कर्नाटक के नतीजों के बाद बंगाल की सीएम ममता के बदले सुर, कांग्रेस को समर्थन देने के लिए तैयार, रखी ये शर्त

author-image
The Sootr
एडिट
New Update
कर्नाटक के नतीजों के बाद बंगाल की सीएम ममता के बदले सुर, कांग्रेस को समर्थन देने के लिए तैयार, रखी ये शर्त

नई दिल्ली। कर्नाटक में आए कांग्रेस के पक्ष के चुनावी परिणाम के बाद कांग्रेस के लिए मानो राजनीतिक माहौल बदल सा गया है। हाशिए पर पड़ी कांग्रेस को एक चुनाव से जैसे नई संजीवनी मिल गई है। इसके साथ ही बदल गए हैं उन बड़े नेताओं सुर जो कल तक कांग्रेस से दूरी बनाने के बहाने ढूंढा करते थे। ऐसे ही बदले सुर में पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का बयान आया है। ममता ने 2024 चुनावों के मद्देनजर कांग्रेस को समर्थन देने की बात कही है, हालांकि इसके बदले में उन्होंने एक अहम शर्त भी रख दी है। आपको बता दें कि यह पहली बार है जब ममता ने विपक्षी एकता की संभावित रणनीत को लेकर तृणमूल कांग्रेस का स्टैंड पूरी साफ किया है।



'जहां कांग्रेस मजबूत है वहां हम उनके साथ'



ममता बनर्जी पश्चिम बंगाल सचिवालय में पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा कि कांग्रेस जहां भी मजबूत है, उन्हें लड़ना चाहिए। हम उन्हें समर्थन करेंगे और इसमें कुछ भी गलत नहीं है। हालांकि ममता ने यह भी कहा कि कांग्रेस को भी अन्य दलों का समर्थन करना चाहिए। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ने इस बात की भी उम्मीद जताई कि सीट शेयरिंग फॉर्मूला में स्थानीय दलों को वहां पर प्राथमिकता दी जाएगी, जहां वो मजबूत हैं। 



पहले की आलोचना, नतीजों के बाद समर्थन



इससे पहले तृणमूल सुप्रीमो ममता बनर्जी ने कर्नाटक में बीजेपी के सत्ता गंवाने के बाद वहां के लोगों को सलाम किया था। साथ ही देश की सबसे पुरानी पार्टी का जिक्र करने से परहेज किया था जिसके साथ तृणमूल का अतीत में टकराव रहा है। आपको बता दें कि कुछ वक्त पहले ममता बनर्जी ने यहां तक कह डाला था कि अगर राहुल गांधी कांग्रेस का नेतृत्व करते रहेंगे तो बीजेपी इसी तरह से जीत हासिल करती रहेगी। इसके बाद कांग्रेस की तरफ से भी ममता बनर्जी की खूब आलोचना की गई थी। 



विपक्ष को मिली नई संजीवनी



कांग्रेस की जीत के बाद विपक्ष को अचानक जैसे नई संजीवनी मिल गई हो। एक तरफ ममता बनर्जी के सुर बदल गए हैं, वहीं महाराष्ट्र में कांग्रेस के सहयोगी दलों ने भी इसको लेकर उत्साह जताया है। एनसीपी चीफ शरद पवार से लेकर शिवसेना सांसद संजय राउत ने भी कांग्रेस की जीत को विपक्ष की सामूहिक जीत बताया है। अब देखना यह है कि कर्नाटक की इस जीत के दम पर कांग्रेस क्या आगामी विधानसभा चुनावों और लोकसभा चुनाव के लिए विपक्ष का मुख्य चेहरा बनने की अपनी दिली तमन्ना पूरी कर सकेगी।


प्रियंका और राहुल गांधी कांग्रेस के लिए ममता तैयार कर्नाटक विधानसभा चुनाव पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी Priyanka and Rahul Gandhi Mamta ready for Congress Karnataka assembly elections West Bengal CM Mamata Banerjee Lok Sabha Elections 2024 लोकसभा चुनाव 2024