प्रियंका मैदान मे उतरेंगी: UP विधानसभा चुनाव लड़ सकती हैं, रायबरेली या फिर अमेठी संभव

author-image
एडिट
New Update
प्रियंका मैदान मे उतरेंगी: UP विधानसभा चुनाव लड़ सकती हैं, रायबरेली या फिर अमेठी संभव

लखनऊ. प्रियंका गांधी वाड्रा के चुनाव में उतरने की चर्चाएं हैं। अगले साल उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव हैं। कांग्रेस महासचिव और UP प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा रायबरेली या अमेठी की किसी सीट से मैदान में उतर सकती हैं। यदि ऐसा हुआ तो प्रियंका, गांधी परिवार की पहली सदस्य होंगी, जो विधानसभा चुनाव लड़ेंगी। इससे पहले गांधी परिवार के सभी सदस्यों ने केवल लोकसभा चुनाव लड़ा है।

अमेठी प्रियंका की पहली पसंद

सूत्रों की मानें तो प्रियंका की पहली पसंद अमेठी है। वे वहां राहुल गांधी की हार का बदला लेने के लिए अमेठी में लोकसभा चुनावों की जमीन तैयार करेंगी, ताकि स्मृति ईरानी को 2024 के लोकसभा चुनाव में चुनौती दी जा सके।

प्रशांत किशोर ने भी प्रियंका को दिया है सुझाव

बीते दिनों लखनऊ में हुई मीटिंग में एडवाइजरी कमेटी ने भी प्रियंका से कहा था कि उनके चुनाव मैदान में आने से कांग्रेस को UP में नई ताकत मिलेगी। चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर ने भी प्रियंका को सुझाव दिया था कि उन्हें खुद विधानसभा चुनाव में उतरना चाहिए।

रायबरेली या अमेठी ही क्यों?

जानकारों का कहना है कि 2019 के लोकसभा चुनाव में अमेठी से राहुल गांधी के चुनाव हार जाने के बाद वहां गांधी परिवार का दबदबा कम हुआ है। वहीं, कांग्रेस चेयरपर्सन सोनिया गांधी की सेहत ठीक नहीं होने के चलते रायबरेली में भी गांधी परिवार का जनता से संपर्क कम हुआ है। ऐसे में प्रियंका के चुनाव लड़ने से अमेठी और रायबरेली क्षेत्र की जनता के साथ कांग्रेस के संबंधों को मजबूती मिल सकती है। रायबरेली और अमेठी बरसों से गांधी परिवार का गढ़ रहा है और प्रियंका इस रिश्ते को कमजोर नहीं होने देना चाहती हैं। पूर्व केंद्रीय मंत्री सलमान खुर्शीद तो औपचारिक रूप से कह चुके हैं कि UP विधानसभा चुनाव में प्रियंका कांग्रेस का चेहरा होंगी।

रायबरेली में अब तक सिर्फ 3 बार हारी है कांग्रेस

रायबरेली में 1952 से लेकर 2019 तक लोकसभा चुनाव में सिर्फ तीन बार कांग्रेस हारी है। 1977, 1988 और 1996 में इस सीट पर कांग्रेस को हार मिली थी। इस सीट से फिरोज गांधी, इंदिरा गांधी, शीला कौल, अरुण नेहरू और सतीश शर्मा चुनाव जीतकर लोकसभा पहुंचे थे।

अमेठी में 18 चुनाव में 16 बार कांग्रेस की जीत

अमेठी में 17 लोकसभा और 2 उपचुनाव में कांग्रेस ने 16 बार जीत हासिल की है। सिर्फ तीन बार 1977, 1998 और 2019 में कांग्रेस को हार का सामना करना पड़ा है। 1977 में इमरजेंसी के बाद हुए चुनाव में पहली बार कांग्रेस हारी थी। इसके बाद 1980 में संजय गांधी यहां से सांसद बने। संजय की मौत के बाद राजीव गांधी ने अमेठी की बागडोर संभाली। फिर 1999 में सोनिया गांधी ने चुनाव जीता। इसके बाद 2004, 2009 और 2014 में राहुल गांधी यहां से जीते, लेकिन 2019 में स्मृति ईरानी ने राहुल को हरा दिया था।

Assembly election कांग्रेस up CONGRESS Priyanka Gandhi Vadra India contest उत्तर प्रदेश में प्रियंका सक्रिय The Sootr उत्तर प्रदेश चुनाव लड़ेंगी प्रियंका गांधी प्रियंका गांधी चुनाव लड़ेंगी