हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर दिल्ली पहुंचे हैं। 5 दिन में ऐसा दूसरी बार हो रहा है, जब बीजेपी आलाकमान ने उन्हें दिल्ली बुलाया है। इस पर हिमाचल की सियासत गरमा गई है। इसके बाद कांग्रेस ने सरकार को घेरने की कोशिश की है। अटकले लगाई जा रही हैं कि मुख्यमंत्री जयराम को पद से हटाया जा सकता है। सीएम जयराम ठाकुर बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से मुलाकात करेंगे।
5 दिन में ही दोबारा बुलाया दिल्ली
हिमाचल के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर 5 दिन पहले ही दिल्ली गए थे। इस दौरान रविवार को भी उनकी मुलाकात प्रकाश नड्डा से दिल्ली में हुई थी। अब 5 दिन के अंदर ही दौबारा उन्हें दिल्ली बुलाया है। पार्टी काफी समय से मंत्रियों की परफॉर्मेंस पर नजर रख रही है। इस पर कांग्रेस भी सरकार को घेरने से नहीं चूकी है।
कांग्रेस ने बताया रिमोट वाले मुख्यमंत्री
कांग्रेस के नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि पांच नहीं, छह मुख्यमंत्री बदलने हैं। इसलिए जयराम ठाकुर अपनी कुर्सी बचा लें। बीजेपी शासित मुख्यमंत्रियों के लगातार बदले जाने पर कांग्रेस ने तंज कसा। ट्वीट में पूछा कि आप किससे सहमत हैं? बीजेपी रिमोट से चलने वाले मुख्यमंत्री चाहती है। पीएम और गृह मंत्री उन्हें कंट्रोल करते हैं। ये सभी।
लगातार मुख्यमंत्रियों को बदल रही है बीजेपी
बीजेपी ने बीते कुछ महीनों में कई मुख्यमंत्रियों को अचानक बदल दिया। पहले उत्तराखंड में त्रिवेंद्र सिंह रावत की जगह तीरथ सिंह रावत को लाया गया, बाद में उन्हें भी बदलकर पुष्कर सिंह धामी को लाया गया। फिर कर्नाटक में बीएस येदियुरप्पा की जगह बासवराज बोम्मई को लाया गया। सितंबर में गुजरात में विजय रूपाणी की जगह भूपेंद्र पटेल को मुख्यमंत्री बनाया गया। वहीं, असम में भी चुनाव के बाद इस बार सर्वानंद सोनोवाल को मुख्यमंत्री ना बनाकर हेमंत बिस्व सरमा को मुख्यमंत्री बनाया गया।