मामा मैजिक करत हैं… लो अब शिवराज भी 500 रुपए में देंगे गैस सिलेंडर, बीजेपी ने निकाली कांग्रेस की सियासी चाल की काट

author-image
Harish Divekar
एडिट
New Update
मामा मैजिक करत हैं… लो अब शिवराज भी 500 रुपए में देंगे गैस सिलेंडर, बीजेपी ने निकाली कांग्रेस की सियासी चाल की काट

हरीश दिवेकर





भोपाल. इस खबर को पढ़ते हुए रामानंद सागर की ‘रामायण‘ का श्रीराम- रावण के बीच हुए युद्ध का सीन याद कीजिए जरा...कर लिया न। हां कुछ- कुछ वैसा ही तो हो रहा है मध्यप्रदेश में। बस वो धर्म का युद्ध था और यहां सत्ता का द्वंद्व है। कभी मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान सियासी बाण चलाते हैं तो कभी प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ अपने तीर मारते हैं। अब सीएम शिवराज मानो अपना ‘ब्रह्मास्त्र‘ चलाने जा रहे हैं। क्या होगा इसका फायदा...। आईए जानते हैं पूरा मामला...।





ये कहानी शुरू हुई थी आज से चार माह पहले यानी 20 मार्च 2023 को नरसिंहपुर से। यहां प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने मास्टर स्ट्रोक चलते हुए सत्ता में आने पर 500 रुपए में गैस सिलेंडर देने का ऐलान किया तो भाजपा नेताओं की सांसें फूल गईं। भोपाल से दिल्ली तक सनाका सा खिंच गया। 





भाजपा ने इसकी काट निकाली। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अपने तरकश से ‘लाड़ली बहना योजना‘ का तीर चला। महिलाओं को हर माह एक हजार रुपए देने का ऐलान किया। यह सुनते ही कांग्रेस भी कहां रुकने वाली थी। कमलनाथ ने वादा किया कि कांग्रेस सत्ता में आई तो महिलाओं को 1500 रुपए दिए जाएंगे। 





इसके बाद ​अपने ऐलान के मुताबिक सीएम शिवराज ने सवा करोड़ से अधिक महिलाओं को 10 जून को एक हजार रुपए की पहली किस्त खाते में डाल दी। इसी दिन उन्होंने मंच से ऐलान किया कि धीरे- धीरे कर महिलाओं की राशि बढ़ाते जाएंगे और इसे 3 हजार रुपए माह तक लेकर जाएंगे।





इससे पहले 20 मई को सीएम शिवराज ने भाजपा कार्यसमिति की बैठक में कहा था कि कर्नाटक- फर्नाटक क्या है, ये मध्यप्रदेश है। यहां धूमधाम से जीत का रिकाॅर्ड बनाएंगे। कांग्रेस कहीं से भी हमारा मुकाबला नहीं कर सकती, मेरे तरकश में अभी बहुत से तीर हैं। 



जी हां, अब वे इसी तरकश में से फिर एक ‘ब्रह्मास्त्र‘ निकालने जा रहे हैं… 









जी हां! भाजपा सरकार भी अब मध्यप्रदेश की जनता को 500 रुपए में घरेलू गैस सिलेंडर देने जा रही है। सीएम शिवराज रक्षाबंधन पर इसका ऐलान कर सकते हैं। अफसरशाही के स्तर पर इसकी व्यापक पैमाने पर तैयारियां की जा रही हैं। खाद्य विभाग में तैयारियां अंतिम चरण में हैं। पोर्टल बन चुका है। बता दें, मध्यप्रदेश में अभी घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत 1108 रुपए है। जब आपको सरकार 500 रुपए में सिलेंडर देगी तो बाकी के 608 रुपए सब्सिडी के तौर पर उपभोक्ताओं के खाते में जमा होंगे।  







इन सवाल और जवाबों में समझिए कैसे मिलेगा सस्ता सिलेंडर 





1. कैसे पता चलेगा कि मैं 500 रुपए वाले सिलेंडर के लिए पात्र हूं? 



