आज मध्य प्रदेश आएगी भारत जोड़ो यात्रा, राहुल कल बुरहानपुर पहुंचेंगे; इस इलाके का कांग्रेस से रहा है खास नाता

author-image
Shivasheesh Tiwari
एडिट
New Update
आज मध्य प्रदेश आएगी भारत जोड़ो यात्रा, राहुल कल बुरहानपुर पहुंचेंगे; इस इलाके का कांग्रेस से रहा है खास नाता

BHOPAL. राहुल गांधी 23 नवंबर को बुरहानपुर पहुंचने वाले हैं। भारत जोड़ो यात्रा आज यानी 22 नवंबर को यहां पहुंच जाएगी। यात्रा महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश को जोड़ने वाले गांव करोली-बोदरली से बुरहानपुर जिले में प्रवेश करेगी। राहुल गांधी, नेहरू-गांधी परिवार के चौथे शख्स हैं, जो बुरहानपुर आ रहे हैं। इसके पहले जवाहरलाल नेहरू, इंदिरा गांधी और राजीव-सोनिया गांधी यहां आ चुके हैं। दक्षिण भारत के राज्यों में यात्रा को उम्मीद से ज्यादा समर्थन मिला है। कांग्रेस की कोशिश होगी कि इस समर्थन को उत्तर भारत में भी बरकरार रखा जाए। इस लिहाज से एमपी में यात्रा को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इंदिरा गांधी ने बुरहानपुर में चुनाव प्रचार करके बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष रहे कुशाभाऊ ठाकरे को हराया था। राहुल गांधी इसी इतिहास को दोहराना चाहते हैं। यात्रा की सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। जानें यात्रा से जुड़ी प्रमुख बातें-



प्रियंका गांधी आएंगी एमपी



कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी मध्य प्रदेश में चार दिनों के लिए ‘भारत जोड़ो यात्रा’ में भाई राहुल गांधी के साथ शामिल होंगी। पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने ट्वीट कर यह जानकारी दी। जयराम रमेश ने कहा कि 'भारत जोड़ो यात्रा के लिए आज भी विश्राम का दिन है। 23 नवंबर को यात्रा बुरहानपुर के पास मध्य प्रदेश में प्रवेश करेगी। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वहां 4 दिनों के लिए यात्रा में शामिल होंगी।'  

 



नेहरू, इंदिरा और सोनिया आ चुके हैं बुरहानपुर 



26 अप्रैल 1956 को पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू नेपानगर आए थे। उस समय बुरहानपुर खंडवा जिले में आता था। पंडित नेहरू ने नेपा मिल राष्ट्र को समर्पित की थी। मिल आज भी चालू है। 1980 में यहां इंदिरा गांधी आई थीं। उन्होंने ठाकुर शिवकुमार सिंह के लिए चुनाव प्रचार किया था। इस दौरान तीन दिन तक खुली जीप में शहर की गलियों में घूमी थीं। प्रचार के दौरान कई सभाओं को संबोधित किया था। इस चुनाव में उस समय सांसद के उम्मीदवार ठाकुर शिव कुमार सिंह ने बीजेपी के वरिष्ठ नेता कुशाभाऊ ठाकरे को हराया था। कांग्रेस की पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी भी बुरहानपुर आ चुकी हैं। वे यहां के सांसद रहे ठाकुर शिव कुमार सिंह की प्रतिमा का अनावरण करने साल 2000 में झिरी में स्थित शुगर फैक्ट्री पहुंची थीं। उन्होंने यहां प्रतिमा का अनावरण किया था।



राहुल गांधी को परोसे जाएंगे निवाड़ के ये प्रसिद्ध पकवान



इस दौरान निमाड़ की संस्‍कृति से अवगत कराने के लिए राहुल गांधी को अमाड़ी की भाजी और ज्वार की रोटी परोसी जाएगी। निमाड़ के प्रसिद्ध भोजन को पकाने की कला भी स्थानीय लोग ही जानते हैं। राहुल गांधी के साथ चल रही भोजन की टीम से समन्वय बनाकर अमाड़ी की भाजी और ज्वार की रोटी तैयार कराई जाएगी।



बंजारा लोक नृत्य से होगा स्वागत



राहुल गांधी 23 नवंबर को सुबह 6.30 बजे महाराष्ट्र के जलगांव, जामोद होते हुए बोदरली गांव पहुंचेंगे। यहां बंजारा लोक नृत्य से स्वागत होगा। प्रस्तुति बंजारा लोक कलाकार रीना पवार देंगी। यहां अन्य संस्कृति से भी राहुल गांधी का स्वागत करने की योजना है, जिसमें भजन मंडलियां भी होंगी।



यात्रा में 600 से ज्‍यादा पुलिसकर्मी रहेंगे तैनात



दरअसल, बीते दिनों इंदौर की एक मिठाई दुकान पर राहुल गांधी और कमलनाथ को बम धमाके में उड़ाने की धमकी वाली चिट्ठी मिली थी। इसके बाद राहुल गांधी की सुरक्षा बढ़ा दी गई। अब इसका असर निमाड़ में पहुंचने वाली राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा पर दिखेगा। राहुल गांधी की यात्रा तो फिक्स है लेकिन उनकी सुरक्षा को लेकर बढ़ोतरी की गई है। इधर, पुलिस हेड क्वार्टर से अफसरों को राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा में सुरक्षा बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। राहुल गांधी की यात्रा में तीन लेयर में पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। थ्री लेयर के कवर में राहुल गांधी चलेंगे।  600 से ज्यादा पुलिसकर्मी उनकी सुरक्षा के लिए तैनात रहेंगे। एसएएफ, एएसएफ और लोकल पुलिस कर्मी की 3 लेयर रहेगी।


Bharat Jodo Yatra MP News भारत जोड़ो यात्रा बुरहानपुर का ठाकुर परिवार बुरहानपुर से गांधी नेहरू परिवार का नाता मध्य प्रदेश में राहुल गांधी की यात्रा Thakur family of Burhanpur एमपी न्यूज Gandhi Nehru family relations with Burhanpur Rahul Gandhi visit Madhya Pradesh
Advertisment