बुरहानपुर. नेपानगर में प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों को तीन साल बाद भी किस्त की राशि का भुगतान नहीं हुआ है। गुस्साएं लोगों ने मंगलवार को नगरपालिका का घेराव करके प्रदर्शन किया। हितग्राहियों ने आरोप लगाया कि उनके मकानों के लिए 2.5 लाख की राशि मंजूर हुई थी। लेकिन उन्हें 2 लाख की राशि देकर 2.5 लाख उनके खाते पर चढ़ा दी गई। उनके मकानों का काम अधूरा पड़ा है और प्रशासन उनकी सुन नहीं रहा।
137 लोगों की किस्तों का भुगतान नहीं
नेपानगर के 137 लोगों को पहली और दूसरी किस्त की भुगतान हो गया है। लेकिन तीसरी किस्त का भुगतान 3 साल बाद भी नहीं हुआ है। वार्ड क्रमांक 22 के भगवानसिंह ने आरोप लगाया कि मेरी 2.5 लाख की राशि मंजूर हुई थी, लेकिन 2 लाख की राशि देकर 2.5 लाख की राशि उनके खाते पर चढ़ा दी गई। नेपानगर की गया बाई ने बताया कि 3 साल से उनका घर अधूरा है। वो सभी जगह राशि के लिए गुहार लगा चुकी है, लेकिन उन्हें न्याय नहीं मिला।
CMO का तर्क- राशि केंद्र से नहीं आई
नेपानगर के सीएमओ राजेश मिश्रा ने बताया कि हितग्राहियों की राशि केंद्र से नहीं आई है। राशि आने के बाद हितग्राहियों को राशि वितरित की जाएगी।