टीम इंडिया में गड़बड़!: रोहित को उपकप्तानी से हटाना चाहते थे कोहली, सिलेक्टर्स से बात की

author-image
एडिट
New Update
टीम इंडिया में गड़बड़!: रोहित को उपकप्तानी से हटाना चाहते थे कोहली, सिलेक्टर्स से बात की

मुंबई. विराट कोहली ने टी-20 फॉर्मेट में टीम इंडिया की कप्तानी से इस्तीफा दे दिया। वे टी-20 वर्ल्ड कप के बाद अपने पद से हट जाएंगे। इस्तीफे के बाद अब एक और बड़ी खबर आई। न्यूज एजेंसी के मुताबिक, विराट, रोहित को उपकप्तानी के पद से हटाना चाहते थे। इसको लेकर वे चयनकर्ताओं (Selectors) के पास भी गए थे। विराट ने सिलेक्टर्स को रोहित की उम्र का हवाला दिया था। उन्होंने कहा था कि रोहित अब 34 साल के हो गए हैं। ऐसे में उपकप्तानी नए खिलाड़ियों को सौंपी जानी चाहिए।

विराट ने इन खिलाड़ियों का नाम आगे किया

विराट ने वनडे में उपकप्तानी राहुल और टी-20 में पंत को सौंपने की बात कही थी। हालांकि, बीसीसीआई (BCCI) को उनका यह प्रस्ताव पसंद नहीं आया था। बोर्ड का मानना था कि विराट अपना उत्तराधिकारी नहीं चाहते। हालांकि, पिछले साल नवंबर में आईपीएल के दौरान रोहित के चोटिल होने के बाद राहुल को सीमित ओवरों के क्रिकेट का उपकप्तान जरूर बनाया गया था।

विराट-रोहित में पहले भी कई विवाद हुए

विराट और रोहित के बीच बीते सालों में कई बार विवाद की बातें सामने आई हैं। 2019 वर्ल्ड कप से पहले और इसके दौरान भी ऐसी खबरें आई थीं कि विराट और रोहित एकदूसरे से बातचीत नहीं करते। हालांकि, कोच रवि शास्त्री ने इसका खंडन किया था और ऐसी किसी भी बात से इनकार कर दिया था। 

ऑस्ट्रेलिया दौरे पर हुआ था विवाद

रोहित के विराट को सोशल मीडिया पर अनफॉलो करने की बात भी सामने आई थी। ऑस्ट्रेलिया दौरे पर रोहित के टीम के साथ रवाना नहीं होने पर भी विराट ने उनके खिलाफ बयानबाजी की थी। विराट ने कहा था कि रोहित सीनियर क्रिकेटर हैं। जब बाकी खिलाड़ी हमारे साथ ऑस्ट्रेलिया दौरे पर जा रहे, तो रोहित क्यों नहीं आ सकते। उस वक्त भी विराट और रोहित में विवाद की बातें सामने आई थीं। ऐसा कहा जा रहा था कि विराट रोहित को टीम में नहीं रखना चाहते। हालांकि, रोहित ने तीसरे टेस्ट से टीम में वापसी की और अपनी शानदार पारियों से सारे फैंस का मन मोह लिया था।

कोहली को यंगस्टर्स पर भरोसा नहीं

न्यूज एजेंसी ने यह भी बताया कि टीम इंडिया में सभी खिलाड़ी विराट को समर्थन नहीं करते हैं। इसमें ज्यादातर जूनियर खिलाड़ी शामिल हैं। वे जूनियर खिलाड़ियों का बीच में ही साथ छोड़ देते हैं। एक पूर्व क्रिकेटर ने कहा कि संवाद को लेकर विराट के साथ समस्याएं हैं। 

उन्होंने कहा कि पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी हमेशा जूनियर खिलाड़ियों की मदद के लिए तत्पर रहते थे। उनका कमरा 24 घंटे खुला रहता था। वे किसी की भी मदद करते थे। पर विराट के साथ ऐसा नहीं है। मैदान से बाहर विराट से संपर्क कर पाना मुश्किल है। 

रोहित-विराट में मतभेद वाइस कैप्टन टीम इंडिया रोहित-विराट के बीच मनमुटाव rohit sharma टीम इंडिया में मतभेद virat kohli Vice Captain Wanted remove Team India The Sootr कैप्टन