दिल्ली की रैली में केजरीवाल ने फिर चौथी पास राजा की कहानी सुनाई, बोले- PM कहते हैं कि जनता किसी को भी चुने, सरकार मैं ही चलाऊंगा

author-image
Atul Tiwari
एडिट
New Update
दिल्ली की रैली में केजरीवाल ने फिर चौथी पास राजा की कहानी सुनाई, बोले- PM कहते हैं कि जनता किसी को भी चुने, सरकार मैं ही चलाऊंगा

NEW DELHI. दिल्ली की मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने 11 जून (रविवार) को रामलीला मैदान में रैली की। इसमें उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर जमकर निशाना साधा। कहा कि बीजेपी वाले मुझे रोज-रोज गाली देते हैं। दिल्ली के अपमान को मैं बर्दाश्त नहीं कर सकता। देश के सारे लोग दिल्ली के साथ हैं। सुप्रीम कोर्ट के आदेश को पालन कराकर रहेंगे। हम अध्यादेश को खारिज कराकर रहेंगे। मुझे पता चला है कि यह मोदी जी का पहला वार है। कल यही अध्यादेश दूसरे राज्यों के लिए लाया जाएगा। केजरीवाल ने कहा कि मोदी कहते हैं कि जनता किसी को भी चुने, सरकार तो मैं ही चलाऊंगा। केजरीवाल ने एक बार फिर चौथी पास राजा की कहानी सुनाई।





केजरीवाल की चौथी पास राजा की कहानी





केजरीवाल ने कहा, "एक महान देश था। उस देश के गरीब घर में बच्चा पैदा हुआ। गांव में ज्योतिषी आते हैं और बच्चे का भविष्य बताते हैं। उसने कुंडली देखकर कहा कि माई तेरा बेटा बड़ा होकर बड़ा सम्राट बनेगा। माई को समझ नहीं आया। मैं गरीब हूं तो बच्चा सम्राट कैसे बनेगा। बच्चा बड़ा हुआ तो सरकारी स्कूल में एडमिशन करा दिया। पढ़ने लिखने में मन नहीं लगता था। चौथी में आकर नाम कटवा लिया। बगल में रेलवे स्टेशन था, घर में गरीबी थी. वो बच्चा वहां जाकर चाय बेचने लगा। चाय बेचकर गुजारा करता था। बचपन में अच्छा भाषण देता था। धीरे-धीरे आस-पास के गांवों में फैल गया कि भाषण अच्छा देता है। जो भी टॉपिक हो, सभी पर भाषण देता रहता था। बड़ा होकर देश का सम्राट बन गया।" 





"अफसर आते और सम्राट से साइन करा लेते। उसे तो पढ़ना आता नहीं था, लेकिन उसे लगता था कि अगर मैं अफसरों से पूछूंगा तो मेरी कमजोरी सामने आ जाएगी। धीरे-धीरे देश के अंदर फैल गया कि राजा अनपढ़ है। उसे बुरा लगने लगा तो राजा ने फर्जी डिग्री का जुगाड़ कर लिया। डिग्री एमए की थी। वह धीरे-धीरे अहंकारी होता गया। एक बार कुछ लोग गए, राजा को बोले नोटबंदी कर दो भ्रष्टाचार और आतंकवाद खत्म हो जाएगा। रात में आठ बजे टीवी पर आकर उसने नोटबंदी कर दी। पूरे देश का बेड़ा गर्क कर दिया। कोई आकर बोला कि 2000 का नोट लेकर आ जाओ। फिर कोई आया तो बोल दिया कि नोट बंद कर दो, उसने नोट बंद कर दिया। उसे अक्ल नहीं थी तो कभी नोट बंद करता, कभी चालू। किसी के कहने पर किसानों का कानून बना दिया। पूरे देश के किसान सड़कों पर उतर आए। आंदोलन में 750 किसान मर गए। एक साल बाद राजा को कानून वापस लेने पड़े। महामारी फैल गई तो चम्मच थाली बजवा दी, लेकिन उसे समझ नहीं आया कि दवाई, इंजेक्शन की जरूरत पड़ेगी। राजा अपने दोस्तों का ख्याल रखता था। एक दोस्त ने 12 हजार करोड़ रुपए चोरी कर लिए तो उसे राजा ने देश से भगा दिया। एक दोस्त ने 20 हजार करोड़ चोरी किए तो उसे भी भगा दिया। एक करीबी दोस्त पर राजा मेहरमान था। उसे खदान, जमीन सब बेच दिए।" 





