MP: कंगना के बाद अब कृषि मंत्री का बयान, आजादी के बताए ये मायने

author-image
एडिट
New Update
MP: कंगना के बाद अब कृषि मंत्री का बयान, आजादी के बताए ये मायने

एक्ट्रेस कंगना रनौत (Kangana Ranaut) के बाद अब मध्यप्रदेश के कृषि मंत्री कमल पटेल (Kamal Patel) ने आजादी पर टिप्पणी की है। उन्होंने कहा कि देश में गांवों को आर्थिक आजादी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिलाई है। आजादी अलग-अलग तरह की होती है राजनीतिक, आर्थिक, धार्मिक, सामाजिक। हमारे देश को आजादी 15 अगस्त 1947 को ही मिली लेकिन ये राजनीति और स्वतंत्रता की आजादी है। कुछ आजादी 60 साल बाद भी हमें नहीं मिली। ऐसी आजादियां हमें 2014 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार के बाद मिली। गांवों को आर्थिक आजादी 24 अप्रैल 2021 को तब मिली जब प्रधानमंत्री ने स्वामित्व योजना का शुभारंभ किया।

कांग्रेस पर साधा निशाना

कृषि मंत्री कमल पटेल बुधवार को एक दिवसीय दौरे पर होशंगाबाद आए थे। इस दौरान कंगना रनौत के आजादी वाले बयान पर उन्होंने एक्ट्रेस को कुछ न कहते हुए कांग्रेस पर तंज कसा। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए आजादी के अलग मायने बताए।

मोदी को बताया सच्चा गांधीवादी

मंत्री ने आगे कहा कि कांग्रेस ने नकली गांधी बनकर देश पर राज किया और भ्रष्टाचार दिया। देश में अगर कोई सच्चा गांधीवादी है तो वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हैं। 60 साल में कांग्रेस ने गरीबों को शौचालय, आवास नहीं दिए। गरीबों को यह सब हमारी सरकार में मिल रहा है। हमारी सरकार गरीबों को आर्थिक रूप से सशक्त बना रही है।

आजादी पर कंगना का विवादित बयान

हाल ही में कंगना को अपनी एक्टिंग के लिए पद्मश्री मिला है। कंगना के मुताबिक देश को भीख में आजादी मिली थी। उन्होंने एक कार्यक्रम में कहा कि 'अब तक शरीर में खून तो बह रहा था, लेकिन वो हिन्दुस्तानी खून नहीं था… और जो (भारत को) आजादी मिली थी वो भीख में मिली आजादी थी. असली आजादी 2014 में मिली है।'

Kamal Patel MP agriculture minister kangan azadi comment Azadi