/sootr/media/post_banners/d513a5bf95e1668a961555be1153b2fd414ab7861163529572f440c716da3949.jpeg)
REWA. नगर निगम में लगातार अपने वार्ड का प्रतिनिधित्व करने वाले पूर्व कांग्रेस पार्षद राम प्रकाश उर्फ डैडु का नाम वोटर लिस्ट से गायब हो गया। उनके साथ ही परिवार के अन्य सदस्यों का नाम भी वार्ड की मतदाता सूची में नहीं है। यह जानकारी नामांकन फार्म भरने के एक दिन पहले सामने आई। वे पार्षद चुनाव लडऩे की तैयारी में थे, जब वोटर लिस्ट पर नजर दौड़ाई तो नाम गायब मिला। आनन-फानन शिकायत कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी से की।
कटा दिया परिवार का भी नाम
नगर निगम के वार्ड क्रमांक 29 के पूर्व कांग्रेस पार्षद रामप्रकाश तिवारी डैडू ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई है जिसमें उन्होने बताया कि तीन बार से वार्ड के लोग उन्हे अपना पार्षद चुन रहे है लेकिन वोटर लिस्ट से नाम गायब है। उन्होने आरोप लगाया कि सत्तादल भाजपा के इशारे पर उनका और परिवार के अन्य सात लोगों का नाम वार्ड की मतदाता सूची से काट दिया गया है। इतना ही नहीं वार्ड के दूसरे कई लोगों का नाम नजदीक के वार्ड 21 में जोड़ दिया गया है। श्री तिवारी ने बताया कि उन्होने अपने पुराने निवास का कोई पता भी नहीं बदला और नियमित रूप से वहीं पर निवास कर रहे हैं जबकि नाम काटने से पहले नियम है कि संबंधित व्यक्ति से सम्पर्क किया जाय, लेकिन किसी ने सम्पर्क नहीं किया। सबको पता था कि निवर्तमान पार्षद है।
विधानसभा की वोटर लिस्ट में था नाम
कांग्रेस के निवर्तमान पार्षद रामप्रकाश तिवारी ने बताया कि विधानसभा-लोकसभा के लिए प्रकाशित मतदाता सूची में जनवरी 2022 में उनका और परिवार के सदस्यों का नाम था। इसके बाद नगरीय निकाय चुनाव के लिये मतदाता सूची तैयार की गई और साजिश के तहत नाम काट दिया गया। उन्होने कहा कि केवल दो सदस्यों का नाम बचा है।
कलेक्टर ने कहा-आयोग से मार्गदर्शन लेंगे
मतदाता सूची से निवर्तमान पार्षद का नाम गायब होना कहीं न कहीं व्यवस्था पर सवाल खड़ा करता है। इस मामले की शिकायत कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी मनोज पुष्प तक पहुंची। उन्होने कहा कि पहले स्थानीय स्तर पर इसकी जांच करायेगें कि आखिर यह कैसे हुआ। वर्तमान मतदाता सूची में कोई बदलाव नहीं किया जा सकता। आवश्यकता हुई तो चुनाव आयोग से मार्गदर्शन मांगा जायेगा। वहां से निर्देश मिलने के बाद ही अगली कार्यवाही होगी।