जवाबः सरकार के स्तर पर अभी गाइडलाइन बनाई जा रही है। उम्मीद जताई जा रही है कि जो महिलाएं ‘लाड़ली बहना योजना‘ में पात्र हैं, उनके परिवार को 500 रुपए में सिलेंडर मिलेगा। 





2. पात्रता क्या होगी?



जवाबः सूत्रों के अनुसार, रियायत वाला सिलेंडर पाने के लिए आपको मध्यप्रदेश का मूल निवासी होना जरूरी होगा। 





3. डॉक्यूमेंट क्या- क्या लगेंगे?



जवाबः उपभोक्ता को समग्र आईडी में रजिस्ट्रेशन करवाना अनिवार्य होगा। समग्र आईडी में KYC करवानी होगी, जिससे हितग्राही का खाता आधार लिंक करवाना होगा। 





4. सब्सिडी के तौर पर राशि मिलेगी या 500 रुपए में ही सिलेंडर आएगा? 



जवाबः सीधे खाते में राशि आएगी। जिसके नाम पर गैस कनेक्शन होगा, सब्सिडी की राशि सरकार सीधे उसके खाते में भेजेगी। उपभोक्ता को रसोई गैस सिलेंडर लेते समय पूरा पैसा देना होगा, बाद में सरकार उनके खाते में 500 रुपए से ऊपर की राशि जमा करवा देगी। 





5. E- KYC कैसे होगी? 



जवाबः लोग अपने पास की किसी भी राशन की दुकान, एमपी ऑनलाइन सेंटर, सीएससी कियोस्क में जाकर अपनी समग्र ई- केवाईसी करवा सकेंगे।





मोदी की हरी झंडी के बाद होगा ऐलान



500 रुपए में गैस सिलेंडर देने की इस घोषणा का ऐलान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की हरी झंडी मिलने के बाद ही किया जाएगा। बहुत संभव है कि किसी बड़ी सभा में खुद पीएम ही इसका खुलासा करें। 



 





सियासत का मिजाज क्या कहता है...







  • कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी की ग्वालियर की सभा में दिए गए भाषण से ये तो साफ हो गया है कि इस बार कांग्रेस प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अथवा राष्ट्रवाद के बजाय महंगाई पर फोकस करने वाली है। 



  • कांग्रेस के 500 रुपए में सिलेंडर देने के बयान पर केंद्रीय मंत्री रामेश्वर तेली ने रविवार को कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा था कि इस कीमत पर ‘कागज का सिलेंडर‘ भी उपलब्ध नहीं कराया जा सकता है। वे खरगोन में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। 


  • कांग्रेस के नेता लगातार अपनी रैली, सभाओं में जनता को महंगाई के बारे में बता रहे हैं। कांग्रेस के सभी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी यह जोर- शोर से प्रचारित किया जा रहा है कि पार्टी की सरकार बनी तो 500 रुपए में सिलेंडर उपलब्ध कराया जाएगा। 












  • सीएम लगातार कर रहे घोषणाएं



    चुनाव के मद्देनजर ​सीएम शिवराज हर दिन अपनी सभाओं में नए- नए ऐलान कर रहे हैं। ‘मुख्यमंत्री लाड़ली बहना‘ योजना की पात्रता उन्होंने बढ़ा दी है। अब 21 से 23 वर्ष की वे बहनें भी योजना में पात्र होंगी, जिनके घर में ट्रैक्टर भी है। 




     





    मप्र विधानसभा चुनाव 2023 MP Assembly Election 2023 मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान Chief Minister Shivraj Singh Chouhan gas cylinder for 500 rupees gas cylinder concession on raksha bandhan Master stroke of Chief Minister Shivraj Singh Chouhan 500 रुपए में गैस सिलेंडर रक्षाबंधन पर गैस सिलेंडर में रियायत मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का मास्टर स्ट्रोक