द सूत्र के सर्वे में छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की बीजेपी पर बढ़त बरकरार, कांग्रेस 35 और बीजेपी 10 सीट पर मजबूत

author-image
Sunil Shukla
एडिट
New Update
द सूत्र के सर्वे में छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की बीजेपी पर बढ़त बरकरार, कांग्रेस 35 और बीजेपी 10 सीट पर मजबूत

RAIPUR. छत्तीसगढ़ में यदि अभी विधानसभा चुनाव हों तो सत्ताधारी कांग्रेस मौजूदा 71 विधानसभा सीट में से 35 पर मजबूत स्थिति में है और 36 सीट पर कमजोर है। दूसरी ओर बीजेपी मौजूदा 14 सीट में से 10 पर मजबूत स्थिति में है और 4 सीटों पर उसकी स्थिति कमजोर है। यानी प्रदेश में सत्ताधारी कांग्रेस की मुख्य विपक्ष बीजेपी पर बढ़त बरकरार है। ये नतीजे प्रदेश के सबसे बड़े, निष्पक्ष और विश्वसनीय डिजिटल मीडिया हाउस द सूत्र के चुनावी सर्वे #MOOD OF MP-CG 2022 में सामने आए हैं।





सर्वे का मकसद आम जनता का मूड भांपना





बता दें कि द सूत्र ने पूरे प्रदेश में किए गए ऑफलाइन और ऑनलाइन सर्वे ये जानने के लिए किया था कि यदि प्रदेश में अभी विधानसभा चुनाव हों और पार्टियां पिछले चुनाव (2018) के प्रत्याशियों को ही मैदान में उतारें तो नतीजे क्या होंगे। हालांकि प्रदेश में विधानसभा चुनाव में अभी करीब एक साल का समय बाकी है। इस लिहाज से द सूत्र के सर्वे का मकसद सिर्फ और सिर्फ आम मतदाताओं का मूड भांपना है न कि कोई एग्जिट पोल या राजनीतिक भविष्यवाणी करना।





CG में बसपा 2 सीट पर मजबूत, छजका हुई कमजोर





publive-image





चुनावी सर्वे में सामने आए नजीतों में बहुजन समाज पार्टी मौजूदा दोनों सीट पर मजबूत स्थिति में है जबकि जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (छजका) मौजूदा दोनों सीटों पर कमजोर है। एक सीट पर निर्दलीय की स्थिति मजबूत है। बता दें कि छत्तीसगढ़ में विधानसभा की 90 सीट में अभी कांग्रेस-71, बीजेपी-14, बहुजन समाज पार्टी (बसपा)-2, जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ जोगी (जेसीसीजे)-2 और निर्दलीय एक सीट पर काबिज है।





छत्तीसगढ़ उत्तर में कांग्रेस 10 सीट पर मजबूत, 12 पर कमजोर





publive-image





छत्तीसगढ़ के उत्तरी इलाके में विधानसभा की 23 सीटें आती हैं। इनमें कांग्रेस के खाते में अभी 22 और बीजेपी के पास सिर्फ एक सीट है। इस इलाके में कांग्रेस मौजूदा 22 सीटों में से 10 पर मजबूत और 12 सीट पर कमजोर है। दूसरी ओर बीजेपी मौजूदा एक सीट पर भी कमजोर नजर आ रही है। कुल मिलाकर राज्य के इस इलाके में कांग्रेस अभी बीजेपी से आगे है। बीजेपी की हालत में कोई सुधार होते नहीं दिख रहा है।





छत्तीसगढ़ मध्य में कांग्रेस 20, बीजेपी 10 सीट पर मजबूत





publive-image





छत्तीसगढ़ मध्य में विधानसभा की 55 सीटें आती हैं। इनमें वर्तमान में कांग्रेस 37 सीट पर काबिज है, जबकि बीजेपी के खाते में 13 सीट हैं। 2 सीट बसपा के खाते में हैं और 2 सीट पर जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जोगी) और 1 सीट पर निर्दलीय का कब्जा है। इस क्षेत्र में कांग्रेस मौजूदा 37 सीटों में से 20 पर मजबूत और 17 सीट पर कमजोर है। दूसरी ओर बीजेपी मौजूदा 13 सीट में से 10 पर मजबूत और 3 सीट पर कमजोर स्थिति में है। बहुजन समाज पार्टी मौजूदा दोनों सीटों पर मजबूत स्थिति में है, जबकि जेसीसी (जे) मौजूदा दोनों सीट पर कमजोर नजर आ रही है। एक सीट पर निर्दलीय मजबूत स्थिति में है।





