103 अमृत सरोवरों का लोकार्पण और संजीवनी केंद्रों का शिलान्यास भी किया जाएगा। साथ ही स्टेडियम में इंडोर-आउटडोर सभी सुविधाओं के लिए 10 करोड़ रुपए की लागत से होने वाले कार्यों का भूमिपूजन भी किया जाएगा। मेले में दूसरे दिन गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत और केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री  ज्योतिरादित्य सिंधिया और म.प्र. के मंत्रीगण भी शामिल होंगे।



किसानों को मिलेगी नई टेक्नोलॉजी की जानकारी



केंद्रीय मंत्री ने आज दिल्ली से वर्चुअल प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि ग्वालियर-चंबल अंचल को कृषि क्षेत्र में उन्नत और अग्रणी बनाने के लिए कृषि मेला और प्रदर्शनी का आयोजन किया जा रहा है। इसमें कृषि विश्वविद्यालयों, कृषि आंचलिक केंद्रों के वैज्ञानिक, कृषि विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों के साथ ही कृषि से जुड़ी सरकारी-गैर सरकारी विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधि भी शामिल होकर किसानों को मार्गदर्शन प्रदान करेंगे। इस आयोजन की यह विशेषता है कि इसमें कृषि की नई टेक्नालॉजी और आधुनिक कृषि को अपनाने में रुचि रखने वाले किसानों का प्रतिभाग बड़ी संख्या में हो रहा है। सभी जागरूक किसानों को उन्नत कृषि उत्पादन, नई कृषि टेक्नालॉजी और उन्नत कृषि यंत्रों को अपनाने व उनके उपयोग पर प्रशिक्षण दिया जाएगा, ताकि वे इस आयोजन से सीखकर अपनी खेती को और अधिक लाभकारी बना सकें। 



कृषि प्रदर्शनी भी लगेगी



उन्होंने बताया कि कृषि प्रदर्शनी का आयोजन भी होगा, जिसमें केंद्र और राज्य सरकार द्वारा किसानों के लिए चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी स्टालों के माध्यम से प्रदान की जाएगी, साथ ही निजी क्षेत्र की कृषि के विभिन्न आदानों की आपूर्ति से संबंधित कंपनियां और संस्थाएं भी उत्पाद स्टॉलों के माध्यम से प्रदर्शित कर रही हैं। प्रदर्शनी में 132 स्टॉल किसानों को अद्यतन जानकारी के लिए लगाए गए हैं। ऐसे अनेक उपकरणों और पेस्टीसाइट्स का भी प्रदर्शन होगा, जिनसे खेती में लागत घटाई जा सकती है और प्रगतिशील किसानों की सक्सेस स्टोरीज भी कार्यक्रम के दौरान देखने को मिलेगी। 



किसानों को प्रशिक्षण भी मिलेगा



नरेंद्र सिंह तोमर ने बताया कि मेले में किसानों को प्रशिक्षण दो सत्रों में दिया जाएगा। दोपहर पूर्व किसानों को सामूहिक रूप से प्राकृतिक खेती के महत्व और आवश्यकता, जैविक खेती अपनाने, सरसों की उच्च उपज की किस्मों का उपयोग और उत्पादकता में वृद्धि, साइल हेल्थ कार्ड व खेती में मिट्टी के परीक्षण की  महत्व, खेती को सुरक्षित करने में फसल बीमा का महत्व, उद्यानिकी के अंतर्गत सब्जी, फलों, मसालों की उन्नत किस्मों की खेती, बीज उत्पादन, मिलेट की उन्नत किस्मों का उत्पादन तथा उपयोग, मूल्य संवर्धन, रोजगार सृजन, उन्नत पशुपालन, डेयरी विकास, मत्स्य पालन, पशु रोगों की रोकथाम सहित अन्य विषयों पर तीनों दिन जानकारी दी जाएगी। दोपहर बाद वाले सत्र में किसानों को पंड़ालों में समूह बनाकर कृषि के महत्वपूर्ण विषयों जैसे फसल विविधीकरण, नैनो यूरिया का महत्व व ड्रोन से छिडकाव, अमरूद उत्पादन की उन्नत तकनीक, प्रसंस्करण-विपणन, आलू की अनुबंधित खेती, मधुमक्खी पालन, शहद की प्रोसेसिंग तथा मार्केटिंग, मशरूम उत्पादन की उन्नत तकनीक, कृषि में महिलाओं की भागीदारी, किसान उत्पादन संगठन और स्वयं सहायता समूह गठन की प्रक्रिया, दुग्ध उत्पादन में वृद्धि, पशुओं की नस्ल सुधार इत्यादि पर प्रशिक्षण दिया जाएगा।



इस आयोजन के माध्यम से चंबल-ग्वालियर अंचल में खेती का और विकास संभव होगा। केंद्रीय मंत्री तोमर ने अंचल के सभी सामाजिक संगठनों और जनप्रतिनिधियों से आग्रह किया है कि वे भी किसानों के लिए अत्यंत लाभदायक इस आयोजन में किसानों की अधिकाधिक भागीदारी के रूप में सहभागी बनें। छोटे किसानों की संख्या अधिक है, जिन्हें सुविधाएं देना और लाभ पहुंचाना इस कार्यक्रम का उद्देश्य है। आयोजन के लिए जिला प्रशासन द्वारा व्यवस्थाएं की गई है।


Union Agriculture Minister Narendra Singh Tomar will come to Chambal National Agriculture Fair will be held in Morena MP News वृहद कृषि मेला और प्रदर्शनी का आयोजन केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर आएंगे चंबल राष्ट्रीय कृषि मेला लगेगा मुरैना में एमपी न्यूज organize a large agricultural fair and exhibition