रतलाम में शादी का डीजे बंद कराने पहुंची पुलिस, महिलाओं से की बदतमीजी, थाने में धरना देने पहुंचे दूल्हा-दुल्हन

author-image
Neha Thakur
एडिट
New Update
रतलाम में शादी का डीजे बंद कराने पहुंची पुलिस, महिलाओं से की बदतमीजी, थाने में धरना देने पहुंचे दूल्हा-दुल्हन

आमीन हुसैन, RATLAM. शादी समारोह में डीजे बंद कराने पहुंची पुलिस ने समारोह में शामिल महिलाओं से बदतमीजी की। जिसके बाद दूल्हा-दुल्हन सहित मेहमान आधी रात को पुलिस थाने में पहुंचकर धरने पर बैठ गए। मामला मध्यप्रदेश के रतलाम की रेलवे कॉलोनी क्षेत्र का है। धरने पर बैठे दूल्हा-दुल्हन ने पुलिस अधीकारियों से दोनों पुलिस कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के कार्रवाई का आश्वासन दिया और रात करीब ढाई बजे धरना समाप्त कराया।



महिला और पुलिस के बीच हुआ विवाद



रतलाम के औद्योगिक क्षेत्र स्थित रेलवे कॉलोनी में सोलंकी परिवार के यहां 6 अप्रैल गुरुवार को शादी समारोह का आयोजन था। रात करीब 11.15 बजे चीता पार्टी के दो पुलिसकर्मी पंकज बारिया और शोभाराम समारोह में पहुंचे। दोनों जवानों ने डीजे बंद करने कहा, इस पर शादी समारोह में शामिल महिलाओं के बीच विवाद हो गया। महिलाओं का आरोप था कि दोनों पुलिस जवानों ने उनके साथ बदतमीजी की है। 



रात 12 बजे थाने पहुंचे दूल्हा-दुल्हन



डीजे बंद कराने के दौरान दोनों जवानों द्वारा महिलाओं से की गई बदतमीजी के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर दूल्हा-दुल्हन जीआरपी चौकी पहुंचे। यहां उन्होंने जवानों की शिकायत की और कार्रवाई की मांग की। पुलिस अधिकारियों द्वारा समझाइश देकर कार्रवाई के लिए औद्योगिक थाना भेज दिया गया।



कार्रवाई के बाद लेंगे सात फेरे



दोनों जवान के खिलाफ औद्योगिक थाना पहुंचे दूल्हा-दुल्हन ने पुलिस अधिकारियां से कहा- वह तब तक सात फेरे नहीं लेंगे, जब तक दोनों के खिलाफ कार्रवाई नहीं हो जाती। करीब रात ढाई बजे वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों द्वारा दोनों जवानों के खिलाफ कार्रवाई करने का आश्वासन देकर धरना खत्म कराया गया।



शराब के नशे में आए थे जवान



दूल्हा अजय सिंह सोलंकी ने कहा- डीजे बंद कराने समारोह में आए दोनों जवान शराब के नशे में थे और समारोह में महिलाओं के साथ बदतमीजी करने लगे। दूल्हे की भाभी कोमल सोलंकी ने कहा कि पुलिस जवानों द्वारा उनका हाथ पकड़कर बदतमीजी की गई और धक्का भी दिया था।



दोषी पाए जाने पर होगी कार्रवाई



औद्योगिक क्षेत्र थाना प्रभारी राजेंद्र वर्मा ने बताया सोलंकी परिवार द्वारा दो जवानों के खिलाफ डीजे बंद कराने के दौरान समारोह में शामिल महिलाओं से बदतमीजी की लिखित शिकायत दी गई हैं। मामले की जांच कराई जाएगी और दोषी पाए जाने वाले जवान के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।


MP News एमपी न्यूज Bhopal News भोपाल न्यूज police stop DJ Bridal-groom sit police station police women war पुलिस ने बंद कराया डीजे दूल्हा-दुल्हन पुलिस स्टेशन में बैठे पुलिस और महिलाओं में झड़प