SATNA: दो जनपद अध्यक्ष निर्विरोध निर्वाचित, मझगवां में हाई वोल्टेज ड्रामा, चारों जनपदों में भाजपा का कब्जा

author-image
Sachin Tripathi
एडिट
New Update
SATNA: दो जनपद अध्यक्ष निर्विरोध निर्वाचित, मझगवां में हाई वोल्टेज ड्रामा, चारों जनपदों में भाजपा का कब्जा

SATNA:  जिले की चार जनपद पंचायतों में अध्यक्ष व उपाध्यक्ष का निर्वाचन हुआ। इनमें से दो जनपदों उचेहरा और सोहावल में जहां अध्यक्ष निर्विरोध निर्वाचित हुए वहीं मझगवां और नागौद में जनपद अध्यक्ष का फैसला टॉस से हुआ। मझगवां में हाई वोल्टेज ड्रामे के बाद दो मतों से भाजपा समर्थित रेणुका जायसवाल को विजय मिली। दो अध्यक्षों के अलावा दो जनपद उपाध्यक्ष भी निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं। नागौद और सोहावल में उपाध्यक्ष का निर्विरोध निर्वाचन हुआ। चार जनपदों में हुए अध्यक्ष के चुनाव में तीन जनपदों में महिला अध्यक्ष चुनी गईं। पहले चरण में अध्यक्ष -उपाध्यक्ष के निर्वाचन के बाद राजनीतिक दलों की स्थिति की बात की जाए तो जिले की चारों जनपद अध्यक्ष भाजपा समर्थित हैं। सोहावल जनपद अध्यक्ष को लेकर जरूर असमंजस की स्थिति थी। अध्यक्ष चुने जाने के बाद राजेश को कांग्रेसियों ने अपना दुपट्टा पहनाया तो देर रात प्रेस कांफ्रेंस कर राजेश ने अपने आप को भाजपाई बताया। जनपद पंचायत उचेहरा में अंजू भागवेन्द्र सिंह एवं सोहावल जनपद पंचायत में राजेश कुमार रावत निर्विरोध जनपद अध्यक्ष निर्वाचित हुए हैं। दोनों जनपदों में किसी ने भी इन दोनों के खिलाफ चुनाव लड़ने के लिए अपना फार्म नहीं दाखिल किया।



दो से रेणुका तो सात वोट से अल्पना जीती 



जनपद अध्यक्ष के लिए सबसे ज्यादा टशन मझगवां जनपद में देखी गई। यहां रेणुका जायसवाल को महज 2 वोटों से जीत हासिल हुई। नागौद में अल्पना उमेश सिंह को 7 वोटों से विजय मिली। मझगवां में रेणुका जायसवाल और प्रियंका त्रिपाठी को पहले 11 मत मिले, 3 मत रिजेक्ट हो गए। 2 में डबल सील और 1 मतपत्र फटा होने के कारण रिजेक्ट किया गया था फिर बाद में दो मत विधिमान्य मानते हुए भाजपा के पक्ष में पाए गए और दो वोटों से रेणुका जायसवाल को विजयी घोषित किया गया। जबकि नागौद में अल्पना उमेश सिंह को 15, साधना सुनील सिंह को 8 मत मिले जबकि 1 मत रिजेक्ट हो गया। पहले 3 मत रिजेक्ट किए जाने फिर 2 मतों को सही बताकर भाजपा के पक्ष में जोड़े जाने पर कांग्रेस नेताओं ने जमकर हंगामा व नारेबाजी की। बड़ी देर तक जनपद कार्यालय के बाहर हंगामा चलता रहा।



चार में तीन महिला अध्यक्ष



बुधवार को चार जनपद पंचायतों में सम्पन्न हुए अध्यक्ष के चुनाव में तीन महिला व एक पुरुष जनपद अध्यक्ष चुना गया है। सोहावल में राजेश कुमार रावत तो उचेहरा में अंजू भागवेन्द्र सिंह, नागौद में अल्पना उमेश सिंह तो मझगवां में रेणु जायसवाल अध्यक्ष निर्वाचित हुई हैं। धर्मेन्द्र व प्रेम कुमारी के खिलाफ भी नहीं मिला प्रत्याशी जनपद अध्यक्ष उचेहरा और सोहावल के निर्विरोध निर्वाचन के साथ ही सोहावल और नागौद जनपद में उपाध्यक्ष भी निर्विरोध निर्वाचित हुआ। सोहावल में धर्मेंद्र सिंह बराज तो नागौद में प्रेम कुमारी लोधी निर्विरोध जनपद पंचायत उपाध्यक्ष चुनी गईं। यहां उल्लेखनीय है कि सोहावल जनपद के निर्विरोध उपाध्यक्ष चुने गए धर्मेंद्र सिंह बराज की पत्नी पिछले कार्यकाल में सोहावल जनपद पंचायत की अध्यक्ष रह चुकी हैं।



