/sootr/media/post_banners/3d5026039ccbcd97d422d7cdb76e7fa7abb097e8151c47a402785563b1166f9e.jpeg)
रायपुर. खैरागढ़ विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। अब मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने खुद प्रचार का मोर्चा संभाल लिया है। इसकी शुरुआत छुईखदान इलाके से हो रही है। यह भाजपा प्रत्याशी और पूर्व विधायक कोमल जंघेल का गृह क्षेत्र है। अगले छह दिनों में विधानसभा क्षेत्र के हर हिस्से में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की जनसभा होगी।
कहां-कहां होगी सीएम भूपेश की सभा
सबसे पहले छुईखदान क्षेत्र के बकरघट्टा में एक जनसभा होगी। इसके बाद साल्हेवारा में सीएम जनसभा करेंगे। तीसरी चुनावी जनसभा पैलीमेटा गांव में होगी।
कांग्रेस के लिए साख की बात
2018 के आम चुनाव के बाद सत्ता में आई कांग्रेस तीन उप चुनाव जीत चुकी है। ऐसे में खैरागढ़ विधानसभा का उप चुनाव साख का सवाल बना हुआ है। कांग्रेस को पता है कि खैरागढ़ क्षेत्र में उनका संगठन कुछ कमजोर है। इसी की वजह से 2018 के चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी को तीसरे स्थान पर रहना पड़ा था। ऐसे में सरकार के चार मंत्रियों को उपचुनाव की जिम्मेदारी सौंपी गई है। पदाधिकारियों के साथ प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम भी गांव-गांव जाकर नुक्कड़ सभाएं कर रहे हैं।
कांग्रेस ने खेला मजबूत दांव
खैरागढ़ विधानसभा उप चुनाव में कांग्रेस ने नया जिला बनाने का वादा किया है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा है, कांग्रेस का विधायक बनने के अगले दिन खैरागढ़-छुईखदान-गंडई नया जिला बनेगा। इसका असर क्षेत्र में दिखने लगा है। भाजपा इसको महज जुमला बताने की कोशिश में है। कहा जा रहा है, सरकार 2018 के विधानसभा चुनाव के सभी वादे पूरे नहीं कर पाई वह नया जिला बनाने का वादा क्या पूरा करेगी। वहीं कांग्रेस सरकार पर सौदेबाजी का आरोप भी लगा रहे हैं।