SATNA: जिला पंचायत अध्यक्ष का चुनाव 29 को : भाजपा ने तय किया नाम, संयुक्त मोर्चे में असमंजस

author-image
Sachin Tripathi
एडिट
New Update
SATNA: जिला पंचायत अध्यक्ष का चुनाव 29 को : भाजपा ने तय किया नाम, संयुक्त मोर्चे में असमंजस

SATNA. पंचायत चुनाव खत्म होने के बाद अब जिला पंचायत और जनपद पंचायत के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष का चुनाव होगा। 29 जुलाई को जिला पंचायत अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के होने जा रहे चुनाव को लेकर दावेदारों की उठापटक तेज हो गई। एसटी वर्ग के लिए आरक्षित जिला पंचायत अध्यक्ष की कुर्सी के लिए भाजपा के पास अध्यक्ष बनाने के लिए करीब- करीब बहुमत है। पार्टी में अध्यक्ष पद के लिए एक और उपाध्यक्ष पद के लिए चार दावेदार सामने आए हैं। जिला पंचायत के 14 सदस्य भाजपा की विचारधारा वाले माने जा रहे हैं। वार्ड नम्बर 17 से सदस्य निर्वाचित हुए रामखेलावन कोल बीजेपी की ओर से अध्यक्ष पद के प्रबल दावेदार माने जा रहे हैं पर अभी तक उनके नाम की अधिकृत घोषणा पार्टी द्वारा नहीं की गई है। माना जा रहा है कि इनके नाम की अधिकृत घोषणा पार्टी के पर्यवेक्षक पूर्व मंत्री उमाशंकर गुप्ता की मौजूदगी में होगा।





कांग्रेस के पास मात्र 6 सदस्य





अब तक जिला पंचायत में अपना अध्यक्ष बनाने में कांग्रेस पार्टी नाकाम रही है। उसके पास 26 सदस्यीय जिला पंचायत में बहुमत से आधे भी सदस्य नहीं है,केवल 6 सदस्य ही कांग्रेस समर्थित कहे जा रहे हैं। ऐसे में कांग्रेस, संयुक्त मोर्चा के बैनर तले उम्मीदवार उतारने जा रही है। जिला पंचायत में दो सदस्य निर्दलीय हैं उनका समर्थन स्पष्ट नहीं है। बहरहाल निर्दलीय सदस्यों से भाजपा और कांग्रेस दोनों ही पार्टी लगातार संपर्क में हैं।





राज्यमंत्री, सांसद व गगनेन्द्र ने संभाली कमान





जिला पंचायत में लगातार तीसरी बार अपना अध्यक्ष बनाने के लिए भाजपा ने भले ही पार्टी की तरफ से पूर्व मंत्री उमाशंकर गुप्ता को पर्यवेक्षक बनाया हो लेकिन पार्टी का जिला पंचायत अध्यक्ष बनाने के लिए भाजपा जिला अध्यक्ष नरेन्द्र त्रिपाठी के नेतृत्व में राज्य मंत्री रामखेलावन पटेल, सांसद गणेश सिंह और पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष गगनेन्द्र सिंह ने कमान संभाल रखी है। राज्यमंत्री और गगनेन्द्र सिंह लगातार नव निर्वाचित सदस्यों के सम्पर्क में है और उसे भाजपा के लिए सहयोग मांग रहे हैं।





पूर्व मंत्री कल आएंगे, चुनाव कराकर जाएंगे





जिला पंचायत में लगातार तीसरी बार अपना अध्यक्ष बनाने के प्रति भाजपा कितनी संजीदा है, इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकती है कि अध्यक्ष पद के लिए सिंगल नाम सामने आने के बावजूद अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के लिए अपने समर्थित सदस्यों की राय लेने के लिए पार्टी के पर्यवेक्षक पूर्व मंत्री उमाशंकर गुप्ता 28 जुलाई की शाम को सतना आ रहे हैं। इस दौरान वे जिला पंचायत अध्यक्ष से ज्यादा उपाध्यक्ष के दावेदारों को परखेंगे। पार्टी सूत्रों के मुताबिक पूर्व मंत्री रात सतना में ही रहेंगे और जिला पंचायत अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का चुनाव कराकर ही जाएंगे।