8 से सुनीता व 2 वोट से जीते सुनील



4 में से 2 जनपद उपाध्यक्ष निर्विरोध निर्वाचित हुए, जबकि दो जनपदों उचेहरा और मझगवां में उपाध्यक्ष के लिए चुनाव हुआ। उचेहरा में सुनीता गुलाब पाल 8 वोटों से विजयी हुईं उन्हें 16 मत मिले जबकि लालजी कुशवाहा को 8 जनपद सदस्यों का समर्थन मिला। मझगवां जनपद में उपाध्यक्ष पद के लिए चार दावेदार मैदान में थे। यहां सुनील पाल को विजय हासिल हुई। सुनील पाल को 11 मत, राजश्री त्रिपाठी को 9 , विनोद यादव और ललिता राजाराम को 2-2 मत मिले। जबकि 1 मत रिजेक्ट हो गया।



सोहावल अध्यक्ष को लेकर अपने-अपने दावे



सोहावल में निर्विरोध अध्यक्ष निर्वाचित हुए राजेश कुमार रावत को लेकर भाजपा- कांग्रेस द्वारा अपने-अपने दावे किए जा रहे हैं। निर्वाचन सम्पन्न होने के तुरन्त बाद कांग्रेस ने जहां राजेश को अपना अध्यक्ष बताया और राजेश ने प्रदेश के पूर्व  सीएम कमलनाथ व पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह राहुल का आभार जताया। तो दूसरी ओर शाम होते-होते राजेश भाजपा के साथ नजर आए।



किंग मेकर बन कर उभरे गगनेन्द्र



पहले दौर के चार जनपद अध्यक्ष व उपाध्यक्षों के निर्वाचन में पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष गगनेन्द्र प्रताप सिंह किंग मेकर बनकर उभरे हैं। यह पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष की चुनावी रणनीति कौशल का ही कमाल था कि उचेहरा और सोहावल जनपद में पार्टी निर्विरोध अध्यक्ष बनाने में कामयाब रही तो नागौद में चुनाव के बाद पार्टी अपना जनपद अध्यक्ष बनाने में कामयाब हुई है। निर्वाचन के एक दिन पहले मंगलवार को ही करीब-करीब तय हो गया था कि उचेहरा और सोहावल में निर्विरोध व नागौद में चुनाव के बाद भाजपा का जनपद अध्यक्ष बन जाएगा। भाजपा के ज्यादा से ज्यादा जनपद अध्यक्ष बने इसके लिए पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष गगनेन्द्र प्रताप सिंह द्वारा पिछले कई दिनों से इसके लिए जहां लाबिंग की जा रही थी वही सदस्यों से उन्होंने सतत संपर्क बना रखा था।



निर्विरोध निर्वाचन पर सीएम ने दी बधाई



जिले की सोहावल और उचेहरा जनपद पंचायत में अध्यक्ष पद का निर्वाचन निर्विरोध होने पर प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ट्वीट कर दोनों नवनिर्वाचित जनपद अध्यक्षों को बधाई दी है।



किस जनपद में कौन जीता 



जनपद पंचायत उचेहरा : अनारक्षित महिला



अध्यक्ष : अंजू भगवेंद्र सिंह | उपाध्यक्ष : सुनीता पाल 



 



जनपद पंचायत नागौद : अनारक्षित महिला



अध्यक्ष : अल्पना उमेश सिंह | उपाध्यक्ष : प्रेम कुमारी 



जनपद पंचायत  सोहावल : अजजा



अध्यक्ष : राजेश कुमार रावत | उपाध्यक्ष : धर्मेंद्र सिंह 



मझगवां : अनारक्षित महिला 



अध्यक्ष : रेणुका जायसवाल | उपाध्यक्ष : सुनील पाल 


BJP BSP MP News Janpad panchayat adhyaksh बीजेपी कांग्रेस MP Political News Janpad panchayat satna CONGRESS एमपी पॉलिटिक्स बीएसपी Mp latest news in hindi जनपद पंचायत सतना जनपद पंचायत अध्यक्ष एमपी न्यूज़ एमपी लेटेस्ट न्यूज़ इन हिंदी Satna news hindi