"राजा ने दोस्ती नहीं छोड़ी, मजाल कि किसी दोस्त पर आंच आ जाए। एक दोस्त ने किसानों को कुचल दिया, लेकिन दोस्ती नहीं छोड़ी। राजा बहुत दोस्तबाज था। एक पत्रकार ने कार्टून बना दिया, उसे उठाकर जेल में डाल दिया। एक पत्रकार ने कुछ लिख दिया, उसे पकड़कर जेल में डाल दिया। कोई जज राजा के खिलाफ ऑर्डर कर दिया तो उसे भी नहीं छोड़ता। देवता सबकुछ देख रहे थे। देवताओं ने मीटिंग की। देवता शिव जी के पास पहुंच गए। जनता परेशान हो रही है। शिवजी ने नेत्र खोल दिए। पृथ्वी के ऊपर उज्जैन के मंदिर में सप्तऋषि की मूर्ति टूट गई। रेल हादसा हो गया। आकाशवाणी हुई- महान देश के लोगों उठो, खड़े हो जाओ, इस अहंकारी राजा के खिलाफ आवाज उठाओ। एक साल के अंदर जनता ने राजा का राजपाठ उठाकर फेंक दिया। ये कहानी पवित्र कहानी है। इसको सुनने-सुनाने से परिवार, समाज और देश का भला होता है।"





हमारे पास 100 मनीष सिसोदिया हैं: केजरीवाल





केजरीवाल ने कहा कि मोदी जी को लगा कि सिसोदिया और सत्येंद्र जैन को जेल में डालने से हमारे काम रुक जाएंगे। हमारे पास एक नहीं, 100 मनीष सिसोदिया हैं, 100 सत्येंद्र जैन हैं। काम करने के लिए हमारा दूसरा आ जाएगा। जब इनको जेल में डालने से काम नहीं चला तो अध्यादेश लेकर आए हैं। दिल्ली के लोगों के ऊपर अध्यादेश थोपा जा रहा है। दिल्ली के सातों सांसद घर में छिपे हुए बैठे हैं। 





केजरीवाल का मौदी को चैलेंज





केजरीवाल ने कहा कि चौथी पास राजा को समझ ही नहीं आ रहा है कि देश कैसे चलाया जाता है। चारों तरफ बेरोजगारी फैली हुई है। इनको समझ नहीं आ रहा है कि कैसे दूर करें। भ्रष्टाचार कैसे दूर करें। जीएसटी की वजह से व्यापारी परेशान हैं। रेलवे का क्या हाल कर दिया। 2002 में पीएम, गुजरात के सीएम बने। 12 साल गुजरात के सीएम रहे। बीते 9 साल से पीएम हैं। राज करते-करते 21 साल हो गए। मैं 2015 में सीएम बना, मेरे को 8 साल हो गए। आज उन्हें चैलेंज करता हूं कि 21 साल और 8 साल किसने ज्यादा काम किया।





दिल्ली वालों ने 2014 में मोदी जी को 7 सीटें दी, लेकिन 70  में से 3 सीट बीजेपी को दीं, 67 सीटें आप को दीं। उसके बाद 2019 में कहा कि आप देश संभालो, लेकिन 70 में से 62 सीटें दी, बोले केजरीवाल जी आप दिल्ली संभालो, लेकिन वो फिर भी दिल्लीवालों के पीछे पड़े हुए हैं। आपसे देश नहीं संभल रहा है, बेड़ा गर्क कर दिया है आपने। 







Delhi CM Arvind Kejriwal Kejriwal's target on Modi Kejriwal's fourth pass king story Kejriwal LG controversy Kejriwal News दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल केजरीवाल का मोदी पर निशाना केजरीवाल की चौथी पास राजा की कहानी केजरीवाल एलजी विवाद केजरीवाल न्यूज