उपाध्यक्ष के लिए चार नाम





उपाध्यक्ष पद के लिए भाजपा से चार नाम अभी तक सामने आए हैं वैसे पर्यवेक्षक के सामने रायशुमारी के बाद ही पार्टी के अधिकृत उम्मीदवार का नाम सामने आएगा। बहरहाल जो लोग उपाध्यक्ष बनने की दावेदारी फिलहाल कर रहे हैं उनमें जिला पंचायत के वार्ड क्रमांक 8 से निर्वाचित सदस्य ज्ञानेंद्र सिंह । ज्ञानू ने कांग्रेस के जिला प्रवक्ताअतुल सिंह परिहार को 1398 मतों से हराया है। वार्ड क्रमांक 14 से सदस्य सुष्मिता सिंह परिहार ने उमा केबी सिंह को 557 मतों से हराया है। वार्ड क्रमांक 15 से निर्वाचित सदस्य हरीश कांत त्रिपाठी ने नीतीश पटेल को 2408 मतों से पराजित किया है। हरीश पार्टी के जिला मंत्री हैं,जबकि वार्ड 16 से सदस्य निर्वाचित तारा विजय पटेल ने पूर्व जिला पंचायत सदस्य राजेश्वरी पटेल को 4939 मतों से हराया है। तारा प्रदेश के पंचायत राज्य मंत्री रामखेलावन पटेल के छोटे भाई की पत्नी हैं।





संयुक्त मोर्चा की तरफ से महिला उम्मीदवार





अब बात करें कांग्रेस या संयुक्त मोर्चा के उम्मीदवार की तो तीन महिला सदस्यों में से किसी एक को उम्मीदवार बनाया जा सकता है हालांकि किसे उम्मीदवार बनाया जाएगा अभी तक यह फाइनल नहीं है। बताया जाता है कि बसपा लक्ष्मी देवी मवासी को अध्यक्ष पद का उम्मीदवार बनाना चाह रही है जबकि कांग्रेस ने अभी अपने पत्ते नहीं खोले हैं। वैसे जिन नामों पर चर्चा हो रही है, उनमें वार्ड सात से निर्वाचित विमला कोल और मंजुलता सिंह का नाम भी शामिल हैं विमला कोल ने पूर्व जिला पंचायत सदस्य कमल सिंह मरकाम को 4048 मतों से पराजित किया है। वार्ड 13 से मंजुलता सिंह ने प्रभा रावत को 1190 मतों से हराया तो वार्ड 24 से लक्ष्मी देवी मवासी ने सीता कोल को 308 वोटों से हराया है। लक्ष्मी देवी मवासी को बसपा अपना मान रही है पर अभी तक लक्ष्मी ने भी अपने पत्ते नहीं खोले हैं।





विपक्ष के उपाध्यक्ष के दावेदार





वार्ड 11 : श्रीधर उरमलिया ने विकास तिवारी को 15198 मतों से हराया





वार्ड 12 : देवदत्त सोनी ने सतेंद्र कुमार कुशवाहा को 1888 वोट से पराजित किया





वार्ड 21: महेंद्र सिंह पिथैपुर ने पुष्पा सिंह को 1720 मतों से हराया। महेन्द्र दूसरी बार सदस्य बने हैं





वार्ड 23 : संजय सिंह कछवाह ने नत्थू पटेल को 575 मतों से हराया है









बसपा किंग मेकर, हमारे बिना किसी का नहीं बनेगा अध्यक्ष





जिला पंचायत में चार सदस्यों वाली बसपा इस समय किंग मेकर की भूमिका में है। बसपा नेता भाई गेंदलाल का कहना है कि अध्यक्ष हो या उपाध्यक्ष कोई भी बिना बसपा के समर्थन के नहीं बनेगा। जिला पंचायत के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के चुनाव में सभी विकल्प खुले होने का दावा करते हुए बसपा नेता ने कहा कि अध्यक्ष के लिए संयुक्त मोर्चा के उम्मीदवार को समर्थन देने के आलाव अपना उपाध्यक्ष बनाने पर भी बसपा गंभीरता से विचार कर रही है।









किस पार्टी के कितने सदस्य





भाजपा : 14





कांग्रेस:   06





बसपा:    04





निर्दलीय: 02



MP News BSP बीएसपी CONGRESS कांग्रेस BJP बीजेपी एमपी न्यूज़ MP Political News एमपी पॉलिटिक्स Mp latest news in hindi एमपी लेटेस्ट न्यूज़ इन हिंदी Zila panchayat satna Zila panchayat adhyaksh जिला पंचायत सतना ज़िला पंचायत अध्यक्ष Satna news hindi