छत्तीसगढ़ दक्षिण में कांग्रेस 5 सीट पर मजबूत, 7 पर कमजोर





publive-image





छत्तीसगढ़ के दक्षिणी इलाके में विधानसभा की 12 सीटें आती हैं। इनमें वर्तमान में सभी 12 सीट पर कांग्रेस काबिज है। चुनावी सर्वे में कांग्रेस मौजूदा 12 सीट में से 5 पर मजबूत और 7 पर कमजोर स्थिति में है। राज्य के इस इलाके में बीजेपी की स्थिति में कोई सुधार होता नजर नहीं आ रहा है।





द सूत्र ने क्यों और कैसे किया सर्वे





द सूत्र ने चुनावी सर्वे की शुरुआत 28 नवंबर से की और 12 दिसंबर को सर्वे के नतीजे जारी किए। वो इसलिए कि 2018 में हुए विधानसभा चुनाव में प्रदेश की जनता ने इसी दिन यानी (28 नवंबर 2018) को अगले 5 साल के लिए अपना जनादेश ईवीएम में कैद किया था। इसके बाद 12 दिसंबर 2018 को चुनाव नतीजों के रूप में जनता का जनादेश सामने आया था। इस लिहाज से विधानसभा और विधायकों के कार्यकाल के 4 साल पूरे हो चुके हैं। अब अगले चुनाव के लिए करीब एक साल का समय ही बचा है। इस लिहाज से द सूत्र ने सर्वे के जरिए जानने की कोशिश की कि आखिरकार चुनाव से एक साल पहले प्रदेश में वोटर्स का मूड क्या है।





30 सीटों पर ग्राउंड रिपोर्टिंग से जाना जनता का मिजाज





सर्वे के लिए द सूत्र ने 2 तरीके से जनता की नब्ज को टटोली। पहली-ग्राउंड रिपोर्ट के जरिए और दूसरी-ऑनलाइन वोटिंग के जरिए। ग्राउंड रिपोर्ट के लिए द सूत्र की रिपोर्टिंग टीम उन 30 विधानसभा क्षेत्रों में पहुंची जो सिसायत के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण हैं। इनमें टीम ने चुनावी चौपाल में स्थानीय जनता की नब्ज टटोलने के साथ ही  प्रमुख राजनीतिक दलों के स्थानीय नेताओं से ये जानने की कोशिश की कि आखिरकार 2018 में विधायक ने जो वादे किए वो कितने पूरे हुए। ये भी जानने का प्रयास किया कि यदि अभी चुनाव हो तो मौजूदा विधायक के काम से लोग कितने संतुष्ट हैं।





मध्यप्रदेश का सर्वे भी पढ़िए.. द सूत्र के चुनावी सर्वे में कांग्रेस को BJP से थोड़ी बढ़त; मध्य-मालवांचल में कांग्रेस से आगे बीजेपी; ग्वालियर-चंबल में पिछड़ी





जनता से ऑनलाइन वोटिंग भी कराई गई





मध्यप्रदेश के आम मतदाताओं का मूड जानने के दूसरे तरीके में ऑनलाइन वोटिंग कराई गई। इसमें ये जानने का प्रयास किया गया कि यदि अभी चुनाव हुए तो मौजूदा कितने विधायक जीतेंगे। ऑनलाइन सर्वे में लोगों से 3 सवाल पूछे गए। पहला सवाल-आज चुनाव हुए तो कौन जीतेगा। दूसरा सवाल था कि वे मुख्यमंत्री के रूप में किसे पसंद करते हैं। इसमें विकल्प के रूप में 2 नाम दिए गए। एक अन्य विकल्प के रूप में जनता को भी अपनी ओर से नाम सुझाने का मौका दिया गया। तीसरे सवाल में जनता को अपने विधायक से सवाल पूछने का मौका दिया गया।



CG Assembly Election 2023 छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की बीजेपी पर बढ़त बरकरार द सूत्र का चुनावी सर्वे छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव 2023 मूड ऑफ एमपी-सीजी 2022 Congress maintains lead over BJP in cg The Sootr election survey MOOD OF MP-CG 2022 CG News